बंगाल की खाड़ी में उठा मिधिली साइक्लोन: बंगाल, ओडिशा समेत 8 राज्यों में असर होगा, अलर्ट जारी; कल सुबह बांग्लादेश से टकराएगा

  • Hindi News
  • National
  • Cyclone Midhili Tracking Update; IMD Rain Alert In West Bengal Odisha | Bay Of Bengal

भुवनेश्वर/कोलकाता2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक
बंगाल की खाड़ी में बने इस साइक्लोन का नाम मिधिली मालदीव की ओर से दिया गया था। - Dainik Bhaskar

बंगाल की खाड़ी में बने इस साइक्लोन का नाम मिधिली मालदीव की ओर से दिया गया था।

बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र साइक्लोन का रूप ले रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, इस साइक्लोन का नाम मिधिली रखा गया है।

शुक्रवार 17 नवंबर की रात या शनिवार 18 नवंबर की सुबह ये पश्चिम बंगाल के सुंदरवन के पास से गुजरते हुए बांग्लादेश से टकरा सकता है। इस दौरान इसकी रफ्तार 80 किमी प्रतिघंटा रहेगी।

भारत के 8 राज्यों में इसका असर देखा जाएगा। इन राज्यों में पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, असम, नागालैंड और मेघालय शामिल हैं।

IMD ने इन राज्यों में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

IMD की ओर से जारी इस मैप में साइक्लोन से प्रभावित इलाकों को दर्शाया गया है।

IMD की ओर से जारी इस मैप में साइक्लोन से प्रभावित इलाकों को दर्शाया गया है।

बंगाल के तटीय इलाकों में सबसे ज्यादा असर होगा
IMD के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्र में मिधिली का असर सबसे ज्यादा होगा। इनमें पूर्वी मेदनीपुर, कोलकाता, हावड़ा, नादिया, पूर्वी बर्दमान, उत्तर और दक्षिण 24 परगना शामिल हैं। इनके अलावा 20 नवंबर तक तामिलनाडु और केरल के कुछ इलाकों में इसके कारण हल्के से मध्यम बारिश हो सकती है।

80 किमी/घंटे की रफ्तार से बांग्लादेश से टकराएगा तूफान
IMD ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में कम दबाव क्षेत्र नॉर्थ और नॉर्थ-ईस्ट में अभी मौजूद है। इसकी लोकेशन पश्चिम बंगाल के दीघा से 460 किमी साउथ और साउथ वेस्ट में ट्रेस की गई है। आगे बढ़कर ये दबाव साइक्लोन में तब्दील होगा।

शनिवार सुबह मिधिली साइक्लोन 80 किमी प्रतिघंटा से अधिक की रफ्तार से बांग्लादेश के खेपुपारा और मोंगला से टकरा सकता है।

राज्य सचिवालय की ओर से अलर्ट जारी
पश्चिम बंगाल के राज्य सचिवालय नबन्ना की कहा गया कि राज्य के तीन तटीय क्षेत्रों में साइक्लोन के बारे में पहले से चेतावनी दी जा चुकी है। साथ ही मिधिली से निपटने के लिए सभी उपाय करने के लिए निर्देश जारी किए जा चुके हैं। इसके साथ ही मछुआरों को 16 से 18 नवंबर के बीच मछली पकड़ने और समुद्र में जाने से मना किया गया है।

साइक्लोन का नाम कैसा रखा गया
साइक्लोन का नाम मिधिली रखा गया है जो कि मालदीव की ओर से दिया गया था। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के चक्रवातों से प्रभावित देश बारी-बारी से एक क्रम में चक्रवातों के नाम देते हैं।

पिछले 7 महीनों में आए बड़े तूफान…

23 अक्टूबर: बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान हामून:ओडिशा-पश्चिम बंगाल में कुछ जगह बारिश

बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन (गहरा दबाव का क्षेत्र) सोमवार शाम चक्रवात में बदल गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि इस चक्रवात का भारत पर कोई बड़ा असर नहीं होगा। हालांकि ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में चक्रवात के असर से बारिश होगी और तेज हवाएं चलेंगी।

इस चक्रवाती तूफान को हामून नाम दिया गया है। ये नाम ईरान ने रखा है। तूफान हामून 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर दिशा की ओर बढ़ रहा है। पूरी खबर पढ़िए…

21 अक्टूबर: अरब सागर में आया तेज तूफान, ओमान की ओर बढ़ा

हामून चक्रवात से पहले अरब सागर में तेज नाम का तूफान उठा था। पहले इसके भारत की तरफ आने की संभावना थी। बाद में IMD ने बताया कि चक्रवाती तूफान का गुजरात के तटीय इलाकों से टकराने का खतरा टल गया है।

यह तूफान गुजरात से 1600 किमी दूर ओमान और यमन की तरफ बढ़ गया है। हिंद महासागर क्षेत्र में चक्रवातों के नामकरण के लिए अपनाए गए एक फॉर्मूले के अनुसार इस तूफान का नाम ‘तेज’ रखा गया है।

IMD के मुताबिक, तेज तूफान 25 अक्टूबर की सुबह अल गैदाह (यमन) और सलालाह (ओमान) से होकर यमन-ओमान के तटीय इलाकों को पार करेगा। हालांकि, निजी एजेंसी स्काईमेट वेदर ने यमन-ओमान में चक्रवाती तूफान तेज के कमजोर पड़ने की संभावना जाहिर की है। पढ़ें पूरी खबर…

13 जून : अरब सागर से उठे तूफान बिपरजॉय ने गुजरात, महाराष्ट्र में मचाई तबाही

13 जून को अरब सागर से उठे बिपरजॉय तूफान ने भारत में काफी तबाही मचाई थी। 15 जून की शाम को तूफान गुजरात के कच्छ जिले के जखौ पोर्ट से टकराया। इस दौरान 150 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। इसके चलते गुजरात और मुंबई के तटीय इलाकों में भारी बारिश हुई। गुजरात में 9 लोगों की मौत हो गई थी। 940 से ज्यादा गांवों की बिजली गुल हो गई। वहीं, बाढ़ और रास्ते बंद होने से 4600 ग्रामीण इलाकों का संपर्क टूट गया था। पढ़ें पूरी खबर…

7 मई : बंगाल की खाड़ी में आए मोका तूफान से म्यांमार में 3 की मौत

​​​​​​7 मई को बंगाल की खाड़ी में मोका तूफान आया था। पहले यह इंडियन कोस्टल एरिया की तरफ बढ़ रहा था। बाद में यह म्यांमार के तट से टकराया। लगभग 200 किलोमीटर की रफ्तार से चल रही हवाओं और तेज बारिश की वजह से कई घरों की छतें उड़ गईं और मोबाइल टावर गिर गए। इस तूफान का असर बांग्लादेश पर भी हुआ था। पढ़ें पूरी खबर…

खबरें और भी हैं…