मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: केजरीवाल की अर्जी पर फैसला सुरक्षित; संजय सिंह की रिहाई; बॉक्सर विजेंदर कांग्रेस छोड़ BJP में; ताइवान में 7.5 तीव्रता का भूकंप

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines Arvind Kejriwal ED Case India S Jaishankar China

55 मिनट पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर दिल्ली के CM अरविंद केजरीवाल से जुड़ी रही, दिल्ली हाईकोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी और रिमांड के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर फैसला सुरक्षित रखा है। एक खबर IPL 2024 की रही, जिसके 16वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 106 रन से हरा दिया।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार के जमुई में चुनावी रैली करेंगे। इसके बाद पश्चिम बंगाल के कूच बिहार में जनसभा करेंगे।
  2. IPL में गुजरात टाइटंस और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबला होगा। यह मैच अहमदाबाद में खेला जाएगा।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. केजरीवाल की अर्जी पर फैसला सुरक्षित; ED बोली- हमारे पास वॉट्सऐप चैट-हवाला ऑपरेटर्स के बयान

तस्वीर 1 अप्रैल की है। इसी दिन दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने केजरीवाल को 15 अप्रैल तक की ज्यूडिशियल कस्टडी में तिहाड़ जेल भेजा था।

तस्वीर 1 अप्रैल की है। इसी दिन दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने केजरीवाल को 15 अप्रैल तक की ज्यूडिशियल कस्टडी में तिहाड़ जेल भेजा था।

CM अरविंद केजरीवाल ने अपनी गिरफ्तारी और रिमांड को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। अदालत ने 5 घंटे चली बहस के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया। ED ने कहा कि हमारे पास केजरीवाल के खिलाफ वॉट्सऐप चैट और हवाला ऑपरेटर्स के बयान हैं। वहीं केजरीवाल के वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि इस बात के कोई सबूत नहीं हैं कि केजरीवाल मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल थे।

कोर्ट में ED की दलील: अगर कोई आम आदमी अपराध करता है तो उसे सलाखों के पीछे जाना पड़ता है। लेकिन आप CM हैं तो आपको गिरफ्तार नहीं किया जा सकता? आप पूरे देश को लूट लेंगे, लेकिन कोई आपको छू नहीं सकता, क्योंकि इलेक्शन आ रहे हैं। आप कहते हैं कि आपकी गिरफ्तारी से लोकतंत्र के मूलभूत ढांचे को नुकसान पहुंचेगा। ये किस तरह का बेसिक स्ट्रक्चर है।

आतिशी बोलीं- केजरीवाल का वजन 4.5 किलो घटा: दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने दावा किया कि केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद पिछले 12 दिनों में उनका वजन 4.5 किलो कम हो गया है। ED ने 21 मार्च को जब उन्हें कस्टडी में लिया था, तब उनका वजन 69.5 kg था, अब 65 kg हो गया है। इस पर तिहाड़ जेल प्रशासन ने बताया कि जितना वजन (65kg) 1 अप्रैल को उतना अब भी है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. संजय सिंह 6 महीने बाद तिहाड़ जेल से रिहा, बोले- AAP आंदोलन की कोख से जन्मी पार्टी

संजय सिंह ने जेल से बाहर आने के बाद AAP कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया।

संजय सिंह ने जेल से बाहर आने के बाद AAP कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया।

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह 6 महीने बाद तिहाड़ जेल से जमानत पर रिहा हुए। जेल से बाहर आने के बाद संजय ने कहा, ‘केजरीवाल, सत्येन्द्र जैन और मनीष सिसोदिया सलाखों के पीछे हैं। मुझे विश्वास है कि जेल के ताले टूटेंगे और वे बाहर आएंगे।’ संजय ने अरविंद की पत्नी सुनीता और मनीष सिसोदिया की पत्नी सीमा से मुलाकात की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा- AAP का जन्म आंदोलन की कोख से हुआ है। हम किसी से नहीं डरते।

