मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: कांग्रेस बोली- BJP वॉशिंग मशीन, मोदी वॉशिंग पाउडर; आडवाणी को भारत रत्न देने उनके घर जाएंगी राष्ट्रपति; BJP की 8वीं लिस्ट जारी

  • Hindi News
  • National
  • BJP Washing Machine Modi Washing Powder| Lal Krishna Advani Bharat Ratna

55 मिनट पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर कांग्रेस की ओर से भाजपा पर लगाए आरोपों की रही। एक खबर देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से जुड़ी रही, राष्ट्रपति भवन में 4 शख्सियतों को मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. इंडिया ब्लॉक दिल्ली के रामलीला मैदान में लोकतंत्र बचाओ रैली करेगा। इसमें 26 दलों के नेता शामिल हो सकते हैं।
  2. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यूपी के मेरठ में रैली करेंगे। भाजपा ने यहां से अरुण गोविल को उम्मीदवार बनाया है। रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी भी मोदी के साथ मंच साझा करेंगे।
  3. कांग्रेस की सेंट्रल इलेक्शन कमेटी (CEC) की बैठक होगी। इसमें बाकी बचे उम्मीदवारों के नाम फाइनल होंगे। कांग्रेस अब तक 208 कैंडिडेट्स के नाम घोषित कर चुकी है।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. कांग्रेस बोली- BJP वॉशिंग मशीन, मोदी वॉशिंग पाउडर; 10 साल पुराना आरोपी भी बेदाग निकलता है

कांग्रेस ने भाजपा को वॉशिंग मशीन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को वॉशिंग पाउडर बताया है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में BJP वॉशिंग मशीन दिखाई। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास 8,552 करोड़ की वॉशिंग मशीन है, जो इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए मिली है। इसमें 10 साल पुराना केस भी डालो तो आरोपी बेदाग निकलता है। मशीन के साथ-साथ ये कमाल मोदी वॉशिंग पाउडर का भी है।

विपक्ष के 51 केस गिनाए: खेड़ा ने विपक्षी नेताओं पर लगे 51 केस गिनाए, जिनमें जांच एजेंसियों की कार्रवाई जारी है। 20 ऐसे केस भी गिनाए, जिनमें सत्ता पक्ष और उसके करीबी पार्टियों के नेताओं पर केस दर्ज हैं, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

किन नेताओं के नाम गिनाए: खेड़ा ने कहा, ‘मुकुल रॉय, सुवेंदु अधिकारी, मिथुन चक्रवर्ती, सोवन चटर्जी, वायएस चौधरी, जगन रेड्‌डी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। NCP नेता प्रफुल्ल पटेल इसके जीते-जागते उदाहरण हैं। भाजपा ने उन पर अरबों रुपए के घोटाले का आरोप लगाया। जब वे NCP को तोड़कर भाजपा के साथ गए तो उनके सारे दाग साफ हो गए। असम के CM हिमंता सरमा की भी कुछ यही कहानी है।’
पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. भाजपा की आठवीं लिस्ट में 3 राज्यों के 11 नाम, गुरदासपुर से सनी देओल का टिकट कटा

भाजपा ने लोकसभा चुनाव 2024 के लिए 11 उम्मीदवारों की आठवीं लिस्ट जारी की। पंजाब से 6, ओडिशा से 3 और पश्चिम बंगाल से 2 नाम हैं। पंजाब के गुरदासपुर से सनी देओल का टिकट काट दिया है। ओडिशा की कटक सीट से BJD से आए भर्तृहरि मेहताब को मैदान में उतारा है। भाजपा अब तक 8 लिस्ट में 417 नामों का ऐलान कर चुकी है।

पंजाब में दूसरे दल से आए 3 नेताओं को टिकट: पंजाब के कैंडिडेट्स में 3 दूसरे दल से आए नेता हैं। परनीत कौर पटियाला सीट से कांग्रेस सांसद थीं। 14 मार्च को ही उन्होंने भाजपा जॉइन की। रवनीत सिंह बिट़्टू लुधियाना से कांग्रेस सांसद थे। वे 26 मार्च को कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए। सुशील कुमार रिंकू जालंधर सीट से आम आदमी पार्टी के टिकट पर लोकसभा उपचुनाव जीते थे। लेकिन 27 मार्च को AAP छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. नरसिम्हा राव समेत 4 शख्सियतों को भारत रत्न, चारों को मरणोपरांत यह सम्मान मिला

