मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: शाह बोले- CAA लागू करके रहेंगे: कोहली साउथ अफ्रीका टूर पर नहीं जाएंगे; चीन में नई बीमारी, राजस्थान-मध्यप्रदेश में अलर्ट

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Rahul Dravid BCCI Contract | Amit Shah Vs Mamata Banerjee

एक मिनट पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर पश्चिम बंगाल में गृह मंत्री अमित शाह के बयान की रही, जिसमें उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून(CAA) लागू कराने की बात पर जोर दिया और ममता सरकार पर आरोप लगाए। एक खबर चीन में फैली रहस्यमयी बीमारी की रही, जिसे लेकर भारत के 6 राज्यों में एडवाइजरी जारी की गई है।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी COP28 की वर्ल्ड क्लाइमेट एक्शन समिट में शामिल होने संयुक्त अरब अमीरात जाएंगे। वे तीसरी बार क्लाइमेट चेंज पर होने वाली इस समिट में हिस्सा ले रहे हैं।
  2. तेलंगाना विधानसभा की 119 सीटों पर वोटिंग होगी। साथ ही 5 चुनावी राज्यों (मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, मिजोरम) के एग्जिट पोल आएंगे।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. शाह बोले- CAA इस देश का कानून है, हम इसे लागू करके रहेंगे, बंगाल में धमाकों की गूंज

गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता की एक रैली में कहा कि ममता बनर्जी नागरिकता संशोधन कानून (CAA) का विरोध कर रही हैं, आज मैं कहकर जाता हूं कि CAA इस देश का कानून है और हम इसे लागू करके रहेंगे। शाह ने कहा कि जिस बंगाल में कभी सुबह-सुबह रवीन्द्र संगीत सुनाई पड़ता था, आज वह बम धमाकों से गूंज रहा है। बंगाल सरकार घुसपैठ को रोक नहीं पा रही है।

ये खबर अहम क्यों है: 2016 में नागरिकता संशोधन विधेयक 2016 (CAA) पेश किया गया था। इसमें 1955 के कानून में कुछ बदलाव किया जाना था। ये बदलाव थे, भारत के तीन मुस्लिम पड़ोसी देश बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए गैर मुस्लिम शरणार्थियों को नागरिकता देना। दिसंबर 2019 राज्यसभा और लोकसभा से ये कानून पास हो चुका है। कांग्रेस, TMC समेत कई विपक्षी पार्टियों की राज्य सरकार इसका विरोध कर रही हैें।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. टनल से निकाले गए 41 मजदूर पूरी तरह स्वस्थ, CM धामी ने इनके परिजन के साथ ईगास-पर्व मनाया

टनल से मजदूरों के सुरक्षित बाहर निकलने के खुशी में देहरादून स्थित सीएम आवास पर ईगास पर्व मनाया गया।

टनल से मजदूरों के सुरक्षित बाहर निकलने के खुशी में देहरादून स्थित सीएम आवास पर ईगास पर्व मनाया गया।

उत्तरकाशी के सिल्क्यारा टनल से निकाले गए सभी 41 मजदूरों पूरी तरह स्वस्थ हैं। ऋषिकेश​​​​​​ AIIMS में सभी का मेडिकल चेकअप हुआ। उन्हें यहां 48 घंटे तक ऑब्जर्वेशन में रखा जाएगा। वहीं देहरादून स्थित सीएम आवास पर उत्तराखंड के CM पुष्कर धामी ने ​​​​​​ ईगास पर्व मनाया गया। इसमें कुछ मजदूरों के परिजन भी शामिल हुए। उत्तराखंड में दीपावली के 11 दिन बाद ईगास पर्व मनाया जाता है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. फ्लाइट में भिड़े पति-पत्नी, इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी, पाकिस्तान में इजाजत नहीं मिली तो दिल्ली में उतरे

यह घटना जर्मन एयरलाइन लुफ्थांसा के प्लेन में हुई। दिल्ली एयरपोर्ट पर पत्नी से झगड़ा करने वाले पति को उतारकर सिक्योरिटी के हवाले कर दिया गया। -फाइल फोटो

