मऊ33 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
स्याही फेंकने के आरोपी अभिमन्यु यादव ने खुद थाने पहुंचकर सरेंडर किया। दूसरी फोटो में वह अखिलेश यादव से हाथ मिलाते हुए नजर आ रहे हैं।
मऊ में भाजपा नेता दारा सिंह चौहान पर स्याही फेंकने वाले युवक ने नाटकीय अंदाज में सरेंडर कर दिया है। आरोपी युवक ने अपना नाम अभिमन्यु यादव बताया है। सोमवार सुबह 8.45 बजे आरोपी पैदल चलता हुआ कोपागंज थाने पहुंचा। कुछ कैमरामैन भी उसके साथ थे। वहां थाने में सरेंडर से पहले कहा, “ये सब बीजेपी नेता की चाल है। बीजेपी नेता प्रिंस यादव है। उसने बोला कि तुम फेंक दो, हम लोगों का चुनाव फंस रहा है। इसी वजह से मैंने स्याही फेंक दी। उन लोगों ने कहा था कि तुमको बचा लेंगे। स्याही फेंकने के प्रकरण में मैं अकेले ही था।”
यह फोटो आरोपी अभिमन्यु यादव की उस वक्त की है जब वह थाने में सरेंडर करने जा रहा था। उसका बकायदा पूरा वीडियो बना है।
स्याही तो भाजपा नेता दारा सिंह चौहान के चेहरे पर पड़ी थी। लेकिन इसके दाग सपा और भाजपा पार्टियों के दामन पर लग रहे हैं। दोनों पार्टियां आरोपी युवक को एक-दूसरे का बताने में जुट गई हैं। सरेंडर के कुछ ही देर बाद आरोपी अभिमन्यु यादव की अखिलेश के साथ हाथ मिलाते हुए फोटो सामने आ गई। बताया जा रहा है कि इसे भाजपा ने वायरल किया है।
दूसरी तरफ, अखिलेश ने भी सुबह-सुबह मोर्चा संभाल लिया। आरोपी के सरेंडर के महज 1 घंटे बाद ही अखिलेश ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा- जब आरोपी ने खुद ही बता दिया कि ये काम उससे भाजपाइयों ने करवाया है तो फिर आगे क्या कहना?
फिलहाल, अभिमन्यु यादव किसका आदमी है? किसने उसे भेजा था? क्यों भेजा? स्याही कांड के पीछे की सियासत क्या है? इन सवालों के जवाब नहीं मिले हैं। पुलिस अफसर जांच की बात कह रहे हैं। हालांकि, जांच में कितनी सच्चाई सामने आएगी। यह वक्त बताएगा। फिलहाल, सिलसिलेवार तरीके से आपको पूरा मामला बताते हैं।
यह फोटो आरोपी अभिमन्यु यादव की है। इसमें वह अखिलेश यादव से हाथ मिलाता नजर आ रहा है। यह फोटो कब की है? यह स्पष्ट नहीं है। सरेंडर के तुरंत बाद यह फोटो सामने आई।
12 घंटे में स्याही कांड पर अखिलेश के दो ट्वीट
ऊपर वाली फोटो सामने आने के कुछ ही देर बाद अखिलेश यादव ने ट्वीट किया। इसमें उन्होंने लिखा- जब घोसी में स्याही फेंकने वाले ने खुद ही बता दिया कि ये काम उससे भाजपाइयों ने ही करवाया है तो फिर अब आगे और क्या कहना। अभी आगे देखिएगा। हार का डर भाजपा से क्या-क्या न कराए। घोसी की जनता सपा की साइकिल ही चुनेगी।
इससे पहले, स्याही कांड के तुरंत बाद दारा सिंह चौहान ने इसमें सपा का इनवॉल्वमेंट बताया था। कहा था कि सपा को पता है वह चुनाव हार रही है। इसी बौखलाहट में सपा के गुंडों ने स्याही फेंकने का काम किया। सपा पर लगते आरोपों के बीच अखिलेश ने रविवार रात 9.50 ट्वीट किया था। इसमें उन्होंने भाजपा को निशाने पर लिया। कहा- स्याही कांड में हर बार आरोपी पकड़ा गया। ये वाला हाथ नहीं आया क्यों? हारी हुई भाजपा सहानुभूति पाकर सहानुभूति पाकर जीतना चाहती है। ये खेल अब पुराना हो गया है। जनता सब समझती हैं।
