एशिया कप के फाइनल में भारत: मोनू मानेसर गिरफ्तार, राजस्थान पुलिस को सौंपा; आईफोन-15 में मिलेगा 48 MP कैमरा और टाइप-C चार्जिंग पोर्ट

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Bajrang Dal Monu Manesar | India Vs Sri Lanka Asia Cup । Apple IPhone 15 Series

35 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर एशिया कप से जुड़ी रही, जिसमें श्रीलंका को हराकर भारत ने फाइनल में जगह बना ली है। एक खबर एपल के लॉन्चिंग इवेंट की रही, जिसमें आईफोन सीरीज के नए फोन और स्मार्टवॉच लॉन्च किए गए।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. दिल्ली में विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A की कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक होगी। 14 मेंबर्स वाली कमेटी की ये मीटिंग NCP चीफ शरद पवार के आवास पर होगी। इस बैठक में भविष्य के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
  2. दिल्ली में भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी। इसमें मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कैंडिडेट्स के नाम अनाउंस किए जा सकते हैं।

1. भारत एशिया कप के फाइनल में; रोहित की 51वीं फिफ्टी, 10 हजार वनडे रन भी पूरे किए

1. जीत के बाद जश्न मनाने भारतीय टीम के खिलाड़ी 2. रोहित शर्मा वनडे में 10 हजार रन बनाने वाले छठे भारतीय खिलाड़ी हैं।

1. जीत के बाद जश्न मनाने भारतीय टीम के खिलाड़ी 2. रोहित शर्मा वनडे में 10 हजार रन बनाने वाले छठे भारतीय खिलाड़ी हैं।

भारत ने एशिया कप के सुपर-4 मुकाबले में श्रीलंका को हराकर फाइनल में जगह बना ली है। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 214 रन का टारगेट दिया। लेकिन श्रीलंकाई टीम 41.3 ओवर में 172 रन ही बना सकी। कप्तान रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा 53 रन बनाए। उन्होंने वनडे करियर की 51वीं फिफ्टी जमाई। रोहित ने 10 हजार वनडे रन भी पूरे किए।

ये खबर अहम क्यों है: टीम इंडिया ने 10वीं बार एशिया कप फाइनल में जगह बनाई है। भारत ने 7 खिताबों के साथ सबसे अधिक बार एशिया कप जीता है। रवींद्र जडेजा ने श्रीलंका के खिलाफ 2 विकेट लिए। इसी के साथ उनके वनडे एशिया कप में 24 विकेट हो गए और टूर्नामेंट इतिहास में भारत के सबसे सफल गेंदबाज बन गए।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. मोनू मानेसर को नासिर-जुनैद हत्याकांड में रिमांड पर लिया गया, नूंह हिंसा में पकड़ा था
हरियाणा पुलिस ने बजरंग दल से जुड़े गोरक्षक मोनू मानेसर को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। उस पर 31 जुलाई को हुई नूंह हिंसा से पहले सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने का आरोप है। मोनू पर राजस्थान के नासिर-जुनैद हत्याकांड में शामिल होने का भी आरोप है। इसलिए हरियाणा पुलिस ने उसे राजस्थान पुलिस को सौंप दिया है।

ये खबर अहम क्यों है: नासिर-जुनैद हत्याकांड में नाम आने के बाद से मोनू मानेसर 8 महीने से फरार था। 16 फरवरी 2023 को हरियाणा के भिवानी में बोलेरो कार में नासिर (28) और जुनैद (33) की जली हुई लाशें मिली थीं। वे राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले थे।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. आईफोन-15 लॉन्च, शुरुआती कीमत 79,990 रुपए, 22 सितंबर से मिलेगा आईफोन और वॉच

एपल ने अपने वंडरलस्ट इवेंट में आईफोन 15 सीरीज और एपल वॉच सीरीज 9 लॉन्च की। इसके अलावा एपल वॉच अल्ट्रा 2 भी लॉन्च की है। कंपनी ने पहली बार चार्जिंग के लिए टाइप-C पोर्ट दिया है। इस बार आईफोन-15 में 48 मेगापिक्सल का मेन कैमरा दिया गया है, जो पहले से 4 गुना ज्यादा है।

भारत में आईफोन-15 के 128 GB वैरिएंट की कीमत ₹79,900 और आईफोन-15 प्लस के 128 GB वैरिएंट की कीमत ₹89,900 है। वहीं आईफोन-15 प्रो के 128 GB वैरिएंट की कीमत ₹1,34,900 और प्रो मैक्स का 256 GB वैरिएंट ₹1,59,900 में मिलेगा। नया आईफोन और एपल वॉच 15 सितंबर शाम 5.30 बजे से प्री ऑर्डर किया जा सकता है। ये 22 सितंबर से मिलने लगेंगे।

