मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: सरकार ने कुश्ती संघ को सस्पेंड किया; MP में आज मंत्रिमंडल विस्तार; विमेंस टेस्ट क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया पर भारत की पहली जीत

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; WFI Suspension | Brij Bhushan Sharan Singh Mohan Yadav Cabinet

1 घंटे पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर भारतीय कुश्ती संघ (WFI) से जुड़ी रही, खेल मंत्रालय ने फेडरेशन का अध्यक्ष चुने जाने के तीसरे दिन ही इसे भंग कर दिया। एक खबर मध्यप्रदेश की रही, आज यहां पहला मंत्रिमंडल शपथ लेगा।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. राजस्थान में आज पहले मंत्रिमंडल का विस्तार हो सकता है। करीब 15 विधायक कैबिनेट में शामिल किए जा सकते हैं।
  2. आर्मी चीफ जनरल मनोज पांडे आज जम्मू दौरे पर जा सकते हैं। यहां आतंकी हमलों के बीच सुरक्षा इंतजाम का जायजा ले सकते हैं।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. खेल मंत्रालय ने कुश्ती संघ को सस्पेंड किया, बृजभूषण बोले- मेरा फेडरेशन से कोई लेना-देना नहीं

बृजभूषण शरण सिंह ने नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। यहां उन्होंने नई रेसलिंग फेडरेशन को लेकर अपना पक्ष रखा।

बृजभूषण शरण सिंह ने नई दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। यहां उन्होंने नई रेसलिंग फेडरेशन को लेकर अपना पक्ष रखा।

खेल मंत्रालय ने रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) की नई बॉडी को सस्पेंड कर दिया। मिनिस्ट्री ने इंडियन ओलिंपिक एसोसिएशन (IOA) से रेसलिंग फेडरेशन के मैनेजमेंट के लिए एडहॉक कमेटी बनाने को कहा है। बृजभूषण ने कुश्ती संघ को भंग किए जाने पर ऐतराज जताया। उन्होंने कहा- नई फेडरेशन से मेरा कोई लेना-देना नहीं है।

ये खबर अहम क्यों है: 21 दिसंबर को WFI के चुनाव हुए थे, जिसमें भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह के करीबी संजय सिंह नए प्रेसिडेंट बने थे। इससे नाराज साक्षी मलिक ने रेसलिंग छोड़ने का ऐलान कर दिया। बजरंग पूनिया ने पद्मश्री अवॉर्ड लौटा दिया और वीरेंद्र सिंह ने पद्मश्री लौटाने का ऐलान कर दिया।

कार्रवाई की वजह: ​​​​​​संजय सिंह WFI की पिछली बॉडी में बृजभूषण के अध्यक्ष रहते जॉइंट सेक्रेटरी थे। संजय सिंह चुनाव में कॉमनवेल्थ चैंपियन अनीता सिंह श्योराण को हराकर नए अध्यक्ष बने थे। जीत के बाद बृजभूषण के बेटे ने कहा था कि हमारा दबदबा पहले था और आगे भी रहेगा। खेल मंत्रालय के WFI की नई टीम पर कार्रवाई के पीछे इसी को वजह माना जा रहा है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. मध्यप्रदेश में आज मंत्रिमंडल का विस्तार, दिल्ली में मंथन के बाद नाम तय हुए

मध्य प्रदेश के CM डॉ. मोहन यादव भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलने उनके आवास पहुंचे।

मध्य प्रदेश के CM डॉ. मोहन यादव भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलने उनके आवास पहुंचे।

मध्य प्रदेश में आज मंत्रिमंडल का पहला विस्तार होगा। भाजपा सूत्रों के मुताबिक, दोपहर साढ़े 3 बजे शपथ ग्रहण समारोह होगा। माना जा रहा है कि शपथ ग्रहण राजभवन में हो सकता है। मंत्रिमंडल पर फैसले के लिए CM मोहन यादव ने 7 दिन के अंदर तीन बार दिल्ली दौरा किया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात की।

ये खबर अहम क्यों है: डॉ. मोहन यादव ने 13 दिसंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ ही जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल ने डिप्टी CM के रूप में शपथ ग्रहण की थी। 10 दिन बीत जाने के बाद भी मंत्रिमंडल को लेकर चेहरे तय नहीं हो पा रहे थे।

