मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: कलकत्ता HC बोला- संदेशखाली का 1% सच भी शर्मनाक, PM बोले- मोदी सजा दिलवाकर रहेगा; Byju’s​​​​​​​ के फाउंडर की नेटवर्थ जीरो हुई

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Sandeshkhali Case PM Modi Jamui Rally| Gold Rate Today

35 मिनट पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर पश्चिम बंगाल के संदेशखाली मामले पर कलकत्ता हाईकोर्ट की टिप्पणी की रही। बंगाल की एक रैली में PM मोदी ने इसी मामले का जिक्र किया और दोषियों को सजा दिलाने की बात कही। वहीं, 10 ग्राम सोने की कीमत पहली बार 70 हजार रुपए के करीब पहुंच गई है।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. PM मोदी राजस्थान के चूरू और झुंझुनू में चुनावी सभाएं करेंगे।
  2. कांग्रेस लोकसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र जारी करेगी।
  3. कांग्रेस नेता कार्ति चिदंबरम की मनी लॉन्ड्रिंग केस में राऊज एवेन्यू कोर्ट में पेशी होगी।
  4. सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के बीच IPL मुकाबला होगा। यह मैच हैदराबाद में खेला जाएगा।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. कलकत्ता HC बोला- संदेशखाली पीड़ितों का 1% सच भी शर्मनाक, अगर ऐसा है तो सत्ताधारी पार्टी 100% जिम्मेदार

पश्चिम बंगाल के गर्वनर सीवी आनंद बोस ने 12 फरवरी को संदेशखाली में उत्पीड़न के खिलाफ प्रदर्शन कर रही महिलाओं से मुलाकात की थी।

पश्चिम बंगाल के गर्वनर सीवी आनंद बोस ने 12 फरवरी को संदेशखाली में उत्पीड़न के खिलाफ प्रदर्शन कर रही महिलाओं से मुलाकात की थी।

कलकत्ता हाईकोर्ट में संदेशखाली मामले में मुख्य आरोपी शाहजहां के खिलाफ दाखिल 5 जनहित याचिकाओं पर सुनवाई हुई। अदालत ने कहा, ‘अगर इस मामले में 1% भी सच्चाई है तो यह शर्मनाक है। पूरा प्रशासन और सत्ताधारी पार्टी इसके लिए नैतिक तौर पर 100% जिम्मेदार है। यह लोगों की सुरक्षा का मामला है।’ ED के वकील ने राज्य सरकार पर सहयोग न करने का आरोप लगाते हुए पूछा कि ऐसी स्थिति में केंद्रीय एजेंसियां ​​जांच को कैसे आगे बढ़ा सकती हैं।

उधर, पश्चिम बंगाल के कूच बिहार में PM मोदी ने कहा- संदेशखाली के दोषियों को मोदी सजा दिलवाकर ही रहेगा। उनकी बाकी जिंदगी जेल में कटेगी।

क्या है संदेशखाली केस: संदेशखाली में शेख शाहजहां और उसके दो साथियों शिबू हाजरा और उत्तम सरदार पर आरोप है कि वे महिलाओं का लंबे समय से गैंगरेप कर रहे थे। इस केस में शिबू हाजरा, उत्तम सरदार, शाहजहां समेत 18 लोगों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। महिलाओं से यौन उत्पीड़न और जमीन हड़पने के आरोपी TMC से निष्कासित नेता शेख शाहजहां को बंगाल पुलिस ने 29 फरवरी को गिरफ्तार किया था।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. ममता बोलीं- जहरीले सांप पर भरोसा कर सकते हैं, भाजपा पर नहीं, वे देश बर्बाद कर रहे
पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी ने कूच बिहार में एक रैली को संबोधित किया। यह रैली मोदी की रैली वाली जगह से सिर्फ 30 किमी दूर थी। ममता ने कहा- आप एक जहरीले सांप पर भरोसा कर सकते हैं। उसे पाल भी सकते हैं, लेकिन आप भाजपा पर कभी भरोसा नहीं कर सकते। भाजपा देश को बर्बाद कर रही है।

BJP और केंद्रीय एजेंसियों पर भी आरोप लगाए: ममता ने भाजपा पर आचार संहिता का पालन नहीं करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा- केंद्रीय जांच एजेंसियां, NIA, IT, BSF और CISF जैसे सेंट्रल फोर्स भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। मैं लोगों से मतदान के बाद नतीजे आने तक EVM की सुरक्षा करने को कहूंगी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. सोना पहली बार ₹70 हजार के करीब, चांदी ने भी ₹79,063 का ऑल टाइम हाई बनाया

