Kisan Andolan Live: बैठक के लिए केंद्रीय मंत्री, सीएम भगवंत व किसान नेता पहुंचे, वार्ता में समाधान की उम्मीद

08:39 PM, 18-Feb-2024

बैठक शुरू होने से पहले गुरदासपुर के 79 वर्षीय किसान ज्ञान सिंह के निधन पर 2 मिनट का मौन रखा गया। किसान आंदोलन के दौरान दिल का दौरा पड़ने से उनकी मौत हुई थी।

08:28 PM, 18-Feb-2024

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, अर्जुन मुंडा और नित्यानंद राय चंडीगढ़ में बैठक स्थल पर पहुंच गए हैं। वे चल रहे आंदोलन के संबंध में शीघ्र ही किसान नेताओं से मुलाकात करेंगे।

08:24 PM, 18-Feb-2024

सेक्टर 26 स्तिथ महात्मा गांधी इंस्टिट्यूट में मीटिंग के लिए केंद्रीय मंत्री भी पहुंच गए हैं।

08:09 PM, 18-Feb-2024

सेक्टर 26 स्तिथ महात्मा गांधी इंस्टिट्यूट में मीटिंग के लिए पंजाब के सीएम भगवंत मान पहुंच चुके हैं।

08:06 PM, 18-Feb-2024

पंजाब के कृषि मंत्री गुरुमीत सिंह भी महात्मा गांधी स्टेट इंस्टीट्यूट पहुंचे हैं।

07:46 PM, 18-Feb-2024

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, अर्जुन मुंडा और नित्यानंद राय चंडीगढ़ के एक होटल में पहुंचे, वे चल रहे विरोध के सिलसिले में जल्द ही किसान नेताओं से मुलाकात करेंगे।

07:29 PM, 18-Feb-2024

किसानों के विरोध पर कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा कि पिछली बार किसानों को एमएसपी के बारे में आश्वासन दिया गया था, अब वे बेचैन हैं क्योंकि चुनाव आ रहा है और कोई गारंटी नहीं दी गई है और उन पर कर्ज का बोझ बढ़ रहा है। महंगाई बढ़ रही है। बाकी भी चीजें महंगी हो रही है। फसलों के दाम नहीं मिल पा रहे हैं, यही कारण है कि वे विरोध कर रहे हैं…सरकार को इसका समाधान खोजना चाहिए।

06:46 PM, 18-Feb-2024

केंद्रीय मंत्रियों से चौथे दौर की बैठक के लिए किसान नेता पहुंचे

किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल और सरवन सिंह पंढेर सहित किसान नेता केंद्रीय मंत्रियों के साथ चौथे दौर की बैठक करने के लिए सेक्टर 26 स्थित मगसीपा भवन पहुंच गए हैं। लेकिन पता चला है कि अभी तक तीनों केंद्रीय मंत्री दिल्ली के रवाना नहीं हुए है। इस बैठक में पंजाब के मुख्यमंत्री के हिस्सा लेने की भी संभावना है, जिसके चलते पूरे परिसर में सुरक्षा बढ़ाई गई है। यह बैठक रविवार शाम 6 बजे से बुलाई गई थी।

अपनी मांगों के समर्थन में दिल्ली कूच पर अड़े पंजाब के किसान संगठनों को मनाने और उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार के लिए किसान नेताओं और केंद्रीय मंत्री- पीयूष गोयल, अर्जुन मूंडा और नित्यानंद राय के बीच अब तक 8, 12 और 15 फरवरी को तीन दौर की बैठक हो चुकी है, जिनमें कोई नतीजा नहीं निकल सका है।

06:35 PM, 18-Feb-2024

किसान नेता बैठक के लिए पहुंच चुके हैं।

06:30 PM, 18-Feb-2024

मुख्यमंत्री भगवंत मान भी सीएम आवास से बैठक के लिए रवाना हो चुके हैं। 

06:22 PM, 18-Feb-2024

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, अर्जुन मुंडा और नित्यानंद राय किसान नेताओं से बैठक के लिए दिल्ली हवाई अड्डे से चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गए।

05:38 PM, 18-Feb-2024

सुनील जाखड़ के पंजकोसी निवास के बाहर दूसरे दिन भी जारी रहा धरना

बीजेपी के पंजाब प्रधान सुनील जाखड़ के गांव पंजकोसी में  उनके निवास के सामने भाकियू एकता उग्राहा द्वारा लगाया गया धरना रविवार दूसरे दिन भी जारी रहा। किसानों द्वारा अबोहर-श्रीगंगानगर रोड पर गांव गिदडा वाली के पास नेशनल हाईवे पर टोल नाका भी फ्री करवा दिया गया। रविवार को धरने को बठिंडा जिले के किसान नेता जगसीर सिंह ने संबोधित करते हुए कहा कि यह धरना लगातार जारी रहेगा।