कौन-कौन से चेहरे मंत्री बनेंगे: सूत्रों के मुताबिक सांसद से विधायक बने प्रहलाद पटेल, राकेश सिंह, रीति पाठक और राव उदय प्रताप सिंह के साथ ही कैलाश विजयवर्गीय को मंत्री बनाया जा सकता है। पहली बार में 25 से 28 मंत्री शपथ ले सकते हैं। इस चुनाव में 33 में से 31 मंत्रियों को टिकट दिया गया था। इसमें से 12 चुनाव हार गए, जबकि 19 मंत्री चुनाव जीतकर फिर विधानसभा पहुंचे हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. J&K में रिटायर्ड SSP की गोली मारकर हत्या, आतंकियों ने नमाज पढ़ते वक्त फायरिंग की
जम्मू-कश्मीर के बारामूला में आतंकियों ने रिटायर्ड SSP की गोली मारकर हत्या कर दी। वे एक मस्जिद में सुबह की नमाज पढ़ रहे थे। उसी दौरान आतंकियों ने फायरिंग कर दी। अस्पताल ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गई। रिटायर्ड SSP के भाई ने बताया कि उन्हें 4 गोलियां लगी थी।

ये खबर अहम क्यों है: जम्मू-कश्मीर में पिछले 4 दिन में यह तीसरी बड़ी आतंकी वारदात है। इससे पहले 21 दिसंबर को राजौरी में आतंकियों ने सेना के काफिले पर हमला किया था। जिसमें 5 जवान शहीद हो गए थे। 23 दिसंबर को अखनूर में घुसपैठ की कोशिश हुई थी। सुरक्षाबलों की गोलीबारी में एक आतंकी मारा गया था।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. विमेंस क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया पर भारत की पहली टेस्ट जीत, 8 विकेट से हराया

मैच जीतने के बाद टीम ने चीयर अप किया। वहीं, जेमिमा रोड्रिग्स ने खास अंदाज में सेल्फी ली।

मैच जीतने के बाद टीम ने चीयर अप किया। वहीं, जेमिमा रोड्रिग्स ने खास अंदाज में सेल्फी ली।

भारतीय विमेंस टीम ने ऑस्ट्रेलिया को टेस्ट मैच में 8 विकेट से हरा दिया। विमेंस टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में भारत की ऑस्ट्रेलिया पर यह पहली जीत है। मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हुआ। 4 दिवसीय टेस्ट की पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया ने 219 रन बनाए। भारत ने अपनी पहली पारी में 406 रन बनाकर 187 रन की बढ़त बनाई। दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलियाई टीम 261 पर ऑलआउट हो गई और भारत को 75 रन का टारगेट मिला। जिसे टीम इंडिया ने 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

ये खबर अहम क्यों है: इंडिया विमेंस घरेलू मैदान पर 28 साल से कोई टेस्ट नहीं हारी है। इससे पहले 1995 में टीम को इंग्लैंड ने 2 रन से हराया था। इस बीच टीम ने 3 टेस्ट जीते और 4 ड्रॉ कराए।

भारतीय विमेंस टीम अच्छे फॉर्म में: इससे पहले भारत ने 14 से 17 दिसंबर के बीच खेले गए टेस्ट मैच में इंग्लैंड को 347 रन से हराया था। महिला टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में रनों के लिहाज से यह सबसे बड़ी जीत थी।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. अमेरिका का दावा- भारत आ रहे शिप पर ईरानी ड्रोन हमला हुआ, लाल सागर में दूसरे जहाज पर भी हमला

तस्वीर केम प्लूटो मालवाहक जहाज की है, जिस पर शनिवार को हमला हुआ था। यह मुंबई की तरफ बढ़ रहा है। कोस्ट गार्ड का पैट्रोलिंग वैसेल INCGS विक्रम इसे गार्ड कर रहा है।

तस्वीर केम प्लूटो मालवाहक जहाज की है, जिस पर शनिवार को हमला हुआ था। यह मुंबई की तरफ बढ़ रहा है। कोस्ट गार्ड का पैट्रोलिंग वैसेल INCGS विक्रम इसे गार्ड कर रहा है।

