President Kashmir Visit: कल कश्मीर आएंगीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, श्रीनगर में हाई अलर्ट, LG ने की बैठक

President Kashmir Visit: President Draupadi Murmu to reach Kashmir on october 11 high alert in Srinagar

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
– फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार


देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बुधवार को कश्मीर दौरे पर आएंगी। महामहिम मुर्मू का यह कश्मीर में राष्ट्रपति बनने के बाद पहला दौरा होगा। वे कश्मीर विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए श्रीनगर पहुंच रहीं हैं। उनके दौरे को लेकर श्रीनगर शहर को हाई अलर्ट पर कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू श्रीनगर में टेक्निकल एयरपोर्ट पर उतरने के बाद पहले वहां शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी। बाद में वे कश्मीर विश्वविद्यालय जाएंगी। माना जा रहा है कि बादामी बाग स्थित सेना के 15 वीं कोर के मुख्यालय जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि देंगी। संभावना है कि उन्हें जम्मू कश्मीर विशेषकर कि घाटी की स्थिति के बारे में सेना कमांडरों द्वारा जानकारी दी जाएगी।

श्रीनगर शहर समेत आसपास के इलाके में सुरक्षा के चाक-चौबंद प्रबंध किए गए हैं। हर एक गतिविधि पर नजर रखी जा रही है, ताकि राष्ट्र विरोधी तत्व किसी भी नापाक मंसूबे को अंजाम न दे सकें। सोमवार से ही शहर के भीतर दाखिल होने वाली सड़कों पर जगह-जगह नाके लगा दिए गए हैं। हर आने जाने वाले की तलाशी ली जा रही है। लाल चौक में भी पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप और सीआरपीएफ की क्विक एक्शन टीम द्वारा एरिया डोमिनेशन ड्रिल अंजाम दी जा रही हैं। शहर में बाइक वालों पर भी नकेल कसी जा रही है।

सूत्रों की मानें तो कश्मीर विश्वविद्यालय के आसपास के रिहाइशी इलाकों में भी सुरक्षा कड़ी की गई है। कुछ इलाकों में घर वालों से उनके सदस्यों के बारे में भी जानकारी ली गई है। हालांकि इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।