- Hindi News
- National
- Dainik Bhaskar News Headlines; Chandrayaan 3 Lander Pragyan Rover | Modi Xi Jinping Meeting
14 मिनट पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर
- कॉपी लिंक
नमस्कार,
कल की बड़ी खबर चंद्रयान-3 की रही। इसने लैंडिंग से ठीक पहले का वीडियो भेजा है। एक खबर प्रधानमंत्री मोदी और चीनी राष्ट्रपति जिनपिंग की मुलाकात से जुड़ी रही। दोनों लीडर्स LAC (लाइन ऑफ एक्चुअल कंट्रोल) पर तनाव कम करना चाहते हैं।
लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…
- PM मोदी ग्रीस के दौरे पर जाएंगे। 40 साल बाद कोई भारतीय PM वहां जा रहे हैं। इससे पहले 1983 में इंदिरा गांधी गईं थीं।
- लालू यादव की जमानत रद्द करने की मांग वाली CBI की याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। अगर चारा घोटाला केस में जमानत रद्द हुई तो लालू जेल जा सकते हैं।
- कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी हिमाचल दौरे पर जा सकती हैं। अगर कार्यक्रम में बदलाव नहीं हुआ तो वे आज सोलन के रामलोक मंदिर जाएंगी।
अब कल की बड़ी खबरें…
1. चंद्रयान-3 ने लैंडिंग से पहले का वीडियो भेजा, PM मोदी कल इसरो वैज्ञानिकों से मिलेंगे
इसरो ने चंद्रयान की लैंडिंग से ठीक पहले का वीडियो शेयर किया। 2 मिनट 17 सेकेंड के वीडियो में चांद की सतह पर शुरुआत में लहरों जैसा नजारा दिखा, पास पहुंचते ही गड्ढे नजर आए। इसके बाद प्रज्ञान रोवर ने चंद्रमा की सतह पर घूमना शुरू कर दिया। PM मोदी इसरो के वैज्ञानिकों से मिलने और उन्हें बधाई देने कल बेंगलुरु जाएंगे।
ये खबर अहम क्यों है: प्रज्ञान रोवर अगले 11 दिनों में करीब आधा किलोमीटर का सफर तय करेगा। इसमें दो पेलोड लगे हैं, जो पानी और अन्य कीमती धातुओं की खोज में मदद करेंगे। रोवर डेटा जमा करेगा और इसे लैंडर को भेजेगा। लैंडर इस डेटा को पृथ्वी तक पहुंचाएगा। डेटा पहुंचाने में चंद्रयान-2 के ऑर्बिटर की भी मदद ली जाएगी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
2. पुष्पा फिल्म के लिए अल्लू अर्जुन बेस्ट एक्टर को नेशनल अवॉर्ड, आलिया-कृति बेस्ट एक्ट्रेस
सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने 69वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स का ऐलान किया। अल्लू अर्जुन को पुष्पा फिल्म के लिए बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड मिला है। ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ के लिए आलिया भट्ट और ‘मिमी’ के लिए कृति सेनन को बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला। आर माधवन की ‘रॉकेट्री- द नंबी इफेक्ट’ को बेस्ट फिल्म का अवॉर्ड मिला है। ‘मिमी’ के लिए पंकज त्रिपाठी को बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का अवॉर्ड मिला।
ये खबर अहम क्यों है: अल्लू अर्जुन बेस्ट एक्टर का अवॉर्ड पाने वाले पहले तेलुगु एक्टर हैं। वहीं आलिया और कृति को भी पहली बार नेशनल अवॉर्ड मिला है। फिल्म RRR को सबसे ज्यादा 7 अवॉर्ड मिले। गंगूबाई काठियावाड़ी और सरदार उधम को पांच अलग-अलग कैटेगरी में 5 अवॉर्ड मिले। नेशनल फिल्म अवॉर्ड देश का सबसे प्रतिष्ठित फिल्म पुरस्कार है, जो 1954 में शुरू हुआ था।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
3. मोदी-जिनपिंग की मुलाकात, फॉरेन सेक्रेटरी बोले- दोनों नेता लद्दाख में तनाव कम करने पर सहमत
ब्रिक्स समिट के आखिरी दिन प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले मोदी-जिनपिंग ने हाथ मिलाया और बात की।
साउथ अफ्रीका में 15वीं ब्रिक्स समिट के आखिरी दिन PM मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने मुलाकात की। ये मुलाकात 9 महीने बाद हुई है। फॉरेन सेक्रेटरी विनय क्वात्रा ने बताया कि मोदी और जिनपिंग लद्दाख में सैन्य तैनाती और तनाव कम करने पर सहमत हुए हैं। उधर, ब्रिक्स संगठन से जुड़ने के लिए 6 देशों को इनवाइट किया गया है। इनमें अर्जेंटीना, सऊदी अरब, UAE, मिस्र, इथियोपिया और ईरान शामिल हैं।