जमानत के लिए 3 शर्तें: ​​​​​कोर्ट ने संजय की जमानत के लिए तीन शर्तें रखीं। पहला- वे जेल से बाहर जाकर दिल्ली आबकारी नीति केस से जुड़ी कोई बयानबाजी नहीं करेंगे। दूसरा- अपना पासपोर्ट सरेंडर करेंगे। तीसरा- दिल्ली से बाहर जाने पर ED को जानकारी देंगे और अपनी लाइव लोकेशन शेयर करेंगे।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. बॉक्सर विजेंदर कांग्रेस छोड़ BJP में शामिल हुए, 2019 में लोकसभा चुनाव हार गए थे

रामवीर सिंह बिधूड़ी ने विजेंदर सिंह को भाजपा की सदस्यता दिलाई।

रामवीर सिंह बिधूड़ी ने विजेंदर सिंह को भाजपा की सदस्यता दिलाई।

हरियाणा के भिवानी में रहने वाले ओलिंपियन बॉक्सर विजेंदर सिंह कांग्रेस छोड़ BJP में शामिल हो गए। उन्होंने भाजपा के दिल्ली हेडक्वार्टर में पार्टी की सदस्यता ली। विजेंदर 2019 में कांग्रेस में शामिल हुए थे। पार्टी ने उन्हें साउथ दिल्ली से लोकसभा उम्मीदवार भी बनाया था, लेकिन वे हार गए थे। विजेंदर ने 2024 में भिवानी से कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ने की बात कही थी।

विजेंदर से भाजपा को क्या फायदा होगा: विजेंदर जाट समुदाय से आते हैं। ऐसे में वे लोकसभा चुनाव में पश्चिमी यूपी, राजस्थान और हरियाणा की सीटों पर असर डाल सकते हैं। हरियाणा में सबसे ज्यादा 22.2% जाट वोटर हैं। BJP विजेंदर को हरियाणा में प्रचार का प्रमुख चेहरा बना सकती है। उन्होंने 2008 बीजिंग ओलिंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। एशियन गेम्स में उन्होंने गोल्ड मेडल अपने नाम किया था।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. IPL-2024 में कोलकाता की लगातार तीसरी जीत, दिल्ली को 106 रन से हराया

IPL- 2024 के 16वें मुकाबले में कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) ने दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 106 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 272 रन बनाए। यह IPL का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। यह KKR की IPL-2024 में लगातार तीसरी जीत है। इस लीग में KKR ने DC को 3 साल बाद हराया। टीम को दिल्ली पर आखिरी जीत 2021 में मिली थी।

मैच के हाईलाइट्स: KKR से सुनील नरेन ने 39 बॉल पर 7 चौके और 7 छक्के के सहारे 85 रन बनाए, जबकि अंगकृष रघुवंशी ने 27 बॉल पर 54 रन बनाए। आंद्रे रसेल ने 19 बॉल पर 41 रन की पारी खेली। वहीं रिंकू सिंह ने 8 बॉल पर 26 रन बनाए। जवाबी पारी में दिल्ली की टीम 17.2 ओवर में 166 रन पर ऑलआउट हो गई। DC के कप्तान ऋषभ पंत (55 रन) और ट्रिस्टन स्टब्स (54 रन) ने अर्धशतक जमाए। वरुण वक्रवर्ती और वैभव अरोड़ा ने 3-3 विकेट झटके।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. ताइवान में 25 साल का सबसे बड़ा भूकंप, 7.5 तीव्रता दर्ज की गई, 9 की मौत, 930 घायल

ताइवान के हुलिएन शहर में भूकंप से एक इमारत टेढ़ी हो गई।

ताइवान के हुलिएन शहर में भूकंप से एक इमारत टेढ़ी हो गई।

ताइवान में 7.5 तीव्रता का भूकंप आया। इसमें 9 लोगों की मौत हुई, जबकि 930 से ज्यादा घायल हैं। मौतों की संख्या बढ़ सकती है। भूकंप के झटके जापान और फिलीपींस तक महसूस किए गए। यह ताइवान में बीते 25 साल में आने वाला सबसे तेज भूकंप है। इसके पहले 1999 में 7.6 तीव्रता का भूकंप आया था। तब 2 हजार से ज्यादा लोग मारे गए थे।