यह घटना जर्मन एयरलाइन लुफ्थांसा के प्लेन में हुई। दिल्ली एयरपोर्ट पर पत्नी से झगड़ा करने वाले पति को उतारकर सिक्योरिटी के हवाले कर दिया गया। -फाइल फोटो

पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े की वजह से लुफ्थांसा एयरलाइंस की फ्लाइट की दिल्ली एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। ये फ्लाइट बैंकॉक से जर्मनी के म्युनिख जा रही थी। क्रू ने पहले पाकिस्तान में लैंडिंग की इजाजत मांगी, लेकिन यहां की एविएशन अथॉरिटी ने इनकार कर दिया। वहीं दिल्ली एयरपोर्ट के सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि झगड़े की वजह नहीं पता चल पाई है।

क्या है पूरा मामला: जर्मनी के 53 साल के शख्स का अपनी पत्नी के साथ झगड़ा हुआ था। पत्नी थाईलैंड की रहने वाली है। महिला ने विमान के पायलट से भी पति के बुरे व्यवहार की शिकायत करते हुए दखल देने की मांग की थी। उसने कहा था कि उसका पति धमकियां दे रहा है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. कोहली सा. अफ्रीका दौरे पर टी-20 और वनडे नहीं खेलेंगे, रोहित टी-20 की कप्तानी कर सकते हैं
विराट कोहली 10 दिसंबर से 7 जनवरी 2024 के बीच होने वाले साउथ अफ्रीका टूर पर नहीं जाएंगे। हालांकि BCCI (भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) के टॉप ऑफिशियल रोहित शर्मा को टी-20 फॉर्मेट में भारतीय टीम की कप्तानी करने के लिए मनाने की कोशिश करेंगे। BCCI ने टीम इंडिया के कोच के तौर पर राहुल द्रविड़ का कार्यकाल भी बढ़ा दिया है। द्रविड़ टी-20 वर्ल्ड कप तक टीम से जुड़े रहेंगे।

ये खबर अहम क्यों है: टीम इंडिया 10 दिसंबर 2023 से 7 जनवरी 2024 के बीच तीन टी-20, तीन वनडे और दो टेस्ट मैचों के लिए साउथ अफ्रीका दौरे पर होगी। सिलेक्शन कमेटी के चेयरमैन अजित अगरकर की अध्यक्षता वाली कमेटी साउथ अफ्रीका दौरे के लिए जल्द ही टीम इंडिया का चयन करेगी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. इजराइली फायरिंग में दो फिलिस्तीनी बच्चों की मौत; नेतन्याहू बोले- सीजफायर खत्म होते ही हमले शुरू करेंगे

तस्वीर गाजा के खान यूनिस की है। सीजफायर के दौरान UN की ओर से बांटे जा रहे आटे की बोरिया को ले जाते फिलिस्तीनी।

तस्वीर गाजा के खान यूनिस की है। सीजफायर के दौरान UN की ओर से बांटे जा रहे आटे की बोरिया को ले जाते फिलिस्तीनी।

अल जजीरा के मुताबिक, वेस्ट बैंक के जेनिन शहर में इजराइली सैनिकों की गोलीबारी में दो बच्चों की मौत हो गई। एक बच्चे की उम्र 8 साल और दूसरे की 15 साल है। इस बीच इजराइली PM बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि इजराइली सेना सीजफायर खत्म होने के बाद हमले शुरू कर देगी।

ये खबर अहम क्यों है: हमास के लड़ाकों की तलाश में इजराइली आर्मी वेस्ट बैंक में रेड कर रही है, बताया जा रहा है कि इसी दौरान ये घटना हुई। आर्मी का कहना है कि उसने वेस्ट बैंक से 700 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है, इनमें कई हमास से जुड़े हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