सर्राफा बाजार में 10 ग्राम सोना 572 रुपए महंगा होकर 69,936 रुपए का हो गया है। यह ऑल टाइम हाई है। इस साल सिर्फ 3 महीने में ही सोने के दाम 6,634 रुपए बढ़ चुके हैं। 1 जनवरी को सोने की कीमत 63,302 रुपए प्रति 10 ग्राम थी। चांदी भी 1469 रुपए महंगी होकर 79,063 रुपए प्रति किलो ग्राम पर पहुंच गई। यह चांदी का भी ऑल टाइम हाई है।

₹75,000 तक जा सकती है कीमत: मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक आने वाले दिनों में सोने में तेजी देखने को मिल सकती है। इसके चलते साल के आखिर तक सोना 75 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है। वहीं चांदी भी 85 हजार प्रति किलोग्राम तक पहुंच सकती है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. Byju’s के फाउंडर की नेटवर्थ जीरो हुई, एक साल पहले 17,545 करोड़ रुपए थी
वित्तीय संकट से जूझ रही एडटेक कंपनी बायजूस के फाउंडर बायजू रवीन्द्रन की नेटवर्थ जीरो हो गई है। एक साल पहले उनकी नेटवर्थ ₹17,545 करोड़ थी। फोर्ब्स की बिलेनियर इंडेक्स 2024 में ये जानकारी सामने आई है। कंपनी अभी नकदी संकट से जूझ रही है। पिछले महीने बायजूस के शेयरहोल्डर्स ने रवींद्रन को CEO पद से हटाने के लिए वोटिंग भी की थी।

कंपनी पर ₹10 हजार करोड़ का लोन: रवींद्रन ने 2011 में बायजूस की शुरुआत की थी। तब यह सबसे तेजी से ग्रोथ करने वाला स्टार्टअप बन गया। 2022 में इसकी वैल्यूएशन 1.84 लाख करोड़ रुपए बताई थी। 2019-20 में कंपनी को 310 करोड़ का नुकसान हुआ, जो 2020-21 में बढ़कर 4,560 करोड़ हो गया। कंपनी पर फिलहाल करीब 10 हजार करोड़ रुपए का टर्म लोन है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. देश के 6 राज्यों में लू चल रही, तापमान 43°, MP के 18 जिलों में बारिश की संभावना
देश के 6 राज्यों में लू चल रही है। इनमें कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल शामिल हैं। यहां का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने इन राज्यों में 6 अप्रैल तक लू की संभावना जताई है। 7 अप्रैल से मध्यप्रदेश के 18 और बिहार के 9 जिलों में बारिश हो सकती है।

राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर: वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से जयपुर, जोधपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर और भरतपुर संभाग के 18 जिलों में बादल छाए रहे। 5 और 6 अप्रैल को राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं। कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इस दौरान अगले दो-तीन दिन तापमान में कोई खास बदलाव नहीं आएगा।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. संजय निरुपम बोले- कांग्रेस में 5 पावर सेंटर; अकेली पार्टी, जिसने रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को नकारा

कांग्रेस से निष्कासित पूर्व सांसद संजय निरुपम ने कहा कि पार्टी में 5 अलग-अलग पावर सेंटर हैं। सोनिया, राहुल, ‘बहनजी’, नए अध्यक्ष खड़गे और वेणुगोपाल। निरुपम भाजपा या शिवसेना शिंदे गुट में शामिल हो सकते हैं। 3 अप्रैल की रात खड़गे ने अनुशासनहीनता और पार्टी विरोधी बयानों की शिकायतों के बाद निरुपम को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित करने की मंजूरी दी थी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. कांग्रेस प्रवक्ता रहे गौरव वल्लभ भाजपा में शामिल, लिखा- सनातन-विरोधी नारे नहीं लगा सकता

BJP महासचिव विनोद तावड़े की मौजूदगी में पूर्व कांग्रेस नेता गौरव वल्लभ पार्टी में शामिल हुए।

BJP महासचिव विनोद तावड़े की मौजूदगी में पूर्व कांग्रेस नेता गौरव वल्लभ पार्टी में शामिल हुए।

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे गौरव वल्लभ ने पार्टी से इस्तीफा देने के बाद भाजपा जॉइन कर ली। उन्होंने खड़गे को भेजे लेटर में लिखा था कि मैं सनातन विरोधी नारे नहीं लगा सकता, इसलिए इस्तीफा दे रहा हूं। कांग्रेस ने राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में गौरव वल्लभ को उदयपुर सीट से मैदान में उतारा था, लेकिन वे BJP के ताराचंद जैन से 32 हजार से ज्यादा वोटों से हार गए थे।

3 कद्दावर नेताओं ने कांग्रेस छोड़ी: 24 घंटे के अंदर कांग्रेस के 3 कद्दावर नेताओं ने पार्टी छोड़ दी। 3 अप्रैल की शाम बॉक्सर विजेंदर सिंह ने, फिर देर रात पूर्व सांसद संजय निरुपम और इसके बाद 4 अप्रैल को गौरव वल्लभ ने।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