आरोपी के सरेंडर के महज 1 घंटे बाद ही अखिलेश ने यह पोस्ट ट्वीट किया।
भाजपा नेता पर लगे आरोपों पर दारा सिंह चौहान बोले
हालांकि, आरोपी अभिमन्यु यादव ने खुद भाजपा नेता प्रिंस यादव का नाम लिया है। प्रिंस यादव इस समय जिला पंचायत सदस्य है। स्याही कांड में भाजपा नेता का नाम सामने आने के बाद दारा सिंह चौहान खुद सफाई देने सामने आए। उन्होंने कहा, आरोपी झूठ बोल रहा है। इसकी फोटो खुद अखिलेश यादव के साथ है। सपा ने इसको भेजा है। मैं साफ तौर पर कह रहा हूं कि यह सपा की बौखलाहट है। उनका जनाधार खत्म हो गया। इसलिए अब यह मनगढ़ंत आरोप लगवा रही है।
यह फोटो सोमवार सुबह 9 बजे की है। जब दारा सिंह पर स्याही फेंकने वाले ने कोपागंज थाने में सरेंडर किया।
प्रिंस का रिश्तेदार बताया जा रहा अभिमन्यु यादव
स्याही कांड का आरोपी अभिमन्यु यादव उर्फ डायमंड (22) थाना कोपागंज क्षेत्र के अदरी गांव का रहने वाला है। अभिमन्यु ने बीए तक की पढ़ाई डीसीएसके पीजी कॉलेज मऊ से की है। अभिमन्यु, भाजपा नेता प्रिंस यादव का रिश्तेदार बताया जा रहा है। प्रिंस यादव ने इसको पहली बार छात्र संघ चुनाव भी 2019-20 में लड़ाया था। अभिमन्यु क्षेत्रीय राजनीति में एक्टिव रहता है।
यह फोटो स्याही फेंकने वाले अभिमन्यु यादव और प्रिंस यादव की है।
अब पढ़िए भाजपा नेता प्रिंस यादव का बयान…
भाजपा नेता प्रिंस यादव ने कहा कि यह घटना बहुत ही निंदनीय है। मैं आपको बता दूं कि मैं दो दिन से कुशीनगर में था। वहां पर हमारे जिला पंचायत सदस्य भाजपा का वर्ग चल रहा था। जहां पर सदस्यों का प्रशिक्षण हो रहा था। तो मैं वहीं था। कल रात में मैं मऊ वापस आया हूं। तभी मैंने इस घटना का वीडियो देखा।
सुधाकर सिंह ने लगवा मेरे ऊपर आरोप
इसके बाद आज सुबह मैंने एक वीडियो देखा है कि एक तथाकथित लड़का है। जो हमारा नाम ले रहा है। मैं बखूबी जान रहा हूं, यह साजिश किसने करवाई है। बता दूं कि सपा से सुधाकर सिंह घोसी विधानसभा से चुनाव लड़ रहे हैं। सुधाकर सिंह के खिलाफ और भाजपा के साथ एक यादव चेहरा सबसे बड़ा मैं ही हूं। सुधाकर सिंह इससे बहुत बड़ा नुकसान हो रहा है। इस नुकसान की भरपाई करने के लिए सुधाकर सिंह ये गलत कार्य और गलत आरोप हम पर लगवा रहे हैं।
भाजपा नेता प्रिंस यादव ने कहा कि यह घटना बहुत ही निंदनीय है। मेरा इससे कोई लेना-देना नहीं है।
आरोपी से हमारा कोई लेना-देना नहीं
भाजपा की विश्वनीयता लोगों में कम हो इसलिए यह काम किया गया है। हमारे उससे कोई लेना-देना नहीं है। पुलिस अपनी जांच करवा ले। जो भी करना प्रशासन अपनी जांच करवा ले। जो आरोपी पकड़ा गया है, उससे हमारा कोई संबंध नहीं है। जो आरोपी के साथ हमारी फोटो वायरल हो रही है। वो किसी कार्यक्रम के दौरान की है। मैं कार्यक्रमों में जाता रहता हूं, उसी में वह भी आया होगा। तभी की फोटो होगी। इस मामले में विरोधी लोग केवल यादव चेहरा भाजपा में बदनाम हो, इसलिए साजिश कर रहे हैं। स्याही फेंकने से सबसे ज्यादा फायदा सुधाकर सिंह होने वाला है। सपा हम लोगों की छवि को बदनाम करना चाहती है। इसलिए ऐसे काम कर रही है।