04:59 PM, 18-Feb-2024

फतेहाबाद में अयाल्की पर डटे हैं किसान

पंजाब के किसानों के समर्थन में फतेहाबाद के गांव अयाल्की में अभी भी किसान पक्का मोर्चा लगाकर डटे हुए हैं। वहीं रविवार को प्रदेश के डीजीपी शत्रुजीत कपूर ने टोहाना में नेशनल हाइवे 148-बी के नाके का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नाके पर सभी प्रकार की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद पुलिस कर्मचारियों को आदेश दिए कि कानून व्यवस्था को बनाए रखें। जो लोग किसान आंदोलन की आड़ में कोई अफवाह फैला रहे हैं, उन पर पैनी नजर रखें। अगर कोई व्यक्ति किसी भी प्रकार से अफवाह फैलाता मिलता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। उन्होंने किसानों से भी आह्वान किया कि वह शांतिपूर्वक सरकार के सामने अपनी बात को रखें और कानून व्यवस्था का पालन करें।

फतेहाबाद में प्रशासन की ओर से टोहाना के 148-बी नेशनल हाइवे, मनियाना रोड व सिंबलवाला, जाखल में म्योंदकलां नाका, रतिया में रोझांवाली, फतेहाबाद के गांव हांसपुर व गांव अयाल्की के पास नाके लगाए हुए हैं। यहां पर पैरा मिलिट्री की 5 टुकड़ियों के साथ-साथ पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है। हर नाके पर जिले के एक डीएसपी व इंस्पेक्टर की ड्यूटी लगाई गई है।

दूसरी ओर अभी भी फतेहाबाद से पंजाब व रतिया लिए रोडवेज की बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है। फतेहाबाद से रतिया जाने के लिए लोगों को लिंक मार्गों का प्रयोग करना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी फतेहाबाद से पंजाब जाने वाले लोगों को हो रही है। सरदूलगढ़ व बुढ़लाडा के लिए बसों का संचालन पिछले एक सप्ताह से बंद है। पंजाब होकर चंडीगढ़ जाने वाली बसें भी बंद हैं, वहीं हरियाणा से वाया नरवाना होकर जाने वाली बसें केवल कैथल या पिहोवा से ही वापिस आ रही हैं।

04:37 PM, 18-Feb-2024

किसान आंदोलन पर प्रतिक्रिया देने से बचते दिखे उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला

उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला किसान आंदोलन को लेकर मीडिया के सवालों से बचते नजर आए। उन्होंने सिर्फ इतना ही कहा कि अब विधानसभा सत्र में तीन दिन इन्हीं सवालों के जवाब देने हैं। उप मुख्यमंत्री रविवार को खंड के मच्छरौली गांव के पूर्व सरपंच पति वएवं जजपा के हलका प्रधान बलराज मच्छरौली के आवास पर कही। उन्होंने उनके भाई राजबीर सिंह के निधन पर शोक जताया और परिजनों को सांत्वना दी। वे यहां करीब 20 मिनट तक रुके। राजबीर सिंह का निधन गत 29 जनवरी को हार्टअटैक से हुआ था। 

03:09 PM, 18-Feb-2024

असफल रही बैठक तो हरियाणा के किसान भी उतरेंगे आंदोलन में  

पंजाब सीमा पर आंदोलनरत किसानों के साथ आज शाम को सरकार के साथ बैठक असफल रही तो हरियाणा के किसान भी पूरी तरह से सड़कों पर आ जाएंगे। सभी किसान संगठन, खापें व अन्य संगठन एक होकर बड़ी लड़ाई लड़ेंगे और मांगें पूरी करवाकर ही दम लेंगे। इस बार दिल्ली के किसानों को भी साथ लिया जाएगा, जिनके जरिए ही दिल्ली को घेरा जाएगा। प्रदेश की ओर से यह लड़ाई भाकियू अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी की अगुवाई में लड़ी जाएगी जबकि दिल्ली की खापों व वहां के किसानों के साथ आंदोलन की रणनीति धनखड़ खाप के प्रधान डॉ ओमप्रकाश धनखड़ की अगुवाई में चार सदस्यीय कमेटी द्वारा बनाई जाएगी। यह ऐलान आज रविवार को ब्रह्मसरोवर तट पर हुई महापंचायत में किया गया।