8. IPL में पंजाब ने गुजरात को 3 विकेट से हराया, शशाxक सिंह ने मैच विनिंग 61 रन बनाए

पंजाब किंग्स के शशांक सिंह ने 61 रन बनाकर टीम को मैच जिताया।

पंजाब किंग्स के शशांक सिंह ने 61 रन बनाकर टीम को मैच जिताया।

पंजाब किंग्स ने IPL-2024 के 17वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस को 3 विकेट से हरा दिया। यह पंजाब की लगातार दो हार के बाद पहली जीत है। गुजरात ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट पर 199 रन बनाए। जवाब में पंजाब ने 19.5 ओवर में टारगेट हासिल कर लिया।

मैच के हाईलाइट्स: पंजाब के शशांक सिंह ने 29 बॉल पर नाबाद 61 रन की पारी खेली। उन्होंने IPL में पहली फिफ्टी जमाई है। आशुतोष शर्मा ने 17 बॉल पर 31 रन बनाए। नूर अहमद को दो विकेट मिले। GT के कप्तान शुभमन गिल ने 48 बॉल पर 89 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। साई सुदर्शन 33 रन बनाकर आउट हुए। पंजाब से कगिसो रबाडा ने दो विकेट झटके। हरप्रीत ब्रार और हर्षल पटेल को एक-एक विकेट मिला।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. नेशनल: केजरीवाल को CM पद से हटाने की याचिका नहीं सुनी: दिल्ली HC बोला- लोकतंत्र को अपना काम करने देना चाहिए, याचिकाकर्ता LG के पास जाएं (पढ़ें पूरी खबर)
  2. नेशनल: PM की फोटो खींचने वाले 2 पत्रकारों पर केस: बिना इजाजत बिल्डिंग में घुसे थे ताकि मुंबई एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री की तस्वीर ले सकें (पढ़ें पूरी खबर)
  3. नेशनल: 62% सैनिक स्कूल BJP-RSS को सौंपने का दावा खारिज: केंद्र ने कहा- 500 एप्लिकेशन में से अभी 45 को मंजूरी, सिलेक्शन प्रोसेस बहुत सख्त (पढ़ें पूरी खबर)
  4. नेशनल: कच्चाथीवू पर श्रीलंका बोला- मसला 50 साल पहले सुलझ चुका: कहा- इसे दोबारा उठाने की जरूरत नहीं, भारत में सिर्फ राजनीतिक बहस चल रही (पढ़ें पूरी खबर)
  5. इंटरनेशनल: ताइवान भूकंप, 2 भारतीय लापता, सर्च ऑपरेशन जारी: 24 घंटे में 5 से ज्यादा तीव्रता के 200 आफ्टरशॉक; अब तक 9 की मौत, 1000 घायल (पढ़ें पूरी खबर)
  6. बिजनेस: टेस्ला ने भारत के लिए कार बनाना शुरू किया: बर्लिन में राइट-हैंड ड्राइव कार का प्रोडक्शन कर रही कंपनी, साल के अंत तक लॉन्च की उम्मीद (पढ़ें पूरी खबर)
  7. इंटरनेशनल: बाइडेन की इफ्तार में नहीं आए मुस्लिम: गाजा जंग में इजराइल के समर्थन पर जताई नाराजगी, व्हाइट हाउस को कैंसिल करना पड़ा रमजान सेलिब्रेशन (पढ़ें पूरी खबर)
  8. इंटरनेशनल: ईरान के चाबहार में आतंकी हमला, 27 की मौत: इनमें 11 सुरक्षाकर्मी; ईरानी बॉर्डर गार्ड्स के हेडक्वार्टर पर कब्जा करना चाहते थे आतंकी (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

गोल्ड कमोड चुराने वाले ने जुर्म कबूला, इसकी कीमत 50 करोड़ रुपए

तस्वीर 2016 में गुगेनहेम म्यूजियम में रखे गए सोने के टॉयलेट की है। तब लोग इसे देखने के साथ इसका उपयोग भी कर सकते थे।

तस्वीर 2016 में गुगेनहेम म्यूजियम में रखे गए सोने के टॉयलेट की है। तब लोग इसे देखने के साथ इसका उपयोग भी कर सकते थे।

जेम्स शीन नाम के शख्स ने 5 साल बाद ब्रिटेन के ब्लेनहेम पैलेस से सोने का कमोड चुराने का जुर्म कबूल लिया है। 18 कैरेट गोल्ड से बने इस कमोड की कीमत 50 करोड़ रुपए है। इसे 2016 में न्यूयॉर्क के गुगेनहेम म्यूजियम में रखा गया। फिर 2017 में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को व्हाइट हाउस में रखने के लिए दिया गया। 2019 में इटली के एक आर्ट एग्जिबिशन में यह कमोड आखिरी बाद दिखा।
पढ़ें पूरी खबर…

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…