मिचौंग तूफान के चलते 144 ट्रेन कैंसिल: तमिलनाडु में SDRF के 100 जवान तैनात, 5 दिसंबर को आंध्र प्रदेश में साइक्लोन का लैंडफॉल

  • Hindi News
  • National
  • Cyclone Michaung Tracking Update; Tamil Nadu IMD Rain Alert | South Coastal Bay Of Bengal

चेन्नईकुछ ही क्षण पहले

  • कॉपी लिंक
तमिलनाडु में मिचौंग तूफान से पहले समुद्र के किनारे नाव को हटाया जा रहा है। - Dainik Bhaskar

तमिलनाडु में मिचौंग तूफान से पहले समुद्र के किनारे नाव को हटाया जा रहा है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आंध्र प्रदेश और उससे सटे तमिलनाडु तटों के लिए चक्रवात का अलर्ट जारी किया है। इस तूफान का नाम मिचौंग रखा गया है।

IMD के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी पर कम दबाव का क्षेत्र 2 दिसंबर को डीप डिप्रेशन में बदल गया। अगले 12 घंटों में यह तूफान में बदल जाएगा।

4 दिसंबर की दोपहर तक यह आंध्र प्रदेश और आसपास के उत्तरी तमिलनाडु तटों के नजदीक पहुंच जाएगा। जिसके बाद यह 5 दिसंबर को आंध्र प्रदेश में लैंडफॉल करेगा।

साइक्लोन को देखते हुए साउथ सेंट्रल रेलवे ने 144 ट्रेन कैंसिल कर दी हैं। इसमें 118 ट्रेन लॉन्ग रूट की हैं। वहीं तमिलनाडु में SDRF के 100 जवान तैनात किए गए।

नेल्लोर और मछलीपट्टनम तट के बीच लैंडफॉल
मौसम विभाग के मुताबिक, 5 दिसंबर की सुबह तूफान आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और मछलीपट्टनम तट के बीच लैंडफॉल करेगा। उस समय तूफान की स्पीड 80-90 किमी प्रति घंटे होगी। यह 100 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है।

किस रूट पर कौन सी ट्रेन कैंसिल की गई
तूफान के चलते सेंट्रल रेलवे ने 3 से 7 दिसंबर के बीच चलने वाली 144 ट्रेन को रद्द किया है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, तमिलनाडु, बेंगलुरु, हैदराबाद, नई दिल्ली, हावड़ा, लखनऊ, विशाखापत्तनम, तिरुपति, पुडुचेरी सहित अन्य रूट पर चलने वाली ट्रेनों को कैंसिल किया गया है।

रद्द की गई ट्रेनों में विजयवाड़ा जनशताब्दी (ट्रेन नंबर 12077 और 12078), निजामुद्दीन चेन्नई दुरंतो (ट्रेन नंबर 12269 और 12270), गया चेन्नई एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12389 और 12390) और बरौनी – कोयंबटूर स्पेशल (ट्रेन संख्या 3357 और 3358) शामिल हैं।

तीन राज्यों में तूफान का अलर्ट, पुडुचेरी में स्कूलों में छुट्टी

तमिलनाडु: तमिलनाडु के तिरुवल्लूर, कांचीपुरम, चेंगलपट्टू, चेन्नई, तेनकासी, थूथुकुडी, तिरुनेलवेली और कन्याकुमारी जिलों सहित पांच से अधिक जिलों में मध्यम बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना है।

आंध्र प्रदेश: आंध्र प्रदेश के रायलसीमा में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा, 3 और 4 दिसंबर को अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा की भविष्यवाणी की गई है।

ओडिशा: 4-5 दिसंबर को ओडिशा के तटीय इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। तूफान के चलते ओडिशा के सात तटीय जिलों – बालासोर, भद्रक, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, पुरी, खुर्दा और गंजाम को अलर्ट पर रखा गया है।

पुडुचेरी: तूफान के चलते 4 दिसंबर को पुडुचेरी, कराईकल और यानम क्षेत्रों के सभी कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। पुडुचेरी सरकार की तरफ से इसका नोटिफिकेशन जारी किया गया।

तूफान को मिचौंग नाम किसने दिया
मिचौंग तूफान नाम म्यांमार ने दिया है। इसका मतलब है ताकत और लचीलापन होता है। मिचौंग साइक्लोन साल 2023 में बंगाल की खाड़ी का चौथा और हिंद महासागर में बनने वाला छठा तूफान है।