नरसिम्हा राव के बेटे पीवी प्रभाकर राव, चौधरी चरण सिंह के पोते जयंत चौधरी, कर्पूरी ठाकुर के बेटे रामनाथ ठाकुर और स्वामीनाथन की बेटी नित्या राव ने राष्ट्रपति से भारत रत्न लिया।

नरसिम्हा राव के बेटे पीवी प्रभाकर राव, चौधरी चरण सिंह के पोते जयंत चौधरी, कर्पूरी ठाकुर के बेटे रामनाथ ठाकुर और स्वामीनाथन की बेटी नित्या राव ने राष्ट्रपति से भारत रत्न लिया।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह, पूर्व PM पी.वी. नरसिम्हा राव, बिहार के पूर्व CM कर्पूरी ठाकुर और कृषि वैज्ञानिक डॉ. एमएस स्वामीनाथन को मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया।

आज आडवाणी को भारत रत्न मिलेगा: भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी तबीयत खराब होने के कारण कार्यक्रम में नहीं जा सके। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज आडवाणी के घर जाकर उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करेंगी। PM मोदी, गृह मंत्री शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्‌डा मौजूद रहेंगे। आडवाणी से पहले अटल बिहारी वाजपेयी को भी प्रोटोकॉल से हटकर उनके घर जाकर भारत रत्न दिया गया था।

अब तक 53 हस्तियों को भारत रत्न मिला: केंद्र ने इस साल 5 हस्तियों को भारत रत्न सम्मान देने का ऐलान किया था। 2014 में सत्ता संभालने के बाद से मोदी के कार्यकाल में मदन मोहन मालवीय, अटल बिहारी वाजपेयी, प्रणब मुखर्जी, भूपेन हजारिका और नानाजी देशमुख को यह सम्मान मिल चुका है। 2024 के 5 हस्तियों को मिलाकर इस सम्मान को अब तक हासिल करने वालों की संख्या 53 हो गई।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. IPL-2024 में लखनऊ की पहली जीत, डेब्यूटांट मयंक यादव ने झटके तीन विकेट

लखनऊ सुपरजायंट्स (LSG) ने IPL-2024 के 11वें मुकाबले में पंजाब किंग्स को 21 रन से हरा दिया। अटल बिहारी वाजपेयी स्टेडियम में लखनऊ ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 199 रन बनाए। जवाब में पंजाब की टीम 20 ओवर में 5 विकेट पर 178 रन ही बना सकी। इस IPL में LSG की यह पहली जीत है। पंजाब के कप्तान शिखर धवन 50 बॉल पर 70 और जॉनी बेयरस्टो 29 बॉल पर 42 रन बनाकर आउट हुए। सैम करन ने तीन विकेट झटके, जबकि अर्शदीप सिंह को 2 विकेट मिले।

LSG के 21 साल के तेज गेंदबाज मयंक यादव ने डेब्यू मैच में 3 विकेट झटके, जबकि मोहसिन खान ने 2 विकेट लिए। मयंक ने इस मैच में 156 KMPH की स्पीड से बॉल डाली। जो सीजन की सबसे तेज गेंद रही। LSG से क्विंटन डी कॉक ने 38 बॉल पर 54 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, जबकि कप्तान निकोलस पूरन ने 21 बॉल पर 42 रन बनाए। क्रुणाल पंड्या ने 22 बॉल पर नाबाद 43 रन की पारी खेली।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. मुख्तार अंसारी को सुपुर्द-ए-खाक किया गया, बेटे ने आखिरी बार उसकी मूछों पर ताव दिया

मुख्तार अंसारी को गाजीपुर के कालीबाग कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। करीब 30 हजार लोग जनाजे में शामिल हुए। बेटे उमर ने जनाजे पर इत्र छिड़का। मुख्तार की मूंछों पर आखिरी बार ताव दिया। मुख्तार यूपी की बांदा जेल में बंद था। 28 मार्च की रात उसे बेहोशी की हालत में मेडिकल कॉलेज लाया गया था। 9 डॉक्टर्स ने उसका इलाज किया, पर मुख्तार को बचाया नहीं जा सका। उसे कार्डियक अरेस्ट हुआ था।