ये खबर अहम क्यों है: ‘वंडरलस्ट’ एपल का सबसे बड़ा सालाना इवेंट है। पहला आईफोन 2007 में स्टीव जॉब्स ने लॉन्च किया था। तब से अब तक दुनिया में 230 करोड़ से ज्यादा आईफोन बिक चुके हैं। एपल ने 2017 में आईफोन SE के साथ भारत में आईफोन्स बनाना शुरू किया था।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. राजस्थान में आज से दो दिन के लिए पेट्रोल पंप बंद, संचालक बोले- वैट कम करे सरकार
राजस्थान में आज से दो दिन तक राज्य के सभी पेट्रोल पंप बंद रहेंगे। पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक पेट्रोल पंप बंद रखने का ऐलान किया है। इनका कहना है कि राजस्थान में वैट ज्यादा है। जबकि पंजाब और गुजरात में कम। ऐसे में इन राज्यों के बॉर्डर पर मौजूद पंप पर पेट्रोल-डीजल नहीं बिकता।

ये खबर अहम क्यों है: एसोसिएशन ने वैट कम न किए जाने पर 15 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की बात कही है। यहां पेट्रोल पर 31.04% जबकि डीजल पर 19.30% वैट लगता है। देश में सबसे महंगा फ्यूल राजस्थान के श्रीगंगानगर में बिक रहा है। यहां एक लीटर पेट्रोल की कीमत 113.30 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमत 98.07 रुपए प्रति लीटर है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. MP कांग्रेस के प्रत्याशियों पर दिल्ली में मंथन, 100 सीटों पर चर्चा लेकिन नाम फाइनल नहीं हुए

पीसीसी चीफ कमलनाथ और नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी की मीटिंग में जाते हुए।

पीसीसी चीफ कमलनाथ और नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी की मीटिंग में जाते हुए।

मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों के नाम को लेकर दिल्ली में स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक हुई। करीब साढ़े 4 घंटे चली बैठक में 100 सीटों पर चर्चा हुई। ​​कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि अभी हमने 100 सीटों पर नामों को लेकर चर्चा की है। अभी कोई नाम फाइनल नहीं किया है।

ये खबर अहम क्यों है: आज सुबह साढ़े 9 बजे फिर से कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की मीटिंग होगी। उम्मीदवार घोषित करने को लेकर कांग्रेस दो टाइप के प्लान पर काम कर रही है। पहला- लंबे समय से हार रही 66 सीटों पर कैंडिडेट्स का ऐलान हो सकता है। दूसरा- उन सीटों पर पहले कैंडिडेट्स घोषित किए जा सकते हैं, जहां कांग्रेस के विधायक हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. मणिपुर में फायरिंग, फिर 3 की मौत; भाजपा के 23 विधायक अलग प्रशासन के खिलाफ
मणिपुर के कांगपोकपी जिले में हुई गोलीबारी में 3 लोगों की मौत हो गई। इससे पहले 8 सितंबर को हिंसा में 2 लोग मारे गए थे। इधर, भाजपा के 23 विधायकों ने एक प्रस्ताव पास किया, जिसमें उन्होंने 10 कुकी MLA’s के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। कुकी विधायक राज्य में अलग प्रशासन की मांग कर रहे हैं।

ये खबर अहम क्यों है: राज्य में कुकी और मैतेई समुदाय के बीच 3 मई से जारी हिंसा में अब तक 160 मौतें हो चुकी हैं। केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि मणिपुर में 6523 FIR दर्ज की गई हैं। इनमें से 19 केस महिलाओं और बच्चों की हिंसा से जुड़े हैं। राज्य में हुई हिंसा के मामलों की जांच CBI के 53 अफसर कर रहे हैं। इनमें 29 महिलाएं शामिल हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. देश में 763 सांसद, 306 पर क्रिमिनल केस, बिहार के आधे सांसदों पर गंभीर मामले दर्ज

एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स की रिपोर्ट के मुताबिक, देश के कुल 763 सांसदों में से 306 पर क्रिमिनल केस दर्ज हैं। इनमें से 194 सांसदों के खिलाफ हत्या और महिलाओं से अत्याचार जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। बिहार के 56 में से 41 सांसदों के खिलाफ केस दर्ज हैं। इनमें 28 यानी 50% सांसदों पर गंभीर मामले हैं। वहीं UP के सबसे ज्यादा 37 सांसदों के खिलाफ गंभीर मामले दर्ज हैं।

ये खबर अहम क्यों है: ADR ने ये रिपोर्ट लोकसभा और राज्यसभा सदस्यों की ओर से दाखिल चुनावी हलफनामे के हवाले से जारी की है। इसके मुताबिक, लोकसभा और राज्यसभा के हर सदस्य के पास औसतन ₹38.33 करोड़ की संपत्ति है। इस तरह हमारे देश का हर सांसद करोड़पति है। वहीं 53 सांसद अरबपति हैं, जो कुल सांसदों की संख्या का 7% हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

