दिल्ली एयरपोर्ट के रनवे पर 15 मिनट खड़ा रहा विमान: टैक्सी-वे पर नहीं रुका, टोइंग विमान से पार्किंग पर लाया गया; कई फ्लाइट्स लेट

नई दिल्ली2 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
इंडिगो की फ्लाइट 6E-2221 अमृतसर से सुबह 7:20 बजे उड़ान भरकर सुबह 8:30 बजे दिल्ली पहुंची थी। (फाइल फोटो) - Dainik Bhaskar

इंडिगो की फ्लाइट 6E-2221 अमृतसर से सुबह 7:20 बजे उड़ान भरकर सुबह 8:30 बजे दिल्ली पहुंची थी। (फाइल फोटो)

देश के सबसे बिजी दिल्ली के इंदिरा गांधी एयरपोर्ट (IGI) पर रविवार को इंडिगो का एक विमान लैंडिंग के बाद रास्ता भटक गया। वह टैक्सी-वे पर न रुक कर रनवे के आखिरी छोर पर चला गया। इसकी वजह से 15 मिनट तक रनवे ब्लॉक रहा। इस दौरान कई विमान लैंडिंग और टेकऑफ परमिशन नहीं मिलने के कारण लेट हो गए।

दरअसल, इंडिगो की फ्लाइट नंबर 6E-2221 अमृतसर से सुबह 7:20 बजे उड़ान भरकर सुबह 8:30 बजे दिल्ली पहुंची थी। लैंडिंग के बाद उसे टैक्सी-वे से होकर पार्किंग तक पहुंचना था। लेकिन वह रनवे के आखिरी पॉइंट पर जाकर रुक गई। एयरपोर्ट मैनेजमेंट को जब इसकी सूचना मिली तो विमान को खींचकर पार्किंग तक लाया।

घटना को लेकर इंडिगो के प्रवक्ता ने कहा- फ्लाइट एयरपोर्ट पर सुबह 8:30 बजे लैंड हुई। इस समय दिल्ली में घना कोहरा था। कम विजिबिलिटी के कारण फ्लाइट एग्जिट टैक्सी-वे पर नहीं रुकी और रनवे पर आगे चली गई। घना कोहरे के कारण अन्य विमान भी प्रभावित हुए।

फ्लाइट लेट और हंगामे से जुड़ी 5 बड़ी घटनाएं

1- 13 घंटे लेट हुई फ्लाइट, पैसेंजर ने पायलट को थप्पड़ मारा

दिल्ली एयरपोर्ट पर 14 जनवरी को खराब मौसम के चलते इंडिगो की फ्लाइट (6E-2175) 13 घंटे लेट हुई। इससे एक पैसेंजर नाराज हुआ और उसने पायलट को थप्पड़ मार दिया। वह सीट से उठकर पायलट के पास गया और थप्पड़ मारने के बाद कहा- चलाना है तो चला नहीं तो खोल गेट। पूरी खबर पढ़ें…

2- फ्लाइट 12 घंटे लेट, नाराज पैसेंजर ने रनवे के पास खाना खाया

14 जनवरी को इंडिगो की गोवा से दिल्ली जा रही फ्लाइट 6E2195 12 घंटे लेट उड़ान भरने के बाद मुंबई डायवर्ट कर दी गई थी। इससे पैसेंजर्स नाराज हो गए। वे रनवे के पास टारमैक पर बैठ गए और खाना खाने लगे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इसके बाद इंडिगो पर 1.80 करोड़ का जुर्माना लगा। पूरी खबर पढ़ें…

3- स्पाइसजेट की फ्लाइट में लड़की से छेड़छाड़

31 जनवरी को स्पाइसजेट की फ्लाइट SG-592 कोलकाता से बागडोगरा जा रही थी। इस दौरान एक 26 साल की लड़की के साथ एक पैसेंजर ने छेड़छाड़ की। पीड़िता का आरोप ता कि आरोपी पैसेंजर बगल में बैठकर उसे गलत तरीके से छू रहा था। उसने जानबूझकर अपना हाथ उसके हाथ और जांघ पर रखा था। पूरी खबर पढ़ें…

4- मुंबई से गुवाहाटी जा रही फ्लाइट की बांग्लादेश में लैंडिंग, 178 पैसेंजर्स 12 घंटे विमान में ही बैठे रहे

13 जनवरी को मुंबई से गुवाहाटी जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट को बांग्लादेश के ढाका में लैंड कराया गया। गुवाहाटी में घने कोहरे के कारण फ्लाइट लैंड नहीं हो सकी और उसे डायवर्ट किया गया। इस फ्लाइट में 178 पैसेंजर्स सवार थे।

चूंकि डोमेस्टिक फ्लाइट होने के कारण सभी यात्री बिना पासपोर्ट के सफर कर रहे थे, इसलिए ढाका में उन्हें फ्लाइट से उतरने की इजाजत नहीं मिली। इसके कारण यात्रियों को 12 घंटे फ्लाइट के अंदर ही बैठना पड़ा। पूरी खबर पढ़ें…

5- गोवा में रनवे पर कुत्ता आया, फ्लाइट वापस बेंगलुरु लौटी
13 नवंबर 2023 को बेंगलुरु से गोवा आने वाली विस्तारा फ्लाइट गोवा के डेबोलिम एयरपोर्ट के रनवे पर कुत्ते के आ जाने से वापस लौट गई। एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (ATC) ने रनवे पर कुत्ते के आने की सूचना पायलट को दी और कुछ देर इंतजार करने को कहा, लेकिन पायलट विमान को वापस बेंगलुरु ले गया। फिर तीन घंटे बाद प्लेन वापस लौटा। पूरी खबर पढ़ें…

कम विजिबिलिटी में भी हो सकती है IGI एयरपोर्ट पर लैंडिंग
दिल्ली का इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट है। यहां हर रोज लगभग 1,400 फ्लाइट्स ऑपरेट होती है। यहां चार रनवे हैं। इनमें से 2 रनवे कैट-3 सुविधा से लैस है। इसका मतलब यहां से खराब मौसम में भी फ्लाइट्स की लैंडिंग और टेकऑफ किया जा सकता है। हालांकि, इसके लिए पायलट को भी कैट-3 की ट्रेनिंग होनी चाहिए।

दरअसल, CAT-3 यानी कैटेगरी-3 खराब मौसम में फ्लाइट्स की सुरक्षित लैंडिंग कराने का इंटरनेशनल स्टैंडर्ड है। इसमें एडवांस ऑटोपायलट, ग्राउंड इक्विपमेंट और प्रिसिशन इंस्ट्रूमेंट अप्रोच शामिल होता है, जिसकी मदद से कम विजिबिलिटी के दौरान फ्लाइट की लैंडिंग कराई जाती है।

खबरें और भी हैं…