कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा: राहुल गांधी बोले- सत्ता में आए तो देश में जाति जनगणना कराएंगे

मालदा43 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान बुधवार को राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल के मालदा में रोड शो किया। - Dainik Bhaskar

कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान बुधवार को राहुल गांधी ने पश्चिम बंगाल के मालदा में रोड शो किया।

कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा गुरुवार (1 फरवरी) को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद पहुंचेगी। इसके पहले बुधवार को भारत जोड़ो न्याय यात्रा पश्चिम बंगाल के मालदा पहुंची। यहां राहुल गांधी ने सभा को संबोधित किया। राहुल ने कहा कि अगर उनकी पार्टी आगामी लोकसभा चुनाव में केंद्र में सत्ता में आती है तो पूरे देश में जाति जनगणना कराई जाएगी। हम सामाजिक न्याय चाहते हैं। दलितों, आदिवासियों की संख्या जानने के जाति जनगणना जरूरी है।

यात्रा ने सुजापुर में रात्रि विश्राम किया।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा की सिलसिलेवार खबरें पढ़िए…

31 जनवरी न्याय यात्रा का 16वां दिन: प.बंगाल में राहुल की कार का शीशा टूटा, अधीर रंजन बोले- किसी ने पत्थर मारा होगा; सुप्रिया ने कहा- सुरक्षा घेरे की रस्सी से टूटा शीशा

कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा आज बिहार से दोबारा पश्चिम बंगाल पहुंची है। यहां मालदा में राहुल की कार का शीशा टूट गया। पहले खबर आई कि राहुल की कार पर पत्थरों से हमला किया गया। इसकी जानकारी अधीर रंजन चौधरी ने दी। उन्होंने कहा कि ऐसे ऐसे हमले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

इसके कुछ देर बाद कांग्रेस की सोशल मीडिया प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि राहुल पर हमले की खबर गलत है। जब एक महिला राहुल से मिलने के लिए एकदम से आगे आ गईं, तब कार को अचानक रोकना पड़ा। इससे सुरक्षा घेरे में इस्तेमाल किए जाने वाली रस्से से कार की विंडशील्ड टूट गई। पढ़ें पूरी खबर…

30 जनवरी- न्याय यात्रा का 15वां दिन: राहुल बोले- नीतीश पर दबाव पड़ता है तो वे यू टर्न ले लेते हैं ​​​

कटिहार में फुटबॉल खिलाड़ियों से मिलते राहुल गांधी।

कटिहार में फुटबॉल खिलाड़ियों से मिलते राहुल गांधी।

राहुल गांधी ने बिहार के पूर्णिया में नीतीश कुमार पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि नीतीश पर दबाव पड़ता है तो वो यू टर्न ले लेते हैं। वो शपथ लेते हैं तो खूब तालियां बजती हैं। उन्होंने ये भी कहा था कि नीतीश सीएम हाउस की ओर निकल जाते हैं, बाद में पता चलता है कि वो अपना शॉल राज्यपाल भवन में छोड़ आए हैं, उसे लेने वापस जाते हैं तो गर्वनर भी कहते हैं कि इतनी जल्दी आ गए।

राहुल ने किसानों पर भी बात की थी। उन्होंने कहा था कि जो भी राजनेता किसानों की जमीन की रक्षा करने की बात करेगा, उस पर 24 घंटे आक्रमण होगा। हिंदुस्तान की सरकार जमीन अधिग्रहण के कानून को तोड़ रही है। किसानों को चारों ओर से घेरा जा रहा है। आपसे जमीन ली जाती है और अडाणी जैसे बड़े-बड़े उद्योगपतियों को मुफ्त में दी जाती है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

29 जनवरी- न्याय यात्रा का 14वां दिन: राहुल ने नीतीश कुमार पर एक शब्द भी नहीं कहा

किशनगंज में स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि देश में RSS और भाजपा की विचारधारा ने हिंसा और नफरत फैला रखी है। 4 मिनट के भाषण में राहुल गांधी एक शब्द भी बिहार की नई सरकार और नीतीश कुमार पर नहीं बोले। उन्होंने सिर्फ आरएसएस और भाजपा पर हमला किया। पूरी खबर पढ़ें…