8. राजद्रोह कानून केस अब 5 जजों की बेंच में: CJI बोले- अदालत ऐसे कानूनों के इस्तेमाल को लेकर चिंतित
152 साल पुराने राजद्रोह कानून को चुनौती देने वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। CJI डीवाई चंद्रचूड़ की अगुआई वाली 3 जजों की बेंच ने IPC की धारा 124ए को चुनौती देने वाली याचिकाओं को 5 जजों की बेंच को ट्रांसफर कर दिया। CJI ने कहा कि अदालत ऐसे कानूनों के इस्तेमाल को लेकर चिंतित है। इनका इस्तेमाल बढ़ई को लकड़ी का एक टुकड़ा काटने के लिए आरी देने जैसा है, जो उसका इस्तेमाल पूरे जंगल को काटने के लिए करता है।

ये खबर अहम क्यों है: 11 अगस्त 2023 को गृहमंत्री अमित शाह ने लोकसभा में 163 साल पुराने 3 कानूनों में बदलाव के लिए बिल पेश किया। इसमें राजद्रोह कानून खत्म करना भी शामिल है। वहीं लॉ कमीशन ने 2 जून को सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपी थी। आयोग का कहना था कि भारतीय दंड संहिता की धारा 124A को IPC में बनाए रखने की जरूरत है। इसको हटाने का कोई वैलिड रीजन नहीं है।
पूरी खबर यहां पढ़ें..

9. लीबिया में तूफान और बाढ़ से 6 हजार की मौत, 10 हजार लोग लापता, इनमें 123 सैनिक

कई इलाकों में पानी में लाशें तैरती नजर आ रही हैं। यहां 2 डैम फूट गए हैं। इनकी वजह से शहर का 25% हिस्सा खत्म हो गया है।

कई इलाकों में पानी में लाशें तैरती नजर आ रही हैं। यहां 2 डैम फूट गए हैं। इनकी वजह से शहर का 25% हिस्सा खत्म हो गया है।

लीबिया में 9 सितंबर को आए डेनियल तूफान और इसके बाद आई बाढ़ की वजह से अब तक 6 हजार मौतें हो चुकी हैं। इनमें से 700 शवों की पहचान हो सकी है। 7 से 10 हजार लोग अभी भी लापता हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे 123 सैनिक भी लापता हैं।

ये खबर अहम क्यों है: लीबिया के हेल्थ मिनिस्टर के मुताबिक, मरने वालों का आंकड़ा 10 हजार तक पहुंच सकता है। यहां के चुनिंदा एयरपोर्ट्स इस लायक नहीं बचे हैं कि वहां कोई हैवी या कार्गो एयरक्राफ्ट लैंड कर सके। इस वजह से मदद पहुंचाना भी मुश्किल है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. 1 साल में 37% तक महंगीं हुईं दालें: चावल के दाम भी 9% बढ़े, बारिश कम होने से खाने-पीने की चीजों के दाम तेजी से बढ़े (पढ़ें पूरी खबर)
  2. केरल में निपाह वायरस से दो की मौत: केंद्र ने एक्सपर्ट्स की टीम भेजी, राज्य सरकार ने कंट्रोल रूम बनाया (पढ़ें पूरी खबर)
  3. पहला C-295 ट्रांसपोर्ट प्लेन लेने स्पेन पहुंचे वायुसेना प्रमुख :56 में से 16 प्लेन रेडी टु-फ्लाई कंडीशन में आएंगे, बाकी 40 टाटा कंपनी बनाएगी (पढ़ें पूरी खबर)
  4. इंडिया को मिडिल-ईस्ट से जोड़ने वाले कॉरिडोर पर तुर्किये नाराज: राष्ट्रपति एर्दोगन बोले- हमारे बिना पूर्व से पश्चिम नहीं जा सकते (पढ़ें पूरी खबर)
  5. G20 के लिए आए कनाडाई PM 2 दिन बाद रवाना: ट्रूडो का स्टेट प्लेन खराब हो गया था, 36 घंटे बाद दूर हुई गड़बड़ी (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

पुर्तगाल में रेड वाइन की बाढ़, 22 लाख लीटर शराब बही

पुर्तगाल के एक गांव में रेड वाइन की एक डिस्टिलरी में लीकेज हो गया। इस वजह से करीब 22 लाख लीटर शराब गांव की सड़कों पर नदी की तरह बहती दिखी। टैंक खाली होने के बाद शराब का बहना बंद हुआ। तब तक वाइन नदी के पानी में मिल चुकी थी। बर्बाद हुई वाइन की कीमत करोड़ों में बताई जा रही है। पढ़ें पूरी खबर...

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

​​​​आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…