ये खबर अहम क्यों है: 2020 के अप्रैल-मई में चीन ने ईस्टर्न लद्दाख के सीमावर्ती इलाकों में एक्सरसाइज के बहाने सैनिकों को जमा किया था। इसके बाद कई जगह पर घुसपैठ की घटनाएं हुई थीं। भारत सरकार ने भी यहां सैनिकों की तैनात की। हालात इतने खराब हो गए कि 4 दशक से ज्यादा वक्त बाद LAC पर गोलियां चलीं। इसी दौरान 15 जून को गलवान घाटी में चीनी सेना के साथ हुई झड़प में 20 भारतीय सैनिक शहीद हो गए थे।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
4. UWW ने भारतीय कुश्ती संघ की सदस्यता रद्द की, फेडरेशन के चुनाव न कराने पर एक्शन
UWW यानी यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग ने भारतीय कुश्ती संघ की सदस्यता रद्द कर दी है। दरअसल, UWW ने कुश्ती संघ से कहा था कि अगर 15 जुलाई तक फेडरेशन के चुनाव नहीं हुए तो मेंबरशिप सस्पेंड कर दी जाएगी। इस फैसले के बाद भारतीय पहलवान अब 16 से 22 सितंबर के बीच सर्बिया में होने वाली मेंस वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में भारतीय झंडे के तले नहीं खेल पाएंगे।
ये खबर अहम क्यों है: अब भारतीय पहलवानों को UWW के बैनर तले खेलना होगा। इन्हें ‘ऑथोराइज्ड न्यूट्रल एथलीट’ (ANA) की कैटेगरी में गिना जाएगा। ‘न्यूट्रल एथलीट’ के तौर हिस्सा लेने वाले खिलाड़ी अगर मेडल जीतते हैं तो इसे उनके देश के मेडल्स में भी काउंट नहीं किया जाता। मेडल जीतने की सूरत में होने वाली अवॉर्ड सेरेमनी में उनके देश का राष्ट्रगान भी नहीं बजाया जाता।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
5. हिमाचल के कुल्लू में लैंडस्लाइड, 30 सेकेंड में 7 इमारतें गिरीं; राज्य की 400 सड़कें ब्लॉक
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में लैंडस्लाइड होने से 30 सेकेंड के अंदर 7 इमारतें गिर गईं। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। प्रशासन ने इन इमारतों को 3 दिन पहले ही खाली करवा लिया था। भारी बारिश के चलते कुल्लू-मनाली हाईवे बंद किया गया है। राज्य की 400 सड़कें ब्लॉक हैं।
ये खबर अहम क्यों है: 24 अगस्त तक देश में 605 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन 650 मिमी हुई है। ये सामान्य से 7% ज्यादा है। उत्तर-पश्चिम भारत में सामान्य से 8% अधिक बारिश हुई है। आज हिमाचल, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 14 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
6. MP सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार टला, दो नाम तय; अन्य दो मंत्रियों के नाम पर नहीं बन सकी सहमति
मध्यप्रदेश सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार फिलहाल टल गया है। CM हाउस में बुधवार देर रात हुई बैठक में रीवा विधायक राजेंद्र शुक्ला और बालाघाट विधायक गौरीशंकर बिसेन को मंत्रिमंडल में शामिल करने पर सहमति बन गई। बाकी के दो विधायकों के नाम पर राय नहीं बन सकी।
ये खबर अहम क्यों है: इस समय प्रदेश में CM समेत 30 मंत्री हैं, वहीं कुल मंत्री पद 35 हैं। हालांकि, नए मंत्रियों को कामकाज का सिर्फ डेढ़ महीने का ही वक्त मिलेगा। BJP इस विस्तार के जरिए विधानसभा चुनाव से पहले जातिगत समीकरण और क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश में है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
7. चेस वर्ल्ड कप का फाइनल हारे प्रगनानंदा, वर्ल्ड चैंपियन मैग्नस कार्लसन ने टाईब्रेकर में हराया
भारत के युवा चेस खिलाड़ी रमेशबाबू प्रगनानंदा का FIDE वर्ल्ड कप जीतने का सपना टूट गया। उन्हें 5 बार के वर्ल्ड चैंपियनशिप विनर मैग्नस कार्लसन ने फाइनल के टाईब्रेकर में 1.5-0.5 से हरा दिया। कार्लसन ने पहली बार वर्ल्ड कप जीता है। वहीं, प्रगनानंदा वर्ल्ड कप के उपविजेता बने हैं।
ये खबर अहम क्यों है: प्रगनानंदा अगर यह मुकाबला जीत जाते तो 21 साल बाद कोई भारतीय यह टाइटल जीतता। इससे पहले विश्वनाथन आनंद ने 2002 में इस चैंपियनशिप में जीत हासिल की थी। तब प्रगनानंदा पैदा भी नहीं हुए थे। हालांकि, 18 साल के प्रगनानंदा वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई करने वाले तीसरे सबसे युवा और दूसरे भारतीय हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
