इस गणतंत्र दिवस पर 10 बातें पहली बार: सेना, वायुसेना, नौसेना को लीड करेंगी महिलाएं, कर्तव्य पथ पर 18 राज्यों की 1900 साड़ियों की प्रदर्शनी

  • Hindi News
  • National
  • Republic Day Parade 2024 Information; BSF, Royal Enfield Bullets | Theme Chief Guest

नई दिल्ली1 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक
23 जनवरी को कर्तव्यपथ पर फुल ड्रेस रिहर्सल हुई। इस दौरान तीनों सेनाओं के ऑल-विमेन कंटिंजेंट की परेड की तस्वीर। - Dainik Bhaskar

23 जनवरी को कर्तव्यपथ पर फुल ड्रेस रिहर्सल हुई। इस दौरान तीनों सेनाओं के ऑल-विमेन कंटिंजेंट की परेड की तस्वीर।

देश का 75वां गणतंत्र इस बार कई मायनों में खास है। इस साल कर्तव्य पथ पर परेड और झांकियों को महिला-केंद्रित थीम पर रखा गया है। परेड की थीम है- ‘विकसित भारत’, जिसमें पहली बार तीनों सेनाओं का ऑल-विमेन मार्चिंग कंटिंजेंट भाग लेगा। इसका नेतृत्व भी महिला अफसर के हाथ में है।

इतना ही नहीं, परेड करने वाली सभी टुकड़ियों की लीडर महिला होंगीं। BSF, CRPF और SSB की महिलाकर्मी 350CC रॉयल एनफील्ड बुलेट्स पर सवार होकर डेयरडेविल स्टंट दिखाएंगीं।

इस साल झांकियों की थीम- ‘भारत-लोकतंत्र की मातृका’ रखी गई है। इस साल 16 राज्यों के साथ 9 मंत्रालयों/विभागों की झांकियां प्रदर्शित की जाएंगीं। देश की टेक्सटाइल संस्कृति को सबके सामने लाने और बढ़ावा देने के मकसद से अनंत सूत्र नाम की साड़ियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

गणतंत्र दिवस में पहली बार 10 बातें सिलसिलेवार पढ़ें…

कैप्टन शरण्या राव पहली बार परेड में ट्राई-सर्विस दल का नेतृत्व करने वाली हैं।

कैप्टन शरण्या राव पहली बार परेड में ट्राई-सर्विस दल का नेतृत्व करने वाली हैं।

1. 100 महिलाएं ट्रैडीशनल इंस्ट्रूमेंट बजाकर परेड का शुभारंभ करेंगी
परेड की शुरुआत 100 महिला कलाकारों के प्रदर्शन से होगी। ये महिला कलाकार अपने-अपने राज्यों की वेशभूषा में विकसित भारत और भारत: लोकतंत्र की जननी’ (इंडिया: मदर ऑफ डेमोक्रेसी) थीम पर शंख, ड्रम, और अन्य पारंपरिक वाद्ययंत्र बजाते हुए परेड की शुरुआत करेंगी। साथ ही पहली बार 30 राज्यों की 1,500 महिला कलाकार लोक और शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत करेंगी।

2. पहली बार वुमन कंटिंजेंट- सभी टुकड़ियों को महिला लीड करेंगी

आर्म्ड फोर्सेस मेडिकल सर्विस के ऑल-विमेन कंटिंजेंट को आई सर्जन और पैराट्रूपर मेजर सृष्टि खुल्लर लीड करेंगीं।

आर्म्ड फोर्सेस मेडिकल सर्विस के ऑल-विमेन कंटिंजेंट को आई सर्जन और पैराट्रूपर मेजर सृष्टि खुल्लर लीड करेंगीं।

कर्तव्यपथ पर होने वाली परेड में पहली बार ऑल-विमेन ट्राई-सर्विस कंटिंन्जेंट हिस्सा लेगी। इसमें सेना, वायुसेना और नौसेना की 60 महिला अफसर शामिल होंगी। ट्राई-सर्विस की टुकड़ी का नेतृत्व भारतीय सेना की कैप्टन शरण्या राव करेंगी।