6. चीन में फैली बीमारी पर 6 राज्यों में एडवाइजरी, बच्चों के इलाज की व्यवस्था करने को कहा
चीन में फेफड़े फुलाने वाली रहस्यमयी बीमारी को लेकर केंद्र सरकार ने राजस्थान, मध्यप्रदेश, कर्नाटक, गुजरात, उत्तराखंड, हरियाणा और तमिलनाडु को अलर्ट किया है। इसके बाद इन राज्यों ने एडवाइजरी जारी की है। इसमें लोगों को भीड़-भाड़ वाली जगहों पर मास्क का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। हॉस्पिटल्स में बच्चों के इलाज की व्यवस्था करने को कहा गया है।

ये खबर अहम क्यों है: 23 नवंबर को चीनी मीडिया ने स्कूलों में एक बीमारी फैलने की बात कही थी। इससे पीड़ित बच्चों के फेफड़ों में जलन, तेज बुखार, खांसी और जुकाम जैसे लक्षण दिख रहे हैं। इस बीमारी की वजह से चीन में रोजाना 7 हजार बच्चे अस्पताल पहुंच रहे हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. मणिपुर के सबसे पुराने विद्रोही गुट UNLF ने हिंसा छोड़ी, केंद्र से शांति समझौता किया

केंद्र सरकार के साथ शांति समझौते के बाद UNLF के सदस्यों ने हथियार सरेंडर कर दिए।

केंद्र सरकार के साथ शांति समझौते के बाद UNLF के सदस्यों ने हथियार सरेंडर कर दिए।

मणिपुर का सबसे पुराना विद्रोही आर्म्ड ग्रुप UNLF यानी यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में शामिल होने पर सहमत हो गया है। इसने दिल्ली में शांति समझौते पर दस्तखत किए। गृह मंत्रालय का कहना है कि ये पहली बार है जह मणिपुर घाटी के एक आर्म्ड ग्रुप ने हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है।

ये खबर अहम क्यों है: केंद्र सरकार ने 13 नवंबर को UNLF समेत मणिपुर के पांच उग्रवादी ग्रुप्स पर लगे बैन को पांच साल बढ़ा दिया था। UNL का गठन 24 नवंबर, 1964 को हुआ था। इनकी मांग भारत से अलग मणिपुर राज्य की थी। हालांकि समय के साथ ग्रुप कई हिस्सों में बंटा और कमजोर पड़ गया।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

8. MP सरकार ने बिना एजेंडा बुलाई कैबिनेट बैठक, कांग्रेस बोली- यह भाजपा की दबाव डालने की कोशिश

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सुबह 11.15 बजे सरकार की आखिरी कैबिनेट बैठक बुलाई है। इसमें सभी मंत्रियों के साथ सीनियर अधिकारियों को भी बुलाया गया है। कैबिनेट का कोई एजेंडा नहीं है। इसे लेकर कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं। पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि यह BJP की मतगणना में दबाव डालने की कोशिश है। बिना एजेंडे की बैठक बुलाने का मकसद यही है। कैसे अधिकारी-कर्मचारियों पर दबाव डाला जाए, मतगणना को प्रभावित करने के लिए भाजपा दबाव डालने का काम कर सकती है।

ये खबर अहम क्यों है: इलेक्शन रिजल्ट्स 3 दिसंबर को आएंगे। मध्यप्रदेश में काउंटिंग से 3 दिन पहले पिछले 10 साल में कोई कैबिनेट बैठक नहीं हुई है। आचार संहिता के दौरान मुख्यमंत्री कैबिनेट बैठक बुला सकते हैं, लेकिन कोई नीतिगत निर्णय नहीं ले सकते।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

9. चार महीने बाद पाकिस्तान से भारत लौटी अंजू; अटारी बॉर्डर पर बोली- मैं खुश हूं

अंजू टूरिस्ट वीजा पर पाकिस्तान घूमने गई थी, लेकिन बाद में पता चला कि वह खैबर पख्तूनख्वा में रहने वाले नसरुल्लाह से मिलने गई है।