8. राजस्थान में लगने वाली सबसे बड़ी घंटी पर विवाद, कास्टिंग इंजीनियर ने कहा- इसे सांचे से नहीं निकालूंगा
राजस्थान के कोटा में रिवर फ्रंट पर लगने वाली दुनिया की सबसे बड़ी घंटी को लेकर विवाद हो गया है। इसके कास्टिंग इंजीनियर देवेंद्र आर्य ने कॉन्ट्रैक्टर पर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि इसे बनाने का श्रेय डिजाइनर को दे दिया गया और डेढ़ करोड़ रुपए का पेमेंट भी अटका दिया गया है। आर्य ने कहा कि जब तक पेमेंट नहीं मिलता, इस घंटी को सांचे से बाहर ही नहीं निकालूंगा।
ये खबर अहम क्यों है: इंजीनियर का कहना है कि उनके अलावा कोई और व्यक्ति घंटी को सांचे से बाहर निकालने में सक्षम नहीं है। बिना जोड़ वाली 79 हजार किलो वजनी घंटी को 13 धातुओं काे पिघलाकर बनाया गया है। कास्टिंग इंजीनियर का दावा है कि घंटी से ओम की आवाज निकलेगी, जो 8 किमी तक सुनाई देगी। 19 करोड़ रुपए की लागत से बनी ये घंटी 5000 साल तक चलेगी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…
9. वैगनर चीफ की मौत पर पहली बार बोले पुतिन, कहा- वो टैलेंटेड थे, कुछ गलतियां जरूर की थीं
फुटेज प्रिगोजिन के प्लेन क्रैश का है, प्लेन मॉस्को से सेंट पीटर्सबर्ग जा रहा था। (सोर्स- न्यूयॉर्क टाइम्स)
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने जून में अपने खिलाफ बगावत करने वाले वैगनर ग्रुप के चीफ येवगेनी प्रिगोजिन की मौत पर अफसोस जताया है। रूसी राष्ट्रपति ने कहा- प्रिगोजिन टैलेंटेड शख्स थे। मुझे उनकी क्रैश में मौत का अफसोस है। हां, ये जरूर है कि उन्होंने कुछ गलतियां की थीं।
ये खबर अहम क्यों है: प्रिगोजिन की बुधवार देर रात एक प्लेन क्रैश में मौत हो गई थी। उन्होंने पुतिन के खिलाफ बगावत की थी। इसके बाद वो कथित तौर पर बेलारूस चले गए थे। अमेरिका, यूक्रेन और पोलैंड का कहना है कि प्रिगोजिन की मौत के पीछे पुतिन का हाथ है। पूरी खबर यहां पढ़ें…
आज का कार्टून By मंसूर नकवी…
कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…
- IPC-CrPC और एविडेंस एक्ट को बदलने वाले बिलों पर चर्चा: DMK सांसद ने हिंदी नामों का विरोध किया; कहा- स्टेकहोल्डर्स से बातचीत करनी चाहिए (पढ़ें पूरी खबर)
- दिल्ली हाईकोर्ट बोला- सभी वर्किंग वीमन मेटरनिटी लीव की हकदार: जॉब परमानेंट हो या कॉन्ट्रैक्ट पर, इससे फर्क नहीं पड़ता; संविदा कर्मी को राहत दी (पढ़ें पूरी खबर)
- राहुल गांधी तुगलक लेन वाले बंगले में नहीं रहना चाहते: लोकसभा हाउसिंग कमेटी की दी हुई 15 दिन की डेडलाइन खत्म; दूसरा घर तलाश रहे (पढ़ें पूरी खबर)
- बालासोर हादसे की वजह बिना अप्रूवल पटरी रिपेयरिंग: CBI ने कहा- सर्किट डायग्राम भी पास नहीं कराया था; 296 लोगों की मौत हुई थी (पढ़ें पूरी खबर)
- रिहाई के बाद वकालत कर रहा बिलकिस गैंगरेप का दोषी: सुप्रीम कोर्ट ने वकील से पूछा- ये कैसे हुआ, दोषी तो वह अब भी है (पढ़ें पूरी खबर)
- कमलनाथ के गढ़ में CM का ऐलान, पांढुर्णा होगा जिला: शिवराज बोले- छिंदवाड़ा में महाविद्यालय, ऑडिटोरियम बनाएंगे (पढ़ें पूरी खबर)
- जापान ने समुद्र में रेडियोएक्टिव पानी छोड़ना शुरू किया: 133 करोड़ लीटर पानी अगले 30 साल रिलीज होगा; इससे क्यों डरे चीन-साउथ कोरिया के लोग (पढ़ें पूरी खबर)
अब खबर हटके…
अवतार टेक्नोलॉजी से बोलने लगी पैरालाइज्ड महिला
अब मेडिकल साइंस में AI अवतार टेक्नोलॉजी की एंट्री हो गई है। जिसकी मदद से कैलिफोर्निया में एक पैरालाइज्ड महिला बोलने लगी। इसके लिए दिमाग के एक खास हिस्से में छोटे इलेक्ट्रोड इंप्लांट किए गए। इनसे ब्रेन में होने वाली इलेक्ट्रिकल एक्टिविटी का पता लगा। इसके बाद स्पीच और फेस एक्सप्रेशन्स को कंट्रोल करने वाले सिगनल्स को डिजिटल अवतार में बदल दिया गया। पढ़ें पूरी खबर…
भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…
आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…