भारतीय वायुसेना के 144 सदस्यों वाले मार्चिंग दस्ते का नेतृत्व स्क्वाड्रन लीडर रश्मि ठाकुर करेंगी। स्क्वाड्रन लीडर सुमिता यादव, स्क्वाड्रन लीडर प्रतीति अहलूवालिया और फ्लाइट लेफ्टिनेंट कीर्ति रोहिल भी इस दस्ते का हिस्सा होंगी।

पहली बार आर्मी, एयरफोर्स और नेवी की महिला अग्निवीरों का जॉइंट दस्ता परेड में शामिल होगा। अग्निवीरों की ट्राई-सर्विस मार्चिंग कंटिजेंट में 144 महिलाएं शामिल होंगी, जिनकी औसत उम्र 20 साल है। इनमें दो महीने पहले एयरमैन ट्रेनिंग स्कूल बेलगावी, कर्नाटक से पास हुईं अग्निवीरवायु महिला सैनिक भी शामिल हैं।

आर्म्ड फोर्सेस मेडिकल सर्विस के ऑल-विमेन कंटिंजेंट को आई सर्जन और पैराट्रूपर मेजर सृष्टि खुल्लर लीड करेंगीं। उन्होंने कहा कि आई सर्जन होने के नाते मैं ऑपरेशन थिएटर में सर्जिकल नाइफ पकड़ती आई हूं। अब मुझे कर्तव्य पथ पर तलवार थामकर चलना है। ये चुनौतीपूर्ण रहा है, लेकिन बहुत खुशी देने वाला अनुभव रहा है।

3. सीमा सुरक्षा बल (BSF), CISF का भी ऑल वुमन मार्चिंग और ब्रास बैंड परेड में शामिल होगा
सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (CAPFs) के अलग-अलग सुरक्षाबलों के ऑल-विमेन कंटिजेंट परेड में शामिल होंगे। बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF), सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की महिला कर्मी परेड, बैंड और मोटरसाइकिल कंटिंजेंट का हिस्सा बनेंगीं।

परेड के इतिहास में पहली बार डेयरडेविल बाइकर्स टीम में सिर्फ BSF, CRPF और SSB की महिलाकर्मी होंगीं जो 350CC रॉयल एनफील्ड बुलेट्स पर सवार होकर परेड रूट पर करतब दिखाएंगीं।

4. दिल्ली पुलिस का ऑल विमेन परेड कंटिंजेंट भाग लेगा

दिल्ली पुलिस के दस्ते की अगुआई नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट की एडिशनल DCP IPS श्वेता के सुगाथन करेंगीं।

दिल्ली पुलिस के दस्ते की अगुआई नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट की एडिशनल DCP IPS श्वेता के सुगाथन करेंगीं।

इतिहास में पहली बार गणतंत्र दिवस की परेड में दिल्ली पुलिस का विमेन परेड एंड बैंड कंटिंजेंट भाग लेगा। 1950 से लेकर अब तक दिल्ली पुलिस का दस्ता गणतंत्र दिवस में भाग लेता आया है। इस साल परेड की अगुआई नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट की एडिशनल DCP IPS श्वेता के सुगाथन करेंगीं।

उन्होंने पिछले गणतंत्र दिवस की परेड में भी दिल्ली पुलिस की टुकड़ी को लीड किया था। किरण बेदी के बाद परेड को लीड करने वाली वे दूसरी महिला IPS हैं। वहीं, पहली बार दिल्ली पुलिस के बैंड की अगुवाई महिला कॉन्स्टेबल रुयागनुओ केनसे करेंगी। इस बैंड में कुल 135 कॉन्स्टेबल हैं।

साल 1975 में गणतंत्र दिवस परेड के दौरान दिल्ली पुलिस के दस्ते को पूर्व IPS किरण बेदी ने लीड किया था।

साल 1975 में गणतंत्र दिवस परेड के दौरान दिल्ली पुलिस के दस्ते को पूर्व IPS किरण बेदी ने लीड किया था।

5. सेना का मिसाइल सिस्टम परेड में भाग लेगा, इसे महिला अफसर लीड करेंगीं

मिडियम रेंज सरफेस टु एयर मिसाइल सिस्टम को भारतीय सेना की लेफ्टिनेंट सुमेधा तिवारी लीड करेंगीं।

