मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: राहुल की भारत न्याय यात्रा- 14 राज्य, 6200 KM; राम जन्मभूमि परिसर में 7 मंदिर और बनेंगे; राजस्थान में ₹450 में सिलेंडर

  • Hindi News
  • National
  • Rahul Gandhi Bharat Nyay Yatra Rajasthan Govt Cuts Prices। Ujjwala Gas Cylinder

3 मिनट पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर राहुल गांधी की ‘भारत न्याय यात्रा’ की रही। 14 जनवरी से शुरू होने वाली यह यात्रा पिछली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से करीब दो गुनी दूरी तय करेगी। एक खबर राम जन्मभूमि अयोध्या से जुड़ी रही। यहां राम मंदिर परिसर में मुख्य मंदिर के अलावा सात और मंदिर बनेंगे। हम आपको ये भी बताएंगे कि राजस्थान में 450 रुपए में गैस सिलेंडर का लाभ किसे मिलेगा।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. कांग्रेस का 139वां स्थापना दिवस है। सोनिया गांधी, राहुल और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे नागपुर में एक मेगा रैली को संबोधित करेंगे।
  2. गृह मंत्री अमित शाह हैदराबाद जाएंगे। यहां भाजपा पदाधिकारियों के साथ आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर मीटिंग करेंगे।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. भारत जोड़ो यात्रा के बाद राहुल की भारत न्याय यात्रा, 14 जनवरी से 20 मार्च तक चलेगी

राहुल गांधी ने 7 सितंबर 2022 से 30 जनवरी 2023 तक भारत जोड़ो यात्रा की थी, जो कन्याकुमारी से शुरू होकर श्रीनगर में खत्म हुई थी।

राहुल गांधी ने 7 सितंबर 2022 से 30 जनवरी 2023 तक भारत जोड़ो यात्रा की थी, जो कन्याकुमारी से शुरू होकर श्रीनगर में खत्म हुई थी।

2024 लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ‘भारत न्याय यात्रा’ शुरू करेंगे। यह 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू होकर 20 मार्च को मुंबई में खत्म होगी। इस दौरान यात्रा 14 राज्यों के 85 जिलों को कवर करेगी। राहुल गांधी बस से और पैदल 6 हजार 200 किलोमीटर से ज्यादा की यात्रा करेंगे।

किन राज्यों से होकर गुजरेगी: यात्रा मणिपुर से शुरू होकर नगालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात से होते हुए महाराष्ट्र में खत्म होगी।

यात्रा का मकसद: कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव से पहले वोटर्स से कनेक्ट करना चाहती है। इससे पहले 3570 किमी की भारत जोड़ो यात्रा तमिलनाडु के कन्याकुमारी से शुरू होकर जम्मू-कश्मीर में खत्म हुई थी। इसका फायदा यह हुआ कि कांग्रेस ने कर्नाटक और तेलंगाना में चुनाव जीता। हालांकि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में इस यात्रा का फायदा नहीं मिला।

2. अयोध्या में राम जन्मभूमि परिसर में 7 और मंदिर बनेंगे, 2024 तक इनका निर्माण पूरा होगा
अयोध्या में प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि के मंदिर का लोकार्पण 22 जनवरी को होगा। मंदिर में रामलला के 5 साल के बाल स्वरुप की स्थापना की जाएगी। हालांकि मुख्य मंदिर के अलावा जन्मभूमि परिसर में 7 और मंदिर बनाए जा रहे हैं। जिनका निर्माण 2024 तक पूरा हो जाएगा।

सात मंदिर किसके होंगे: इनमें भगवान राम के गुरु ब्रह्मर्षि वशिष्ठ, ब्रह्मर्षि विश्वामित्र, महर्षि वाल्मीकि, अगस्त्य मुनि, रामभक्त केवट, निषादराज और माता शबरी के मंदिर शामिल हैं।

कब होगी प्राण-प्रतिष्ठा: 22 जनवरी को दोपहर 12 बजकर 29 मिनट 8 सेकेंड से मूल मुहूर्त होगा, जो 12 बजकर 30 मिनट 32 सेकेंड तक चलेगा। रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा महज 1 मिनट 24 सेकेंड में पूरी होगी। काशी के पंडितों ने यह मुहूर्त तय किया है। 21 वैदिक और कर्मकांडी ब्राह्मणों के साथ यह भारत का सबसे बड़ा धार्मिक अनुष्ठान होगा।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. राजस्थान में नए साल से 450 रुपए में सिलेंडर, उज्ज्वला और BPL कनेक्शनधारियों को मिलेगा लाभ

CM भजनलाल ने टोंक के मालपुरा में विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर में उज्ज्वला परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर 450 रुपए में देने का ऐलान किया।

CM भजनलाल ने टोंक के मालपुरा में विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर में उज्ज्वला परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर 450 रुपए में देने का ऐलान किया।

