13 राज्यों में 7 दिन तक बारिश का अलर्ट: MP-छत्तीसगढ़ में 12 अप्रैल तक जारी रहेगा बरसात का दौर, ओले गिरने की भी संभावना

  • Hindi News
  • National
  • IMD Weather Rainfall Alert Photos Update; Madhya Pradesh Chhattisgarh | Maharashtra Delhi Sikkim

नई दिल्ली/भोपाल/रायपुर2 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक
तस्वीरें मध्य प्रदेश के सागर, सीहोर और सिंगरौली जिले की हैं। यहां सोमवार को बारिश हुई। रायसेन जिले में ओले भी देखने को मिले। - Dainik Bhaskar

तस्वीरें मध्य प्रदेश के सागर, सीहोर और सिंगरौली जिले की हैं। यहां सोमवार को बारिश हुई। रायसेन जिले में ओले भी देखने को मिले।

देशभर में वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से कई इलाकों में गर्मी के मौसम में बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल और तमिलनाडु में आज से 7 दिन तक बारिश का दौर देखने को मिलेगा।

वहीं, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र में 12 अप्रैल तक बरसात का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि इन राज्यों के कुछ इलाकों में ओले भी गिर सकते हैं। हालांकि, इसकी संभावना कम है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में सोमवार को भी बरसात हुई। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

उधर, देश के उत्तरी राज्य पंजाब और हरियाणा में दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने वाले हैं। एक 10 अप्रैल और दूसरा 13 अप्रैल को एक्टिव होगा। इस कारण इन राज्यों में आज बारिश का अलर्ट नहीं है। यहां 13 अप्रैल से बारिश की संभावना बनेगी। हरियाणा में फिलहाल तेज गर्मी पड़ रही है। यहां नूंह में तापमान 39.2 डिग्री तक पहुंच गया है।

राज्यों में मौसम का हाल…

मध्य प्रदेश: आज 42 जिलों में बारिश के आसार, 4 जिलों में ओले गिरने का अनुमान

मध्यप्रदेश में अगले 7 दिन यानी, 14 अप्रैल तक आंधी-बारिश का दौर जारी रहेगा। आज मंगलवार को 42 जिलों में बारिश और 4 जिलों में ओले गिरने का अनुमान है। छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला और डिंडोरी में सिस्टम ज्यादा स्ट्रॉन्ग रहेगा। वहीं, 10-11 अप्रैल को एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव होगा। पूरी खबर पढ़ें….

छत्तीसगढ़: 11 अप्रैल तक बारिश की चेतावनी, रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और बस्तर संभाग में आज बरसात होगी

छत्तीसगढ़ में 9 से 11 अप्रैल तक बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले 3 दिनों तक रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, बस्तर, और सरगुजा संभाग के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। सोमवार शाम को भी जोरदार बारिश हुई। मौसम बदलने से एक ही दिन में पारा करीब 5 से 10 डिग्री तक गिर गया। पूरी खबर पढ़ें…

बिहार: 4 दिनों तक लू से मिलेगी राहत, 10 और 13 अप्रैल को बारिश के आसार
बिहार के सभी जिलों में मौसम आज सामान्य बना रहेगा। दिन में धूप निकलेगी। वहीं प्रदेश में पिछले एक हफ्ते से चल रही गर्म हवा से सोमवार को थोड़ी राहत मिली है। अगले चार दिन और राहत मिलने की संभावना है। सोमवार को मधुबनी जिला सबसे गर्म रहा। जहां का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग ने साफ किया है कि अगले 48 घंटे तक राज्य में हवा की गति 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। फिलहाल लू चलने की आशंका नहीं है। वहीं राज्य में दिन के तापमान में अगले चार दिन तक गिरावट आने का पूर्वानुमान जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार 10 अप्रैल और उसके बाद 13 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से उन दिनों उत्तरी बिहार में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती हैं।

पंजाब: 13-14 अप्रैल को बारिश के आसार, 2 वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होंगे
आने वाले 7 दिनों में उत्तर भारत में दो बार वेस्टर्न डिस्टरबेंस प्रभाव डालेगा। पहला वेस्टर्न डिस्टरबेंस 10 अप्रैल से एक्टिव हो रहा है। जिसका असर हिमाचल पर अधिक देखने को मिलेगा। वहीं दूसरी वेस्टर्न डिस्टरबेंस 13 को एक्टिव होगा। जिसके बाद 13-14 अप्रैल को हिमाचल के साथ-साथ पंजाब व चंडीगढ़ में भी बारिश के आसार बन रहे हैं।

वहीं, पंजाब व चंडीगढ़ में अभी आसमान साफ रहने का अनुमान है। जिसके चलते तापमान में लगातार बढ़ौतरी देखने को मिल रही है। 13 अप्रैल तक पंजाब व चंडीगढ़ में मौसम खुश्क रहने का अनुमान है।

हरियाणा: बारिश के बाद अब तेज गर्मी का दौर शुरू, नारनौल में तापमान 39 डिग्री पहुंचा
हरियाणा में मौसम लगातार बदल रहा है। मार्च में 2 बार बारिश और ओलावृष्टि के बाद हरियाणा में गर्मी ने दस्तक दे दी है। तेज धूप के कारण दिन के तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। 24 घंटे में नूंह में सबसे अधिक दिन का तापमान 39.2 डिग्री रेकॉर्ड किया गया है। वहीं नारनौल में अधिकतम तापमान 39 डिग्री , जबकि सिरसा में 38.6 डिग्री रहा।

दिन के तापमान में औसतन 1.7 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। रात का पारा 1 डिग्री बढ़ा है । करनाल में रात का पारा सबसे कम 13.7 डिग्री रहा। नूंह में 20.2 डिग्री रहा, यहां 1.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। 12 अप्रैल की रात से मौसम में परिवर्तन हो सकता है। इससे 13 और 14 अप्रैल को प्रदेश में बारिश हो सकती है।

झारखंड: आज बारिश और बिजली का अलर्ट, तेज हवा चलने की भी संभावना
झारखंड में अप्रैल के महीने में गर्मी से राहत मिल रही है। झारखंड राज्य के पश्चिमी भाग में आज बारिश के आसार हैं। सुबह राज्य के कई जिलों में मौसम सामान्य नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। आज हल्की बारिश के साथ- साथ तेज हवा और वज्रपात की भी संभावना है।

मौसम विभाग ने आज पूरे राज्य में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना जाहिर की है साथ ही मौसम अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस औऱ न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

खबरें और भी हैं…