मिडियम रेंज सरफेस टु एयर मिसाइल सिस्टम को भारतीय सेना की लेफ्टिनेंट सुमेधा तिवारी लीड करेंगीं।

परेड में पहली बार इंडियन आर्मी का MRSAM (मिडियम रेंज सरफेस टु एयर मिसाइल सिस्टम) जिसे भारतीय सेना की लेफ्टिनेंट सुमेधा तिवारी लीड कर रही हैं। वहीं, वायुसेना झांकी में दो महिला लेफ्टिनेंट अनन्या शर्मा और फ्लाइंग ऑफिसर आसमा शेख सुखोई-30 फाइटर जेट की पायलट की तरह नजर आएंगी।

इसके अलावा, भारतीय एयरफोर्स की स्क्वाड्रन लीडर सुमिता यादव, जिन्होंने पिछले साल जुलाई में फ्रांस के पेरिस में हुई बैस्टिल डे परेड में हिस्सा लिया था, इस साल गणतंत्र दिवस की परेड में भी हिस्सा लेंगीं। ऐसा करने वाली वे पहली महिला होंगीं।

इस लेकर सुमिता यादव ने कहा कि बैस्टिल डे परेड के दौरान विदेशी धरती पर हमारे PM को सैल्यूट करना गर्व की बात थी। और अब गणतंत्र दिवस पर फ्रांसीसी राष्ट्रपति की मौजूदगी में अपने सुप्रीम कमांडर को सैल्यूट करना उससे भी ज्यादा गर्व की बात है। ऐसा मौका बहुत कम लोगों को मिलता है।

पिछले साल जुलाई में फ्रांस के पेरिस में हुई बैस्टिल डे परेड में हिस्सा लेने वाली स्क्वाड्रन लीडर सुमिता यादव (दाएं) इस साल गणतंत्र दिवस की परेड में भी हिस्सा लेंगीं।

पिछले साल जुलाई में फ्रांस के पेरिस में हुई बैस्टिल डे परेड में हिस्सा लेने वाली स्क्वाड्रन लीडर सुमिता यादव (दाएं) इस साल गणतंत्र दिवस की परेड में भी हिस्सा लेंगीं।

6. अनंत सूत्र- 18 राज्यों की साड़ियां प्रदर्शित की जाएंगीं

'अनंत सूत्र' के तहत 18 राज्यों से लाई गईं 1900 साड़ियां प्रदर्शित की जाएंगीं।

‘अनंत सूत्र’ के तहत 18 राज्यों से लाई गईं 1900 साड़ियां प्रदर्शित की जाएंगीं।

इस बार कर्तव्यपथ पर ‘अनंत सूत्र’ नाम से एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शन में 18 राज्यों से लाई गईं 1900 साड़ियां होंगी, जो विभिन्न भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को दर्शाएंगी। कर्तव्य पथ के दोनों किनारों पर लकड़ी के फ्रेम में ऊंचाई से प्रदर्शित की जाएंगीं। इस प्रदर्शनी के लिए इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र नोडल एजेंसी है।

इन साड़ियों पर एक ‘क्यूआर कोड’ लगाया जाएगा, जिसे स्कैन करने पर, सीधे इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र की वेबसाइट पर पहुंचा जा सकता है और साड़ी के बारे में जानकारी हासिल की जा सकेगी। कश्मीर और पंजाब की कोटा पंथी कला को प्रदर्शित करने वाली 150 साल पुरानी साड़ी भी इस प्रदर्शनी का हिस्सा होगी।

7. देशभर के लगभग 13 हजार विशेष अतिथियों को परेड देखने बुलाया गया

सरकार का मकसद राष्ट्रीय पर्वों में इलीट क्लास की भागीदारी घटाकर आम लोगों की भागीदारी बढ़ाना है।

सरकार का मकसद राष्ट्रीय पर्वों में इलीट क्लास की भागीदारी घटाकर आम लोगों की भागीदारी बढ़ाना है।