घोसी सीओ धनंजय मिश्रा का बयान…
इस मामले को लेकर घोसी सीओ धनंजय मिश्रा ने कहा कि डायमंड ने कल अदरी में दारा सिंह चौहान के ऊपर स्याही फेंकी थी, उसके बाद खुद जाकर थाने पर आत्मसमर्पण किया है। उससे पूछताछ में यह जानकारी मिली है कि वह डीसीएसके कॉलेज से चुनाव लड़ा था। उसी दौरान समाजवादी पार्टी के यूथ विंग से टिकट मांग रहा था, लेकिन टिकट नहीं मिला। उसके बाद वह कुछ लड़कों के साथ अदरी मोड़ पर बैठता था। उसके ग्रुप के लोग समाजवादी पार्टी के लिए काम करते हैं। यह पिछली बार 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी दारा सिंह चौहान के साथ था। लेकिन इस बार भाजपा से चुनाव लड़ रहे हैं, तो इसको कहीं ना कहीं मन में टीस है कि यह भाजपा से जुड़कर क्यों चुनाव लड़ रहे हैं।
हाइलाइट होने के लिए फेंकी स्याही
इसने प्रिंस यादव को फोन किया प्रिंस यादव से कहा-सुनी हुई और कहा कि मंत्री जी क्षेत्र में घूम रहे हैं, हम लोगों के गांव में नहीं आएंगे क्या? तो भाजपा नेता ने कहा की जरूर आएंगे और तुम्हारे घर तक जाएंगे, तब उसने कहा कि हम उनके ऊपर स्याही फेंक देंगे तो इन्होंने कहा कि तुम्हारे अंदर दम होगा तो तुम फेंक कर दिखा देना। तब इसको यह लगा कि हम स्याही फेंक देंगे तो हाईलाइट हो जाएंगे और बड़े नेता बन जाएंगे। इसलिए हाइलाइट होने के लिए उसने यह मूर्खतापूर्ण काम किया है।
इस मामले में भाजपा का कोई रोल नहीं
उन्होंने यह भी बताया कि उसने प्रिंस यादव के कहने पर नहीं फेंका है, इसमें भाजपा का कोई रोल नहीं है। जबकि प्रिंस यादव से कहा-सुनी के बाद इस ने इस घटना को अंजाम दिया है। अभी तक यह समाजवादी पार्टी से जुड़ा हुआ है, इसको फोटो में भी आप देखे होंगे, कहीं ना कहीं इसकी भावनाएं समाजवादी पार्टी से जुड़ी हुई है। अभी आरोपी से पूछताछ चल रही है। कोई और बड़ा आदमी इस घटना में लिप्त पाया जाएगा, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रविवार को प्रचार के दौरान भाजपा नेता पर फेंकी थी स्याही
रविवार को घोसी उपचुनाव में बीजेपी कैंडिडेट दारा सिंह चौहान पर स्याही फेंकी गई थी। वह प्रचार करने थाना सराय लखांशी क्षेत्र के अदरी गांव पहुंचे थे। कार से उतरने पर कार्यकर्ता उनका स्वागत कर रहे थे, तभी उन पर एक युवक ने स्याही फेंक दी। सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में बदमाश इस वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई थी।
दारा सिंह पर इस तरह से स्याही फेंके जाने की घटना उनकी सुरक्षा में बड़ी चूक मानी जा रही थी। सुरक्षाकर्मियों और बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच उन पर हमला किया गया। उसके बाद आरोपी का भाग निकलना पुलिस की मुस्तैदी पर सवाल खड़े कर रहा है। लोगों का कहना है कि स्याही की जगह केमिकल भी फेंक सकता था। या अतीक और अशरफ की जिस तरह से गोली मारकर हत्या की गई, उस तरह की भी घटना को अंजाम दिया जा सकता था।