अमेरिकी रक्षा विभाग ने दावा किया है कि हिंद महासागर में भारत आ रहे मालवाहक जहाज पर हमला ईरानी ड्रोन से किया गया था। हालांकि ईरान ने आरोपों का खंडन किया है। यहां के डिप्टी फॉरेन मिनिस्टर अली बघेरी ने कहा कि हूती विद्रोहियों के पास अपने खुद के हथियार हैं, वो खुद अपने फैसले लेते हैं। उधर, लाल सागर में शनिवार को एक ऑयल टैंकर M/V साईंबाबा पर ड्रोन से हमला हुआ। इस पर 25 भारतीय क्रू मेंबर सवार थे। हालांकि सभी लोग सुरक्षित हैं।

ये खबर अहम क्यों है: इजराइल-हमास जंग शुरू होने के बाद हूती विद्रोही लगातार लाल सागर और उसके आसपास के इलाकों में जहाजों पर अटैक कर रहे हैं। इनका कहना है कि इजराइल गाजा में हमले रोके, वर्ना वो इजराइल या उससे जुड़े जहाजों पर हमले करते रहेंगे। केम प्लूटो भी इजराइली जहाज था।

हूती विद्रोही कौन हैं: हूती यमन के शिया जैदी समुदाय से ताल्लुक रखते हैं। यमन में ये अल्पसंख्यक है। हूती संगठन साल 1990 में तत्कालीन राष्ट्रपति अब्दुल्लाह सालेह के भ्रष्टाचार से लड़ने के लिए बना था। इसके संस्थापक हुसैन अल हूती थे। हूती विद्रोही अमेरिका और इजरायल को अपना दुश्मन मानते हैं। इन्हें शिया बहुल देश ईरान का समर्थन भी हासिल है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. मिमिक्री विवाद: उपराष्ट्रपति ने खुद को पीड़ित बताया: ट्रेनी अफसरों से कहा- संवैधानिक पद पर हूं, फिर भी लोग नहीं बख्शते (पढ़ें पूरी खबर)
  2. कोविड अपडेट: महाराष्ट्र में कोरोना के 50 केस, JN.1-वैरिएंट के 9 मरीज: केरल में वायरस से एक और मौत, देशभर में 24 घंटे में 707 मामले (पढ़ें पूरी खबर)
  3. इंडियन नेवी: INS इंफाल 26 दिसंबर को कमीशन होगा: ब्रह्मोस और आधुनिक हथियारों से लैस; भारतीय नौसेना का पहला वॉरशिप जिसका नाम नॉर्थ-ईस्ट से जुड़ा (पढ़ें पूरी खबर)
  4. बॉलीवुड: दो दिन में सलार का ग्लोबल कलेक्शन ₹295.7 करोड़: शनिवार को देश में ₹56 करोड़ कमाए, 3 दिन में डंकी का डोमेस्टिक कलेक्शन ₹74.82 करोड़ (पढ़ें पूरी खबर)
  5. इंटरनेशनल: इजराइली सैनिकों ने बुलडोजर से रौंदे फिलिस्तीनियों के शव: डॉक्टरों को गोली मारी; व्हीलचेयर पर बैठे शख्स को नोंचता रहा सेना का कुत्ता (पढ़ें पूरी खबर)
  6. इंटरनेशनल: फ्रांस में रोके गए 300 भारतीयों की सुनवाई शुरू: इनमें 11 नाबालिग, जज 2 दिन सवाल पूछेंगे; दावा- निकारागुआ से अमेरिका में घुसना चाहते थे (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

यूक्रेन 106 साल बाद 25 दिसंबर को क्रिसमस सेलिब्रेट करेगा
यूक्रेन में 106 साल बाद 25 दिसंबर को क्रिसमस मनाया जाएगा। आमतौर पर यह फेस्टिवल यहां 7 जनवरी को सेलिब्रेट किया जाता है। वजह ये है कि यूक्रेन में ऑर्थोडॉक्स क्रिश्चियन्स की संख्या ज्यादा है। 25 दिसंबर को क्रिसमस मनाने की एक वजह सियासी भी है। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि यूक्रेन सरकार यह बताना चाहती है कि वह उन परंपराओं को नहीं मानती जिन्हें रूस मानता है। रूस में भी 7 जनवरी को क्रिसमस सेलिब्रेट किया जाता है। पढ़ें पूरी खबर…

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…