अफजाल अंसारी और DM में हॉट-टॉक: DM आर्यका अखौरी ने मुख्तार के बड़े भाई और सांसद अफजाल अंसारी से परिवार के लोगों को ही कब्रिस्तान में जाने को कहा। इस पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई। अफजाल ने कहा कि मिट्टी देने के लिए दुनिया में कोई परमिशन नहीं लेता है। जवाब में डीएम ने कहा कि धारा 144 तोड़ने वालों पर FIR कराऊंगी। दोनों के बीच करीब 10 मिनट बहस चली।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. BJP मेनिफेस्टो कमेटी का ऐलान, इसमें 4 राज्यों के सीएम समेत 27 सदस्य, राजनाथ अध्यक्ष

भाजपा ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए 27 मेंबर्स की मेनिफेस्टो कमेटी का ऐलान किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संयोजक और पीयूष गोयल सह संयोजक हैं। कमेटी में मध्यप्रदेश के CM मोहन यादव, असम के CM हिमंता बिस्वा सरमा, गुजरात के CM भूपेंद्र पटेल और छत्तीसगढ़ के विष्णुदेव साय भी शामिल हैं। कांग्रेस से भाजपा में आए अनिल एंटनी को भी शामिल किया गया है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. ओडिशा कांग्रेस ने उम्मीदवारों से 50 हजार मांगे, टिकट नहीं मिलने पर लौटाने की बात कही
ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (OPCC) ने लोकसभा और विधानसभा चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों से 50 हजार रुपए जमा करने को कहा है। प्रदेश अध्यक्ष शरत पटनायक ने कहा कि पार्टी शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों से 50 हजार के चेक ले रही है, ताकि प्रचार से जुड़ी सामग्री दी जा सके। टिकट नहीं पाने वाले नेताओं को चेक लौटा दिए जाएंगे। कई उम्मीदवार चेक जमा कर चुके हैं।

स्टेट कांग्रेस के पास फंड नहीं: वरिष्ठ कांग्रेस नेता और विधायक तारा प्रसाद बाहिनीपति ने इस फैसले को सही ठहराते हुए कहा कि पार्टी के पास प्रचार के लिए फंड नहीं है। उम्मीदवारों को पार्टी के लिए बलिदान देना होगा। कांग्रेस को 147 विधानसभा और 21 लोकसभा सीटों के लिए करीब 3 हजार आवेदन मिले थे। हालांकि उन नेताओं की संख्या का खुलासा नहीं किया गया है, जिन्होंने राशि का भुगतान किया।