यह फोटो रविवार की है। गाड़ी से उतरने पर कार्यकर्ता उनका स्वागत कर रहे थे। तभी स्याही फेंकी गई थी।
यह बयान दारा सिंह ने कल दिया था, जब उन पर स्याही फेंकी गई थी
स्याही फेंके जाने के बाद दारा सिंह चौहान ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा, यह विपक्ष की बौखलाहट है। समाजवादी पार्टी को यह साफ तौर पर पता है कि वह भारी मतों से यह चुनाव हार रहे हैं। इसी बौखलाहट में समाजवादी पार्टी के गुंडे स्याही फेंकने का काम कर रहे हैं। उन्होंने आगे कहा, इस चुनाव में उनकी भारी मतों से जीत होने जा रही है।
इसी को लेकर समाजवादी पार्टी बौखलाई हुई है। समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार पर उन्होंने हत्यारा होने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है, प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कामों पर घोसी की जनता मुहर लगाने जा रही है। इसी बात की घबराहट समाजवादी पार्टी में देखने को मिल रही है। इसीलिए ये काम सपा के लोगों ने किया है।
5 सितंबर को जनता इसका जवाब देगी
उन्होंने आगे बताया, सभी के सारे समीकरण ध्वस्त हो चुके हैं। हमें हर धर्म का व्यापक समर्थन मिल रहा है। भारी मतों से बीजेपी जीतने जा रही है। इसी बात से हताश और निराश होकर विरोधी इस तरह का काम कर रहा है। इससे लोगों में बहुत गुस्सा है, ये साजिश है। लेकिन घोसी की जनता 5 सितंबर को इसका जवाब कमल का बटन दबाकर देगी। उन्होंने बताया, हम लोग मीटिंग करके एक जगह कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए गाड़ी से उतर रहे थे। तभी भीड़ में से कोई स्याही फेंक कर भाग गया। उसको पकड़ने की कोशिश की गई लेकिन वो फरार हो गया।
यह फोटो 16 अगस्त की है। नामांकन के बाद दारा सिंह का कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर स्वागत किया था।
16 अगस्त को भरा था दारा सिंह ने नामांकन
बता दें, सपा से बीजेपी में शामिल होने वाले दारा सिंह चौहान ने बुधवार को मऊ की घोसी विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपना नामांकन भर दिया था। दारा सिंह चौहान यहां से सपा विधायक थे लेकिन उनके बीजेपी में शामिल होने के बाद ये सीट खाली हो गई है। जिस पर अब 5 सितंबर को उपचुनाव होंगे। 8 सितंबर को रिजल्ट आएगा।
स्याही फेंकने के मामले की मेन खबर भी पढ़ें…
बीजेपी नेता दारा सिंह पर स्याही फेंकी..VIDEO:सुरक्षाकर्मियों के बीच वारदात कर हुआ रफूचक्कर; अखिलेश बोले- अपने ने ही अपनों पर दाग लगाया
मऊ से बड़ी खबर है। यहां रविवार को घोसी उपचुनाव में बीजेपी कैंडिडेट दारा सिंह चौहान पर स्याही फेंकी गई है। वह प्रचार करने थाना सराय लखांशी क्षेत्र के अदरी गांव पहुंचे थे। कार से उतरने पर कार्यकर्ता उनका स्वागत कर रहे थे, तभी उन पर एक युवक ने स्याही फेंक दी। सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में बदमाश इस वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है। लेकिन अभी तक युवक का पता नहीं लग सका है। वह कौन था और क्यों स्याही फेंकी। पढ़ें पूरी खबर…