28 जनवरी- न्याय यात्रा का तेरहवां दिन: राहुल बोले- बंगाल को नफरत के खिलाफ आगे आना होगा

पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के अकेले चुनाव लड़ने के ऐलान के बाद TMC का कोई भी नेता राहुल की यात्रा में शामिल नहीं हुआ।

पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के अकेले चुनाव लड़ने के ऐलान के बाद TMC का कोई भी नेता राहुल की यात्रा में शामिल नहीं हुआ।

दो दिन के ब्रेक के बाद कांग्रेस की न्याय यात्रा रविवार (28 जनवरी) को जलपाईगुड़ी से दोपहर 2:30 बजे से शुरू हुई। राहुल गांधी ने कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के साथ SUV कार पर सवार होकर यात्रा शुरू की। शाम होते-होते यात्रा सिलिगुड़ी पहुंची। रात्रि विश्राम के बाद कल (सोमवार को) सुबह यात्रा उत्तर दिनाजपुर के इस्लामपुर होते हुए दोपहर तक बिहार में प्रवेश करेगी।

यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने जलपाईगुड़ी में कहा- बंगाल और बंगालियों को अन्याय के खिलाफ लड़ने के लिए आगे आना होगा और नफरत को खत्म करना होगा। अगर आप अब आगे नहीं आएंगे तो लोग आपको कभी माफ नहीं करेंगे। हमने यात्रा में न्याय शब्द जोड़ा है, क्योंकि हिंदुस्तान में नफरत का कारण अन्याय है। ऐसा इसलिए क्योंकि देश की सारी संपत्ति कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों के हाथों में जा रही है। पूरी खबर पढ़ें…

25 जनवरी न्याय यात्रा का बारहवां दिन, हिमंता बोले- असम में राहुल ने साजिश रची

असम-पश्चिम बंगाल की सीमा पर कांग्रेस के झंडे को बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष को सौंपा गया।

असम-पश्चिम बंगाल की सीमा पर कांग्रेस के झंडे को बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष को सौंपा गया।

कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का गुरुवार (25 जनवरी) को 12वां दिन है। सुबह 8 बजे यात्रा असम से शुरू हुई। 11:30 बजे के करीब यात्रा पश्चिम बंगाल के कूच बिहार जिले के बक्शीरहाट पहुंची।

असम से होकर निकली न्याय यात्रा को लेकर काफी विवाद रहा। CM हिमंता ने गुरुवार को कहा- यात्रा की टाइमिंग देखिए। कांग्रेस ने असम में एक बड़ा सांप्रदायिक टकराव भड़काने की साजिश रची थी। इसकी एक झलक हमें गुवाहाटी में मिली थी। पूरी खबर पढ़ें…

24 जनवरी न्याय यात्रा का ग्यारहवां दिन, असम के CM बोले- राहुल को लोकसभा चुनाव के बाद गिरफ्तार करेंगे

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा बुधवार (24 जनवरी) को 11वें दिन असम के बरपेटा से शुरू हुई। यहां राहुल ने कार की छत पर बैठकर भीड़ को संबोधित किया। राहुल ने एक बार फिर असम के मुख्यमंत्री को देश का सबसे भ्रष्ट CM बताया।

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव के बाद हम राहुल गांधी को गिरफ्तार करेंगे। 23 जनवरी को भारत जोड़ो न्याय यात्रा को गुवाहाटी शहर में जाने से रोकने के लिए पुलिस ने बेरिकेडिंग की थी, जिसे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उखाड़ दिया था। इस पर राहुल गांधी और पार्टी के अन्य नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज की गई थी। पूरी खबर पढ़ें…

23 जनवरी- न्याय यात्रा का दसवां दिन, असम में बेरिकेड्स हटाने पर राहुल गांधी व अन्य पर FIR दर्ज