राजस्थान में उज्ज्वला और बीपीएल गैस कनेक्शन रखने वाले लोगों को एलपीजी सिलेंडर 450 रुपए में मिलेगा। राज्य के CM भजनलाल शर्मा ने कहा कि इसका लाभ 1 जनवरी 2024 से मिलेगा। राजस्थान में करीब 66 लाख लोगों के पास उज्जवला कनेक्शन, जबकि 4 लाख लोगों के पास BPL कनेक्शन है।

पुरानी योजना का नाम भी बदला: राज्य सरकार ने इंदिरा गांधी गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना का नाम बदलकर रसोई गैस सिलेंडर सब्सिडी योजना कर दिया है। योजना का लाभ लेने के लिए लोगों को विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर में रजिस्ट्रेशन करवाना होगा।

चुनावी वादा निभाया: भाजपा ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में गैस सिलेंडर सस्ता करने का वादा किया था। इससे पहले 1 अप्रैल को अशोक गहलोत सरकार ने 500 रुपए में सिलेंडर देने की शुरुआत की थी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. मुस्लिम लीग जम्मू-कश्मीर पर बैन, शाह बोले- देश के खिलाफ काम करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा
केंद्र सरकार ने मुस्लिम लीग जम्मू-कश्मीर (मसरत आलम ग्रुप) पर प्रतिबंध लगा दिया है। गृहमंत्री अमित शाह ने पोस्ट करके इसकी जानकारी दी। शाह ने कहा- सरकार का संदेश जोरदार और स्पष्ट है कि हमारे राष्ट्र की एकता, संप्रभुता और अखंडता के खिलाफ काम करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और उसे कानून का सामना करना पड़ेगा।

सरकार ने क्यों लगाया बैन: देश विरोधी गतिविधियों की वजह से इस संगठन पर UAPA के तहत बैन लगाया गया है। शाह ने बताया, मसरत आलम ग्रुप के सदस्य जम्मू-कश्मीर में राष्ट्र-विरोधी और अलगाववादी गतिविधियों में शामिल हैं। आतंकवादी गतिविधियों का समर्थन करते हैं और लोगों को जम्मू-कश्मीर में इस्लामी शासन स्थापित करने के लिए उकसाते हैं।

किसका है मसरत आलम ग्रुप : मुस्लिम लीग जम्मू कश्मीर को मसरत आलम भट्ट ने बनाया था। वो 2019 से दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद हैं। 50 साल के मसरत पर नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी यानी NIA ने टेरर फंडिंग से जुड़ा केस दर्ज किया है। उसके खिलाफ 27 FIR दर्ज हैं।

5. दिल्ली में कोहरे का रेड अलर्ट, 110 फ्लाइट्स लेट; UP-राजस्थान में कम विजिबिलिटी से हादसे

दिल्ली में कोहरे को लेकर रेड अलर्ट है। घनी धुंध के कारण रेलवे, सड़क और एयर रूट प्रभावित हुए हैं। दिल्ली के पालम में बुधवार सुबह 7 बजे 50 मीटर से भी कम विजिबिलिटी रही। इस वजह से दिल्ली एयरपोर्ट पर 110 फ्लाइट्स लेट हो गईं और दो फ्लाइट्स डायवर्ट करनी पड़ी।

उत्तर प्रदेश और राजस्थान में घने कोहरे के कारण बीते दो दिन में 9 सड़क हादसे हुए। इनमें 6 यूपी और 3 राजस्थान की घटनाएं हैं। इन हादसों में 55 गाड़ियां टकरा गईं। दोनों राज्यों में 8 लोगों की मौत हुई है। 49 लोग घायल हैं।

14 राज्यों में अलर्ट: मौसम विभाग ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, उत्तराखंड, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान विजिबिलिटी विजिबिलिटी रेंज 50 मीटर तक रहने का अनुमान है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. शिवराज की CM हाउस से विदाई, भावुक दिखे कर्मचारी; नए बंगले पर पत्नी ने उतारी आरती
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने CM हाउस खाली कर दिया। अब वे लिंक रोड पर 74 बंगला स्थित B-8 में शिफ्ट हो गए हैं। यहां पत्नी साधना सिंह ने तिलक और आरती उतारकर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री आवास में तैनात कर्मचारी पूर्व CM को विदा करते समय भावुक हो गए।

CM हाउस में सबसे ज्यादा समय तक रहे शिवराज: शिवराज 18 साल तक मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं। उन्होंने 29 नवंबर 2005 को पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद लगातार 13 साल तक वे सीएम हाउस में रहे। शिवराज दो बार में कुल करीब साढ़े 16 साल तक भोपाल के श्यामला हिल्स स्थित CM हाउस में रहे हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. इजराइली एम्बेसी के पास ब्लास्ट की जांच NIA के जिम्मे, इजराइल के झंडे में लिपटा हुआ लेटर मिला

