कर्नाटक में विपक्ष का डिप्टी-CM को CM बनाने का ऑफर: JDS नेता बोले- हमारे 19 विधायक सपोर्ट करेंगे, शिवकुमार ने कहा- मुझे कोई जल्दी नहीं

बेंगलुरू2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक
कुमारस्वामी ने कहा था, अगर उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार CM बनना चाहते हैं, तो वह हमारे 19 विधायकों के समर्थन पर भरोसा कर सकते हैं। - Dainik Bhaskar

कुमारस्वामी ने कहा था, अगर उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार CM बनना चाहते हैं, तो वह हमारे 19 विधायकों के समर्थन पर भरोसा कर सकते हैं।

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल सेक्यूलर (JDS) के नेता एचडी कुमारास्वामी ने राज्य के डिप्टी CM डीके शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाने का ऑफर दिया है। कुमारस्वामी पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के बेटे हैं।

दरअसल, कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस ने बहुमत के साथ सरकार बनाई थी। सरकार बनने से पहले सिद्धरमैया और डीके शिवकुमार के बीच मुख्यमंत्री पद को लेकर खींचतान मची थी। सरकार बनने के बाद अभी भी दोनों नेताओं के बीच विवाद की खबरें आती रहती हैं।

कुमारस्वामी ने शनिवार को शिवकुमार पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि अगर वह आगे बढ़ना चाहते हैं, तो JDS के 19 विधायक उनका समर्थन करने के लिए तैयार हैं। कुमारस्वामी का यह बयान ऐसे समय आया, जब राज्य में कई कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि कुछ JDS विधायक कांग्रेस पार्टी में शामिल होने के इच्छुक हैं।

कुमारस्वामी के ऑफर पर शिवकुमार ने कहा- कांग्रेस नेताओं ने एकजुट होकर चुनाव लड़ा था। मुझे CM बनने की कोई जल्दी नहीं है। पार्टी नेतृत्व या किसी और से मैंने ऐसी कोई मांग नहीं की है।

कुमारस्वामी बोले- कांग्रेस सरकार में डुप्लीकेट मुख्यमंत्री

शिवकुमार बोले- बीजेपी में खुद ही खींचतान, नहीं चुन पा रहे नेता
वहीं शिवकुमार पहले ही कर्नाटक कांग्रेस में असंतोष को लेकर सामने आ रही सभी खबरों का खंडन कर चुके हैं। शिवकुमार ने कहा- आलाकमान ने जो भी कहा है हम उसका पालन कर रहे हैं, सिद्धारमैया हमारे नेता हैं। यहां तक कि सीएम सिद्धारमैया ने भी यही कहा है, यह हमारी प्रतिबद्धता है।

हालांकि शिवकुमार ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि, बीजेपी में खुद ही खींचतान चल रही है वे अपने नेता नहीं चुन पा रहे हैं। आगे बोलते हुए उन्होंने मीडिया से पूछा कि क्या उन्होंने कोई ऐसा राज्य या देश देखा है जहां छह महीने बाद भी विपक्ष का नेता न चुना गया हो।

प्रियांक खड़गे का कांग्रेस में गुटबाजी से इनकार
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे और कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खड़गे ने पार्टी में गुटबाजी के दावों को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा- सभी नेताओं की जिम्मेदारियां स्पष्ट हैं। सिद्धारमैया हमारे CM और डीके शिवकुमार डिप्टी CM हैं।

खड़गे ने कहा- पार्टी में कोई गुटबाजी नहीं है। उल्टा मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा के नेता आज तक प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त नहीं कर पाए हैं। वे अभी इस बात को लेकर संघर्ष कर रहे हैं कि अपना घर कैसे ठीक किया जाए।

2018 में कांग्रेस के साथ मिलकर CM बने थे कुमारस्वामी
224 विधानसभा सीटों वाले कर्नाटक में सरकार बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा 113 है। 2018 विधानसभा चुनाव में भाजपा को कुल 104 सीटें मिली थीं। जबकि कांग्रेस ने 32 और JDS ने 31 सीटों पर जीत हासिल की थी।

100 से ज्यादा सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद भाजपा सरकार बनाने से चूक गई थी, क्योंकि JDS ने कांग्रेस को बिना शर्त समर्थन दे दिया था। कांगेस के समर्थन से JDS नेता एचडी कुमारस्वामी को मुख्यमंत्री बनाया गया था।

करीब डेढ़ साल मुख्यमंत्री रहने के बाद कुमारस्वामी को अविश्ववास प्रस्ताव का समाना करना पड़ा, जिसमें वे बहुमत साबित नहीं कर पाए। बाद में भाजपा ने येदियुरप्पा को राज्य का मुख्यमंत्री बनाया। इसके बाद जुलाई 2021 में येदियुरप्पा ने मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया। उनकी जगह BJP के बसवराज बोम्मई को मुख्यमंत्री बनाया गया। बोम्मई उस समय राज्य के गृह मंत्री थे।

कर्नाटक से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…

डीके शिवकुमार बोले- तमिलनाडु के लिए पानी नहीं छोड़ पाएंगे:1 नवंबर से रोज देना था 2600 क्यूसेक कावेरी वाटर

कर्नाटक के डिप्टी CM डीके शिवकुमार ने कहा है कि वे तमिलनाडु को पानी नहीं दे पाएंगे। डीके ने बताया कि कृष्णराज सागर बांध में और कावेरी बेसिन पर्याप्त पानी नहीं है, इसलिए वे कावेरी वाटर मैनेजमेंट अथॉरिटी के आदेश का पालन नहीं कर सकेंगे। कावेरी वाटर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने सोमवार को कर्नाटक सरकार से 1 नवंबर से 15 दिन तक रोजाना तमिलनाडु को 2600 क्यूसेक (क्यूबिक फुट प्रति सेकेंड) पानी देने की सिफारिश की है। इसके पहले CWRC ने 13 सितंबर को 5 हजार क्यूसेक पानी देने का निर्देश दिया था। पढ़ें पूरी खबर…

खबरें और भी हैं…