मंगलवार को असम के गुवाहाटी में कांग्रेस के नेताओं और पुलिस के बीच झड़प हुई थी।

मंगलवार को असम के गुवाहाटी में कांग्रेस के नेताओं और पुलिस के बीच झड़प हुई थी।

10वें दिन की यात्रा की शुरुआत राहुल गांधी ने असम-मेघालय सीमा पर युवाओं से बातचीत करके की। उन्होंने स्टूडेंट्स से कहा कि मैं आपकी यूनिवर्सिटी आकर आपसे बात करना चाहता था और ये समझना चाहता था कि आप किन मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।

बाद में राहुल गांधी की न्याय यात्रा गुवाहाटी पहुंची, जिसे असम पुलिस ने रोक दिया। पुलिस ने गुवाहाटी सिटी जाने वाली सड़क पर बैरिकेडिंग कर दी। इसके बाद कांग्रेस समर्थक पुलिस से भिड़ गए। उन्होंने बैरिकेडिंग तोड़ दी। इस पर राहुल गांधी सहित अन्य नेताओं पर FIR दर्ज कर ली गई। पूरी खबर पढ़ें…

22 जनवरी- न्याय यात्रा का नौवां दिन- असम में शंकरदेव के जन्मस्थल पर एंट्री नहीं मिली, धरने पर बैठे राहुल

यात्रा को रोके जाने के बाद राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल असम के नेताओं के साथ धरने पर बैठ गए।

यात्रा को रोके जाने के बाद राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल असम के नेताओं के साथ धरने पर बैठ गए।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा के नवें दिन सोमवार को राहुल गांधी असम के नगांव पहुंचे। वे यहां बोर्दोवा थान में संत श्री शंकरदेव के जन्मस्थल पर दर्शन करने आए थे, लेकिन उन्हें एंट्री नहीं दी गई। सुरक्षाबलों ने राहुल और अन्य कांग्रेसी नेताओं को रास्ते में हैबरगांव में रोक दिया।

यहां सुरक्षाबलों से बहस के बाद राहुल और अन्य कांग्रेसी नेता धरने पर बैठ गए। सभी को अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के बाद 3 बजे मंदिर आने के लिए कहा गया था। इस मामले पर असम CM हेमंत बिस्वा सरमा से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा- आज रावण के बारे में तो बात मत कीजिए। पूरी खबर पढ़ें…

21 जनवरी- न्याय यात्रा का दिन आठवां दिन, असम में राहुल गांधी के साथ धक्का-मुक्की

कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के आठवें दिन असम में राहुल गांधी के साथ धक्का-मुक्की हुई। राहुल को बचाते हुए उनके सिक्योरिटी गार्ड उन्हें बस के अंदर वापस ले गए। घटना के दौरान राहुल का काफिला सोनितपुर में था। राहुल ने घटना को लेकर कहा- आज BJP के कुछ कार्यकर्ता झंडा लेकर हमारी बस के सामने आ गए। मैं बस से निकला, वो भाग गए। हमारे जितने पोस्टर फाड़ने हैं, फाड़ दो। हमें कोई फर्क नहीं पड़ता। पूरी खबर पढ़ें…

20 जनवरी- सातवां दिन, कांग्रेस का आरोप-असम में यात्रा पर हमला किया गया

कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा सातवें दिन अरुणाचल प्रदेश पहुंची। इससे पहले यात्रा असम से होकर गुजरी। जहां यात्रा के काफिले पर हमला किया गया। कांग्रेस ने हमले का आरोप भाजपा पर लगाया है।

पार्टी ने सोशल मीडिया पर लिखा- BJP के गुंडों ने पोस्टर-बैनर फाड़े, गाड़ियों में तोड़फोड़ की। ये यात्रा को मिल रहे समर्थन से घबरा गए हैं। एक दिन पहले ही असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा ने कहा था कि कांग्रेस की न्याय यात्रा को सुरक्षा नहीं दी जाएगी, यात्रा शहर से नहीं जाने देंगे। पूरी खबर पढ़ें…

