केरल में प्रोफेसर का हाथ काटने का मुख्य आरोपी गिरफ्तार: 13 साल से फरार था, NIA ने गिरफ्तारी पर 10 लाख रुपए का इनाम रखा था

कन्नूर1 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

राष्ट्रीय जांच एजेंसी ( NIA ) ने केरल में कॉलेज प्रोफेसर का हाथ काटने के मामले में मुख्य और आखिरी फरार आरोपी सावद को बुधवार (10 जनवरी) को गिरफ्तार कर लिया। वह 13 साल से अधिक समय से फरार था। NIA के एक प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी सवाद की गिरफ्तारी पर 10 लाख रुपए का इनाम था।

एजेंसी के लगातार प्रयासों के बाद बुधवार सुबह उसे उत्तरी केरल के कन्नूर जिले के मट्टनूर से पकड़ लिया गया।

पीड़ित प्रोफेसर टीजे जोसेफ। डॉक्टरों ने सर्जरी करके उनका हाथ जोड़ दिया था। -फाइल फोटो

पीड़ित प्रोफेसर टीजे जोसेफ। डॉक्टरों ने सर्जरी करके उनका हाथ जोड़ दिया था। -फाइल फोटो

घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए पीड़ित प्रोफेसर जोसेफ ने कहा कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी से उन्हें मतलब नहीं है। उनका अब भी मानना ​​है कि उन पर हमले के पीछे के मास्टरमाइंड अभी भी छिपे हुए हैं। वही मुख्य अपराधी हैं। उन तक जांच एजेंसी नहीं पहुंची है। यह बताता है कि हमारे कानूनी सिस्टम में अभी भी खामी है।

प्रोफेसर ने कहा कि गिरफ्तारी पुलिस के लिए राहत की बात हो सकती है, लेकिन इस मामले में उनकी दिलचस्पी किसी अन्य व्यक्ति जितनी ही है। उन्होंने यह भी कहा कि वे नहीं मानते कि किसी आरोपी की गिरफ्तारी या सजा से पीड़ितों को न्याय मिलता है।

यह पूछे जाने पर कि क्या वह सवाद को पहचान सकते हैं, जोसेफ ने कहा कि हां क्योंकि उन्हें अभी भी हमला याद है।

पहले मामला जान लेते हैं
यह घटना 4 जुलाई 2010 को एर्नाकुलम जिले के मुवत्तुपुझा में हुई। प्रोफेसर जोसेफ अपने परिवार के साथ चर्च से घर लौट रहे थे। रास्ते में PFI के 7 मेंबर्स ने उनकी गाड़ी रोकी और प्रोफेसर को वाहन से बाहर खींच लिया।

सातों ने उनके साथ मारपीट की और फिर मुख्य आरोपी सवाद ने उनके दाहिने हाथ का पंजा काट दिया। हालांकि डॉक्टर्स ने सर्जरी करके पंजा जोड़ दिया था। ​​​

प्रोफेसर जोसेफ इडुक्की जिले के थोडुपुझा स्थित न्यूमैन कॉलेज में पोस्टेड थे। उन्होंने बीकॉम सेमेस्टर परीक्षा के लिए प्रश्न पत्र बनाया था। आरोपियों का मानना था कि प्रश्न पत्र में कथित तौर पर एक धर्म विशेष के खिलाफ टिप्पणियां थीं। इसी वजह से हमलावर जोसेफ को मारना चाहते थे।

हमले के दो महीने बाद जोसेफ की नौकरी चली गई। उनकी पत्नी ने 2014 में सुसाइड कर लिया था। पत्नी की मौत के कुछ दिन बाद ही जोसेफ को कॉलेज ने फिर नौकरी पर रख लिया। चंद दिनों बाद ही 31 मार्च 2014 को वे रिटायर हो गए।

13 को दोषी ठहराया गया
शुरुआत में केरल पुलिस ने 54 लोगों को आरोपी बनाया था, लेकिन अप्रैल 2011 में NIA (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) ने जांच शुरू की। उसने चार्जशीट में 37 लोगों को आरोपी बनाया था। इनमें से 31 पर मुकदमा चला।

पहले चरण में 2015 में NIA कोर्ट ने इसी मामले में 13 लोगों को दोषी ठहराया था। शेष 18 को बरी कर दिया गया था।

3 दोषियों को उम्रकैद की सजा हुई

13 जुलाई 2023 को केरल की NIA कोर्ट ने मामले में 3 दोषियों साजिल, नसर और नजीब को उम्रकैद की सजा सुनाई। शेष तीन दोषियों- नौशाद, पी पी मोइदीन कुन्हू और अयूब को तीन साल की सजा सुनाई गई थी। इन्होंने दोषियों को शरण दी थी। दोषियों पर कुल 4 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया गया था। कोर्ट ने यह पैसा पीड़ित को देने को कहा था।

साजिल को आतंकवादी वारदात करने और इसकी साजिश रचने, हत्या की कोशिश और विस्फोटकों के इस्तेमाल के अपराध के लिए 10-10 साल की सजा भी सुनाई गई थी।

नसर और नजीब को भी हत्या की कोशिश और विस्फोटकों के इस्तेमाल के अपराध के लिए 10-10 साल की सजा सुनाई गई थी।

फैसले के बाद जोसेफ ने कहा था कि उनका मानना ​​है कि 13 साल पहले जो हुआ उससे उनका जीवन नष्ट नहीं हुआ। हां जीवन में कुछ बदलाव हुए और उन्हें नुकसान हुआ। उन्होंने अपने हमलावरों के प्रति भी सहानुभूति व्यक्त की।

ये खबर भी पढ़ें…

प्रोफेसर का हाथ काटने के मामले में 3 को उम्रकैद, NIA कोर्ट ने हमले को आतंकी वारदात बताया, पीड़ित ने कहा- मैंने माफ किया

केरल की NIA कोर्ट ने प्रोफेसर का हाथ काटने के मामले में 3 लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। मामले में बुधवार को 6 लोगों को दोषी करार दिया गया था। जस्टिस अनिल के भास्कर ने साजिल, नसर और नजीब को उम्रकैद की सजा सुनाई। पढ़ें पूरी खबर…

खबरें और भी हैं…