इस साल गणतंत्र दिवस की परेड को देखने के लिए केंद्र सरकार ने देशभर से 13 हजार खास मेहमानों को बुलाया है। इसका मकसद राष्ट्रीय पर्वों में इलीट क्लास की भागीदारी घटाकर आम लोगों की भागीदारी बढ़ाना है। इन खास मेहमानों में अलग-अलग फील्ड के बेस्ट परफॉर्मर और वे लोग शामिल हैं जिन्होंने सरकारी स्कीमों का सबसे बेहतर उपयोग किया।

वाइब्रेंट विलेज के सरपंच, स्वच्छ भारत अभियान, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्वरिंग सेक्टर और सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट की महिला कर्मी, ISRO की महिला वैज्ञानिक, आयुष्मान भारत की महिला योग टीसर्च, इंटरनेशनल स्पोर्ट्स इवेंट के विजेता और पैरालिंपिंक मेडलिस्ट भी इस परेड में शामिल होंगे।

इसके अलावा सेल्फ-हेल्प ग्रुप्स, फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन, PM मोदी के मन की बात कार्यक्रम में नजर आने वाले लोग और प्रोजेक्ट वीर गाथा 3.0 के सुपर 100 लोगों के साथ नेशनल स्कूल बैंड प्रतियोगिता के विजेताओं को दशर्कदीर्घा में बैठाया जाएगा।

8. किसी विदेशी सेना का एयरक्राफ्ट शामिल होगा

पहली बार फ्रांस के राफेल जेट गणतंत्र दिवस की परेड में फ्लाईपास्ट का हिस्सा होंगे।

पहली बार फ्रांस के राफेल जेट गणतंत्र दिवस की परेड में फ्लाईपास्ट का हिस्सा होंगे।

इस साल गणतंत्र दिवस परेड में फ्रांस का 95 सदस्यों वाला दस्ता और 33 सदस्यों वाला मार्चिंग बैंड कर्तव्यपथ पर परेड करेगा। फ्रांस के फॉरेन लीजन दस्ते में 6 भारतीय होंगे। फ्रांसीसी वायुसेना के राफेल जेट और मल्टीरोल टैंकर ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट शामिल होंगे। ऐसा पहली बार होगा, जब फ्रांस के राफेल जेट गणतंत्र दिवस की परेड में फ्लाईपास्ट का हिस्सा होंगे।

9. IT मंत्रालय की झांकी में AI आधारित टेक्नोलॉजी

इस साल इलेक्ट्रॉनिक्स और IT मंत्रालय की झांकी AI आधारित टेक्नोलॉजी पर केंद्रित होगी। इसमें दिखाया जाएगा कि कैसे भारत हेल्थकेयर, लॉजिस्टिक्स और एजुकेशन के क्षेत्र में AI का इस्तेमाल कर रहा है। झांकी में दिखाया जाएगा कि इंक्लूसिव और सस्टेनेबल डेवलपमेंट के लिए AI की मदद लेने में भारत ने कैसे सफलता हासिल की है।

मंत्रालय की तरफ से जारी की गई प्रेस रिलीज में कहा गया कि 2023-24 भारत के लिए AI का साल रहा है। इस साल भारत ने दुनिया को दिखाया कि कैसे बदलाव लाने वाली तकनीक को समाज कल्याण के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।

10. एयरफोर्स के फ्लाईपास्ट में दिखाई जाएगी टैंगेल फॉर्मेशन
एयरफोर्स की तरफ से फ्लाईपास्ट में टैंगेल फॉर्मेशन दिखाई जाएंगे। इसमें डॉर्नियर एयरक्राफ्ट शामिल होंगे। इस फॉर्मेशन में सबसे आगे हेरिटेज एयरक्राफ्ट डकोटा होगा, जबकि पीछे दो डॉर्नियर Do-228 एयरक्राफ्ट होंगे, जो एविएशन टर्बाइन फ्यूल और बायोफ्यूल के मिक्स्ड ईंधन से उड़ान भरेंगे।

टैंगेल फॉर्मेशन में 1971 की भारत-पाकिस्तान जंग के दौरान किए गए सफल एयरड्रॉप का रि-इनैक्टमेंट करेंगे। इस जंग में पहली बार भारतीय सुरक्षाबलों ने दुश्मन की जमीन पर एयरड्रॉप किया था।

खबरें और भी हैं…