मोदी बोले- हम ताइवान के लोगों के साथ: भूकंप का केंद्र ईस्ट ताइवान के हुलिएन शहर में जमीन से 34 किलोमीटर नीचे था। कई इमारतें जमींदोज हो गईं, लैंड स्लाइड भी हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में भारत ताइवान के लोगों के साथ हैं।

ताइवान में भूकंप क्यों आते हैं: ताइवान भूकंप के लिहाज से सेंसिटिव है। क्योंकि यह रिंग ऑफ फायर के पास मौजूद है। यह क्षेत्र 40 हजार किलोमीटर में फैला है। दुनिया के 90% भूकंप इसी रिंग ऑफ फायर में आते हैं। यह ऐसा इलाका है जहां कॉन्टिनेंटल प्लेट्स के साथ ओशियनिक टेक्टॉनिक प्लेट्स भी मौजूद हैं। ये प्लेट्स आपस में टकराती हैं तो भूकंप आता है। इनके असर से ही सुनामी आती है और ज्वालामुखी भी फटते हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. नेशनल: राहुल गांधी ने वायनाड से नामांकन भरा: प्रियंका के साथ एक घंटे रोड शो किया; दिल्ली में खड़गे ने घर-घर गारंटी कैंपेन लॉन्च की (पढ़ें पूरी खबर)
  2. बिहार: पूर्व डिप्टी CM सुशील मोदी को कैंसर: कहा- 6 महीने से इससे लड़ रहा, PM को बता दिया है, प्रचार नहीं कर पाऊंगा (पढ़ें पूरी खबर)
  3. नेशनल: जयशंकर बोले- नेहरू ने चीन को भारत से आगे रखा: हमें UNSC की परमानेंट सीट ऑफर हुई थी, लेकिन नेहरू ने कहा- पहले चीन सदस्य बने (पढ़ें पूरी खबर)
  4. बिजनेस: ऑल टाइम हाई पर सोना-चांदी: सोना पहली बार ₹69 हजार के पार निकला, चांदी ने भी ₹77,664 रुपए का ऑल टाइम हाई बनाया (पढ़ें पूरी खबर)
  5. पॉलिटिक्स: कश्मीर की तीनों सीटों पर चुनाव लड़ेगी PDP: महबूबा मुफ्ती ने कहा- उमर अब्दुल्ला ने कोई विकल्प ही नहीं छोड़ा, हमसे बात नहीं की (पढ़ें पूरी खबर)
  6. पॉलिटिक्स: कांग्रेस ने निरुपम को स्टार प्रचारकों की लिस्ट से हटाया: पार्टी से निकालने की भी तैयारी: संजय बोले- कल बड़ा फैसला लूंगा (पढ़ें पूरी खबर)
  7. इंटरनेशनल: इजराइली हमले में 7 राहतकर्मियों की मौत: PM नेतन्याहू सफाई देते हुए बोले- जंग में ऐसा होता है, बेगुनाह न मरें इसका ध्यान रखेंगे (पढ़ें पूरी खबर)
  8. इंटरनेशनल: ट्रम्प बोले- बाइडेन खूनखराबे की इजाजत दे रहे: इससे देश तबाह हो रहा; अवैध प्रवासियों को फिर जानवर कहा (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

दुनिया के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति का निधन, 114 साल के थे वेनेजुएला के जुआन विसेंट

तस्वीर 2022 की है, जब जुआन विसेंट ने अपना 112वां जन्मदिन मनाया था।

तस्वीर 2022 की है, जब जुआन विसेंट ने अपना 112वां जन्मदिन मनाया था।

दुनिया के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति जुआन विसेंट का 114 साल की उम्र में निधन हो गया। वह वेनेजुएला के रहने वाले थे। फरवरी 2022 में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने उन्हें सबसे बुजुर्ग व्यक्ति घोषित किया था। उस वक्त उनकी उम्र 112 साल 253 दिन थी। वेनेजुएला के राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जुआन के निधन की जानकारी दी। जुआन का जन्म 27 मई 1909 को हुआ था। उनके 11 बेटे, 41 नाती, पोते-पोतियां, 18 पड़पोते-पोतियां और 12 ग्रेट ग्रैंडचिल्ड्रन हैं।
पढ़ें पूरी खबर…

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…