अंजू टूरिस्ट वीजा पर पाकिस्तान घूमने गई थी, लेकिन बाद में पता चला कि वह खैबर पख्तूनख्वा में रहने वाले नसरुल्लाह से मिलने गई है।

राजस्थान के अलवर से पाकिस्तान जाकर अपने प्रेमी से निकाह करने वाली अंजू करीब 4 महीने बाद भारत लौट आई है। अंजू बुधवार को अटारी-वाघा बॉर्डर से भारत में दाखिल हुई। यहां मीडिया से बातचीत में उसने कोई भी कमेंट करने से मना कर दिया। हालांकि उसने इतना जरूर कहा- मैं खुश हूं।

ये खबर अहम क्यों है: अंजू 25 जुलाई को ​​बॉयफ्रेंड नसरुल्लाह से मिलने पाकिस्तान पहुंची थी।उसने इस्लाम कबूल कर नसरुल्लाह से शादी भी कर ली। दोनों 2019 में फेसबुक फ्रेंड बने थे। दो बच्चों की मां अंजू की ये दूसरी शादी है। लीगल एक्सपर्ट का कहना है कि अंजू अभी भी भारतीय नागरिक है, उस पर भारत के ही कानून लागू होंगे। परिवार वाले उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर सकते हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By मंसूर नकवी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. NASA भारतीय एस्ट्रोनॉट को स्पेस में भेजेगा: एस्ट्रोनॉट का चयन ISRO करेगा, NASA चीफ बोले- अंतरिक्ष से भारत स्वर्ग जैसा दिखता है (पढ़ें पूरी खबर)
  2. वॉरेन बफे के सहयोगी चार्ली मंगर का निधन: सक्सेस फॉर्मूला बताते हुए कहते थे- बड़ी कंपनियों में हिस्सेदारी लें, फिर इंतजार करें (पढ़ें पूरी खबर)
  3. भारत गौरव यात्रा ट्रेन में 40 लोगों को फूड पॉइजनिंग: चेन्नई से पुणे आ रहे थे; रेलवे ने कहा- प्राइवेट कॉन्ट्रैक्टर ने खाना सप्लाई किया (पढ़ें पूरी खबर)
  4. पैगंबर के अपमान का आरोप, NIT श्रीनगर बंद: एकेडेमिक एक्टिविटी नहीं होंगी, पोस्ट करने वाले छात्र को छुट्‌टी पर भेजा (पढ़ें पूरी खबर)
  5. पहली बुलेट ट्रेन का सेक्शन अगस्त 2026 में तैयार होगा: गुजरात में बिलिमोरा और सूरत के बीच बन रहा, 251 किलोमीटर तक पिलर खड़े किए (पढ़ें पूरी खबर)
  6. आतंकी पन्नू की हत्या की साजिश, भारत ने जांच कमेटी बनाई: कहा- जांच के आधार पर एक्शन लेंगे; अमेरिका ने भारत पर आरोप लगाया था (पढ़ें पूरी खबर)
  7. जापान में अमेरिकी मिलिट्री का प्लेन क्रैश: टेक-ऑफ के 7 मिनट बाद इंजन में आग लगने से समुद्र में गिरा; 8 लोग सवार थे (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

एक शख्स की खोपड़ी में मिली दो चॉपस्टिक

वियतनाम में 35 साल के एक शख्स की खोपड़ी में 2 चॉपस्टिक्स मिली हैं। उसे कई दिनों से तेज सिर दर्द की शिकायत थी। डॉक्टर्स ने CT स्कैन किया तो पता चला कि चॉपस्टिक्स उसकी नाक से होकर दिमाग तक पहुंच गई है। शख्स ने बताया कि 5 महीने पहले एक बार में नशे की हालत में उसका झगड़ा हुआ था। किसी व्यक्ति ने लंबी चीज से उसके चेहरे पर हमला किया था, जिसके बाद वह एक डॉक्टर के पास भी गया था। लेकिन चॉपस्टिक्स का पता नहीं चला। पढ़ें पूरी खबर…

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…