दिल्ली में इजराइली एम्बेसी के पांच जांच के लिए पहुंचे NIA और NSG के जवान।

दिल्ली में इजराइली एम्बेसी के पांच जांच के लिए पहुंचे NIA और NSG के जवान।

दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित इजराइली एम्बेसी के पास मंगलवार को हुए धमाके की जांच NIA कर रही है। जांच एजेंसी ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए। धमाका एम्बेसी से 260 मीटर दूर नंदास हाउस के गेट नंबर 4 पर हुआ था। यहां कोई CCTV कैमरा नहीं है। इस घटना के बाद इजराइल ने भारत में रह रहे अपने नागरिकों को भीड़ वाले इलाकों में जाने से मना किया है।

अब तक क्या जानकारी मिली: दिल्ली पुलिस को मौके से इजराइल के झंडे में लिपटा लेटर भी मिला है। इंग्लिश में लिखा यह लेटर ‘सर अल्लाह रेजिस्टेंस’ ग्रुप से जुड़ा हुआ है। इसमें जियोनिस्ट, गाजा, फिलिस्तीन शब्द लिखे गए हैं। पुलिस को एम्बेसी से थोड़ी दूर का CCTV फुटेज मिला है। इसमें दो संदिग्ध लोग दिखे थे, जिन्हें ट्रैक किया जा रहा है।

क्या ब्लास्ट पहली बार हुआ है: नहीं, 2021 में इसी एम्बेसी के बाहर एक कम तीव्रता वाला धमाका हुआ था। इसमें तीन कारों को नुकसान पहुंचा था। मौके से एक लेटर बरामद हुआ था। इसमें कहा गया था कि ये ईरान के कमांडर कासिम सुलेमानी की हत्या का बदला है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. कोविड अपडेट: 8 राज्यों में JN.1 वैरिएंट के अब तक 109 केस: 24 घंटे में अकेले गुजरात में 36 मरीज मिले; देशभर में आज 529 पॉजिटिव मामले, 3 की मौत (पढ़ें पूरी खबर)
  2. नेशनल: पुंछ में मृतकों के परिवार से मिले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह: सेना से कहा- हमें आतंकवादियों को खत्म करना है; लोगों का दिल जीतना भी आपकी जिम्मेदारी है (पढ़ें पूरी खबर)
  3. MPPSC 2019 रिजल्ट: सतना की प्रिया पाठक टॉपर: 472 पदों में से 197 पर लड़कियों का सिलेक्शन; 13 डिप्टी कलेक्टर, 9 डीएसपी बनीं (पढ़ें पूरी खबर)
  4. पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना: राजस्थान-मध्यप्रदेश में बनी सहमति: नदी जोड़ो प्रोजेक्ट से लिंक करने की तैयारी, नए मॉडल में 90% पैसा केंद्र देगा, जल्द होगा एमओयू (पढ़ें पूरी खबर)
  5. भाषा विवाद: बेंगलुरु में प्रदर्शन: हिंदी-अंग्रेजी भाषा के साइनबोर्ड्स पर कालिख पोती, मांग- बोर्ड पर 60% कन्नड़ का नियम तुरंत लागू हो (पढ़ें पूरी खबर)
  6. क्रिकेट: IND-SA पहले टेस्ट में साउथ अफ्रीका 11 रन से आगे: दूसरे दिन स्कोर- 256/5; एल्गर के आगे फीका पड़ा राहुल का शतक (पढ़ें पूरी खबर)
  7. राम मंदिर: उद्घाटन में ममता बनर्जी नहीं आएंगी: नीतीश-लालू के भी शामिल नहीं होने की आशंका, सीताराम येचुरी पहले ही ठुकरा चुके निमंत्रण (पढ़ें पूरी खबर)
  8. रेसलर्स विवाद: कुश्ती संघ के काम काज के लिए IOA ने एडहॉक कमेटी बनाई: भूपेंद्र बाजवा चेयरमैन, सौमेया और मंजूषा कंवर मेंबर; संघ का कामकाज देखेंगे (पढ़ें पूरी खबर)
  9. इंटरनेशनल: फ्रांस से लौटे भारतीयों से गुजरात में होगी पूछताछ: अवैध इमिग्रेशन नेटवर्क का भंडाफोड़ करेगी पुलिस, कहा- एजेंट्स अंतरराष्ट्रीय लेवल तक एक्टिव (पढ़ें पूरी खबर)
  10. इंटरनेशनल रिलेशन: जयशंकर बोले- भारत-रूस रिश्ते दुनिया में सबसे स्थिर: कहा- चीन-अमेरिका के साथ संबंध बदले, सोवियत संघ टूटा लेकिन रूस से रिश्ते पहले जैसे (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

एक्सीडेंट में टकराई गाड़ी, मुर्गियां लूटकर भागे लोग

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर कोहरे के चलते 6 गाड़ियां आपस में टकरा गईं। इसमें एक गाड़ी मुर्गियों से भरी थी। टक्कर होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। घायल ड्राइवर की मदद करने की बजाए लोग मुर्गियां लूटकर भागने लगे। बाद में कुछ लोगों ने ड्राइवर को अस्पताल में एडमिट कराया गया। लूटी गईं मुर्गियों की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपए बताई जा रही है।

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…