19 जनवरी- छठा दिन: राहुल ने ब्रह्मपुत्र नदी में बोट की सवारी की

राहुल गांधी ने असम में ब्रह्मपुत्र नदी पर बोट से सफर किया और माजुली द्वीप पहुंचे।

राहुल गांधी ने असम में ब्रह्मपुत्र नदी पर बोट से सफर किया और माजुली द्वीप पहुंचे।

शुक्रवार (19 जनवरी) को राहुल ने असम के लखीमपुर जिले के गोगामुख में जनसभा को संबोधित किया था। उन्होंने कहा कि भाजपा और RSS दिल्ली से हिंदुस्तान पर शासन करना चाहते हैं, जबकि कांग्रेस स्थानीय शासन का समर्थन करती है।

राहुल ने ब्रह्मपुत्र नदी में बोट पर सैर की। वे जोरहाट से दुनिया के सबसे बड़े नदी द्वीप माजुली पहुंचे। वहां से यात्रा सड़क मार्ग से गोगामुख पहुंची। रास्ते में राहुल ने लोगों का अभिवादन किया और रास्ते में कतार में खड़े लोगों से बातचीत की। भारत जोड़ो न्याय यात्रा ने गोगामुख में नाइट स्टे किया। पूरी खबर पढ़ें…

18 जनवरी- पांचवां दिन: नगालैंड से असम पहुंची यात्रा

असम के जोरहाट जिले में ही बस की छत से लोगों को संबोधित करते राहुल गांधी

असम के जोरहाट जिले में ही बस की छत से लोगों को संबोधित करते राहुल गांधी

यात्रा के पांचवें दिन राहुल गांधी नगालैंड से असम पहुंचे। उन्होंने असम के शिवसागर जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। राहुल ने कहा- भाजपा और RSS देश में आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक अन्याय कर रही है। भारत जोड़ा न्याय यात्रा का लक्ष्य हर धर्म, हर जाति के लोगों को एकजुट करने के साथ इस अन्याय के खिलाफ लड़ना भी है। पूरी खबर पढ़ें…

17 जनवरी- चौथा दिन: राहुल बोले- PM ने आपसे झूठा वादा किया, मैं शर्मिंदा हूं

जनजाति समूह के लोगों ने राहुल गांधी से मुलाकात की।

जनजाति समूह के लोगों ने राहुल गांधी से मुलाकात की।

न्याय यात्रा के चौथे दिन बुधवार (17 जनवरी) को राहुल गांधी नगालैंड में थे। उन्होंने सुबह 9 बजे नगालैंड के वीकेटाउन, झुनहाबोटो से यात्रा की शुरुआत की। मोकोकचुंग में उन्होंने सभा ली।

मोकोकचुंग में राहुल ने कहा- मैं शर्मिंदा हूं कि PM मोदी ने 9 साल पहले नगालैंड के लोगों से नगा संधि को लेकर एक वादा किया था, लेकिन इसे लेकर कुछ नहीं किया। अगर आपके पास किसी चीज का हल नहीं है, तो आपको झूठ नहीं बोलना चाहिए।

इसके बाद यात्रा चुचुयिम्बेंग गांव, रांगकोंग और तुली पहुंची। तुली में रात्रि विश्राम के बाद राहुल अगली सुबह असम रवाना हुए थे। पूरी खबर पढ़ें…

16 जनवरी- तीसरा दिन: राहुल बोले- छोटे राज्यों को भी बराबरी का अधिकार

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने नगालैंड के कोहिमा में स्थानीय लोगों के साथ चाय पी।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने नगालैंड के कोहिमा में स्थानीय लोगों के साथ चाय पी।

कोहिमा में लोगों को संबोधित करने हुए राहुल ने कहा कि इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप छोटे राज्य हैं, आपको देश के बाकी लोगों जैसे बराबरी का दर्जा मिलना चाहिए। राहुल ने यहां द्वितीय विश्व युद्ध के स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।