कांग्रेस को मिला ₹1700 करोड़ का नया IT नोटिस: इनकम टैक्स (IT) विभाग ने 29 मार्च को कांग्रेस को 1700 करोड़ रुपए का नया डिमांड नोटिस जारी किया। नया नोटिस 2017-18 से 2020-21 के लिए है। इसमें जुर्माने के साथ ब्याज भी शामिल हैं। नए नोटिस को लोकसभा चुनाव से पहले नकदी संकट से जूझ रही कांग्रेस के लिए झटका माना जा रहा है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. पॉलिटिक्स: अरुणाचल प्रदेश की 10 विधानसभा सीट पर भाजपा की जीत: CM पेमा खांडू समेत सभी निर्विरोध जीते, 19 अप्रैल को बची हुई 50 सीटों पर होगी वोटिंग (पढ़ें पूरी खबर)
  2. पॉलिटिक्स: बारामती में सुप्रिया सुले और भाभी सुनेत्रा पवार में मुकाबला: शरद पवार की बेटी 2009 से सांसद, अजित पवार की पत्नी पहली बार चुनावी मैदान में (पढ़ें पूरी खबर)
  3. नेशनल: केजरीवाल के मंत्री गहलोत से ED ने 5 घंटे पूछताछ की: शराब घोटाले में पूछताछ के लिए एजेंसी ने समन भेजा था, पॉलिसी बनाने वाली टीम में थे (पढ़ें पूरी खबर)
  4. नेशनल: दिल्ली जल बोर्ड केस- ED ने पहली चार्जशीट दाखिल की: 140 पन्नों की चार्जशीट में जल बोर्ड के पूर्व चीफ इंजीनियर और कॉन्ट्रेक्टर आरोपी (पढ़ें पूरी खबर)
  5. नेशनल: न्यूज क्लिक केस- फाउंडर पुरकायस्थ के खिलाफ चार्जशीट दाखिल: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल 2 बक्सों में लेकर पहुंची 8 हजार पन्नों का दस्तावेज (पढ़ें पूरी खबर)
  6. मध्य प्रदेश: खजुराहो से सपा ने मनोज यादव को बनाया प्रत्याशी: BJP के वीडी शर्मा से होगा मुकाबला; कांग्रेस ने गठबंधन के तहत छोड़ी सीट (पढ़ें पूरी खबर)
  7. डिप्लोमेसी: अमेरिका बोला- पाकिस्तान को सपोर्ट करते रहेंगे: राष्ट्रपति बाइडेन ने PM शाहबाज को खत लिखा, कहा- चुनौतियों का मिलकर सामना करेंगे (पढ़ें पूरी खबर)
  8. इंटरनेशनल: PAK आतंकी हमले के बाद दहशत में चीनी नागरिक: चीन ने 3 डैम प्रोजेक्ट्स रोके; अपने 1500 नागरिकों को पाकिस्तान से निकाल रहा (पढ़ें पूरी खबर)
  9. इंटरनेशनल: पाकिस्तान की राजनीति में जरदारी परिवार से पिछड़ा शरीफ खानदान: संसद में इनके 4 सदस्य; सिर्फ 3 सीटों पर सिमटे नवाज और उनके रिश्तेदार (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

पत्नी को भूत-पिशाच कहना क्रूरता नहीं, पटना हाईकोर्ट ने पति की सजा रद्द की
पति अगर पत्नी को भूत या पिशाच कहकर संबोधित करता है तो इसे प्रताड़ना या क्रूरता नहीं माना जाएगा। यह बात पटना हाईकोर्ट ने अपने एक फैसले में कही। कोर्ट ने पति को राहत देते हुए निचली अदालत से मिली सजा रद्द कर दी। दरअसल, नालंदा की अदालत ने इसी आरोप में पति को IPC की धारा 498A के तहत दोषी करार दिया था और एक साल की सजा सुनाई थी। साथ ही दहेज उत्पीड़न के मामले में 6 महीने जेल की सजा सुनाई थी। ट्रायल कोर्ट के फैसले को सेशन कोर्ट ने भी बरकरार रखा था।

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

  1. मुख्तार के बाद कौन चलाएगा उसकी IS-191 गैंग: बेटा जेल में, पत्नी फरार, 15 हजार करोड़ की प्रॉपर्टी किसकी होगी
  2. मुख्तार को जेल में मारे जाने का डर क्यों था: कस्टडी में साथी मारे गए, जज से कहा- बड़े लोग मेरी हत्या की साजिश रच रहे
  3. जयपुर का ‘रोबोटिक’ कपल, सेना को भी पसंद इनके रोबोट: दंगों में भीड़ को खदेड़ेंगे, आग भी बुझा सकते हैं; कभी फंड नहीं था, अब खुद की कंपनी
  4. MP में आखिरी मौके पर कैसे कटा अरुण यादव का टिकट: सीईसी की बैठक में लग चुकी थी मुहर, सिंघार के बयान के बाद बदले
  5. 11 की उम्र में हीरोइन बनी थीं सईदा खान: प्रोड्यूसर पति ने शक में हत्या कर खुदकुशी की, बेटे कमल सदाना के जन्मदिन पर हुआ डबल मर्डर
  6. सेहतनामा- कोरोना से 20 साल बूढ़ा हुआ दिमाग, घटा IQ: नियमित एक्सरसाइज, ताजे फल और लाइफस्टाइल बदलने से होगा सुधार
  7. जरूरत की खबर- सफर के दौरान पेट में परेशानी: बच्चे को मोशन सिकनेस से बचाएं, अपनाएं ये 10 टिप्स

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…