I.N.D.I.A में सीट शेयरिंग को लेकर राहुल ने कहा कि अलायंस चुनाव लड़ेगा और जीतेगा। सीट शेयरिंग को लेकर हमारी बातचीत जारी है। ज्यादातर जगह आसान है, कुछ एक जगह पर थोड़ा मुश्किल है, लेकिन सीट शेयरिंग की मुद्दा हम आसानी से सुलझा लेंगे। पूरी खबर पढ़ें…

15 जनवरी- दूसरा दिन: मणिपुर के मैतेई और कुकी समुदायों के इलाकों से गुजरे राहुल

राहुल गांधी की बस में कुछ बच्चे पोस्टर लेकर पहुंचे। इनमें लिखा था- अंकल राहुल, हम आपके साथ पैदल चलना चाहते हैं। अंकल राहुल, हम देश का भविष्य हैं और हमारा भविष्य आप पर निर्भर है।

राहुल गांधी की बस में कुछ बच्चे पोस्टर लेकर पहुंचे। इनमें लिखा था- अंकल राहुल, हम आपके साथ पैदल चलना चाहते हैं। अंकल राहुल, हम देश का भविष्य हैं और हमारा भविष्य आप पर निर्भर है।

राहुल ने इम्फाल वेस्ट के सेकमई से यात्रा शुरू की थी। राहुल अपनी ट्रेडमार्क सफेद टी-शर्ट और पैंट के साथ पारंपरिक मणिपुरी जैकेट पहने थे। भीड़ से बात करने और उनकी समस्याओं पर चर्चा करने के लिए राहुल यात्रा मार्ग पर कई बार बस से उतरे। उन्होंने लोगों के साथ सेल्फी ली और पारंपरिक नृत्य प्रदर्शन भी देखा।

वे मैतेई और कुकी दोनों समुदायों के इलाकों से गुजरे। गांधी ने कांगपोकपी जिले की भी यात्रा की जहां पिछले साल मई में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाया गया था। यात्रा रात को नगालैंड पहुंची। राहुल पार्टी के सहयोगियों के साथ मणिपुर की सीमा से लगे कोहिमा जिले के खुजामा गांव पहुंचे। यहां रात्रि विश्राम किया। पूरी खबर पढ़ें…

14 जनवरी- पहला दिन: राहुल बोले- PM मोदी मणिपुर के आंसू पोछने नहीं आए

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर के थौबल से शुरू हुई।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर के थौबल से शुरू हुई।

14 जनवरी को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मणिपुर के थौबल से भारत जोड़ो न्याय यात्रा का आगाज किया। यात्रा से पहले राहुल गांधी ने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा- चुनाव में ज्यादा समय नहीं बचा। इसलिए पैदल के साथ-साथ बस यात्रा का फैसला किया। सवाल उठा कि यात्रा कहां से शुरू करें, किसी ने कहा वेस्ट से करो, किसी ने ईस्ट बताया।

राहुल बोले कि मैंने साफ कहा- अगली भारत जोड़ो यात्रा सिर्फ मणिपुर से शुरू हो सकती है। मणिपुर में BJP की नफरत की राजनीति है। मणिपुर में भाई-बहन, माता-पिता आंखों के सामने मरे और आज तक हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री मणिपुर में आपके आंसू पोछने, गले मिलने नहीं आए। ये शर्म की बात है। पूरी खबर पढ़ें…

राहुल की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 66 दिन, 15 राज्य और 6700 किलोमीटर का सफर

66 दिनों तक चलने वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा देश के 15 राज्यों और 110 जिलों से होकर गुजरेगी। राहुल गांधी जगह-जगह रुक कर स्थानीय लोगों से संवाद करेंगे। इस दौरान राहुल 6700 किमी का सफर तय करेंगे। यात्रा 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी।

20 मार्च को खत्म होने वाली यात्रा 15 राज्य और 110 जिलों के 337 विधानसभा सीटों को कवर करेगी। इस दौरान राहुल गांधी बस से और पैदल 6 हजार 713 किलोमीटर से ज्यादा का सफर करेंगे। यह मणिपुर से शुरू होकर नगालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात से होते हुए महाराष्ट्र में खत्म होगी।

15 राज्यों की 100 लोकसभा सीटों को कवर करेगी भारत जोड़ो न्याय यात्रा

भारत जोड़ो न्याय यात्रा एक दिन के लिए मणिपुर में रहेगी। इसके बाद यह नगालैंड में प्रवेश करेगी और दो दिनों में 257 KM और 5 जिलों को कवर करेगी और आठ दिनों में असम में 833 KM और 17 जिलों को कवर करेगी। इसके बाद यात्रा एक-एक दिन के लिए अरुणाचल प्रदेश और मेघालय जाएगी।

रूट मैप के मुताबिक, यात्रा पश्चिम बंगाल में पांच दिनों तक चलेगी, जिसमें 523 KM और सात जिले शामिल होंगे। बिहार में चार दिन तक 425 किमी और 7 जिलों को कवर किया जाएगा। इसके बाद झारखंड में यात्रा आठ दिन में 804 KM और 13 जिलों को कवर करेगी।

ओडिशा में न्याय यात्रा चार दिन में 341 KM और चार जिलों को कवर करेगी और छत्तीसगढ़ में पांच दिन में 536 KM और सात जिलों को कवर करेगी। कांग्रेस की यह यात्रा उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा 11 दिन का समय बिताएगी और 20 जिलों को कवर करेगी।

मध्य प्रदेश में यात्रा सात दिनों में 698 KM और 9 जिलों को कवर करेगी। यह एक दिन में राजस्थान के 2 जिलों जाएगी। राहुल की यह यात्रा गुजरात और महाराष्ट्र में पांच-पांच दिनों तक चलेगी, जो क्रमशः 445 किमी और 479 किमी की दूरी तय करेगी। इसका समापन 20 या 21 मार्च को मुंबई में होगा।

UP में यात्रा का फोकस अमेठी-वाराणसी में रहेगा
भारत जोड़ो न्याय यात्रा सबसे ज्यादा दिन UP में रहेगी। यह यात्रा 11 दिन में 20 से ज्यादा जिले कवर करके कुल 1074 KM की दूरी तय करेगी। UP में सबसे ज्यादा 80 लोकसभा सीटें हैं, लेकिन साल 2019 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस एक सीट पर सिमट गई थी। रायबरेली से केवल सोनिया गांधी को जीत मिली थी।

इस चुनाव में कांग्रेस अपनी पैतृक सीट अमेठी भी हार गई थी। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी को बड़े अंतर से हरा दिया था। ऐसे में कांग्रेस का फोकस लोकसभा की कई अहम सीटों पर रहेगा। इनमें वाराणसी, अमेठी, रायबरेली, लखनऊ और प्रयागराज शामिल हैं।

145 दिनों की भारत जोड़ो यात्रा कर चुके हैं राहुल

इससे पहले राहुल गांधी ने 7 सितंबर 2022 से 30 जनवरी 2023 तक भारत जोड़ो यात्रा की थी। 145 दिनों की यात्रा तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू होकर जम्मू-कश्मीर में खत्म हुई थी। तब राहुल ने 3570 किलोमीटर की यात्रा में 12 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों को कवर किया था।

श्रीनगर में यात्रा के समापन के मौके पर शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में राहुल ने कहा था- मैंने यह यात्रा अपने लिए या कांग्रेस के लिए नहीं बल्कि देश की जनता के लिए की है। हमारा उद्देश्य उस विचारधारा के खिलाफ खड़ा होना है जो इस देश की नींव को नष्ट करना चाहती है।

यात्रा के दौरान राहुल ने 12 सभाओं को संबोधित किया था, 100 से ज्यादा बैठकें और 13 प्रेस कॉन्फ्रेंस की थीं। उन्होंने चलते हुए 275 से ज्यादा चर्चाओं में हिस्सा लिया, जबकि कहीं रुककर 100 के करीब चर्चाएं कीं.