अल नीनो एक्टिव; सर्दी का पैटर्न बदला, अगले तीन महीने में दिन का तापमान 4-5 डिग्री ज्यादा रह सकता है
मौसम विभाग ने शुक्रवार 1 दिसंबर को सर्दी के सीजन का पूर्वानुमान जारी किया। कहा कि अगले तीन महीनों में देश के अधिकांश हिस्सों में दिन-रात दोनों का तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज होने जा रहा है। कुछ स्थानों पर तो यह 4-5 डिग्री तक ज्यादा रह सकता है।

हालांकि, उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के इलाकों में तापमान सामान्य से नीचे भी दर्ज हो सकता है, लेकिन ऐसे दिनों की संख्या कम ही रहेगी। सर्दी के दौरान इस बार न्यूनतम तापमान का न तो नया रिकॉर्ड बनेगा, न ही टूटेगा, बल्कि दिन के तापमान के नए रिकॉर्ड दर्ज हो सकते हैं।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, अभी अल नीनो सक्रिय चरण में है। इससे सर्दी का पैटर्न बदल गया है। प्रशांत महासागर में समुद्र की सतह का तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री तक ज्यादा हो गया है।

देश के ज्यादातर हिस्से में रातें गर्म होंगी
अगले 3 महीने लद्दाख के सीमांत पूर्वी और सिक्किम को छोड़कर पूरे देश में रात का तापमान सामान्य से ज्यादा रहेगा। मप्र, महाराष्ट्र, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड में दिन में तापमान सामान्य से कम रहेगा। उत्तराखंड, पूर्वी-पश्चिमी UP, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, बिहार में कुछ जगह तापमान सामान्य रह सकता है।

दिसंबर में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, कोल्ड डे की संख्या पूरे उत्तर पश्चिम, पूर्वी, मध्य और पूर्वोत्तर भारत में सामान्य से कम से कम 4-5 दिन कम दर्ज होगी। शीत लहर चलने वाले दिन भी सामान्य से कम दर्ज होंगे। हालांकि, दिसंबर के दौरान एक या दो पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) उत्तर-पश्चिमी भारत के हिस्सों में बारिश और बर्फबारी कराएंगे।

आगे स्थितियां ठीक नहीं
जून 2024 तक मौसमी स्थिति अल नीनो के पॉजिटिव बने रहने की संभावना है। अगस्त या उसके बाद ही अल-नीनो के न्यूट्रल फेज में आने के आसार हैं। आईओडी (हिंद महासागर द्विध्रुव) स्थितियां पॉजिटिव बनी हुई हैं, लेकिन अब अगले तीन महीने के दौरान उसके कमजोर होने के आसार हैं। इसका नतीजा अगले साल के मानसून पर देखने को मिल सकता है।

पिछले 6 महीनों में आए बड़े तूफान…

21 अक्टूबर: अरब सागर में आया तेज तूफान, ओमान की ओर बढ़ा

अक्टूबर में अरब सागर में तेज नाम का तूफान उठा था। पहले इसके भारत की तरफ आने की संभावना थी। बाद में IMD ने बताया कि चक्रवाती तूफान का गुजरात के तटीय इलाकों से टकराने का खतरा टल गया है।

यह तूफान गुजरात से 1600 किमी दूर ओमान और यमन की तरफ बढ़ गया है। हिंद महासागर क्षेत्र में चक्रवातों के नामकरण के लिए अपनाए गए एक फॉर्मूले के अनुसार इस तूफान का नाम ‘तेज’ रखा गया है।

IMD के मुताबिक, तेज तूफान 25 अक्टूबर की सुबह अल गैदाह (यमन) और सलालाह (ओमान) से होकर यमन-ओमान के तटीय इलाकों को पार करेगा। हालांकि, निजी एजेंसी स्काईमेट वेदर ने यमन-ओमान में चक्रवाती तूफान तेज के कमजोर पड़ने की संभावना जाहिर की है। पढ़ें पूरी खबर…

13 जून : अरब सागर से उठे तूफान बिपरजॉय ने गुजरात, महाराष्ट्र में मचाई तबाही

13 जून को अरब सागर से उठे बिपरजॉय तूफान ने भारत में काफी तबाही मचाई थी। 15 जून की शाम को तूफान गुजरात के कच्छ जिले के जखौ पोर्ट से टकराया। इस दौरान 150 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। इसके चलते गुजरात और मुंबई के तटीय इलाकों में भारी बारिश हुई। गुजरात में 9 लोगों की मौत हो गई थी। 940 से ज्यादा गांवों की बिजली गुल हो गई। वहीं, बाढ़ और रास्ते बंद होने से 4600 ग्रामीण इलाकों का संपर्क टूट गया था। पढ़ें पूरी खबर…

7 मई : बंगाल की खाड़ी में आए मोका तूफान से म्यांमार में 3 की मौत

​​​​​​7 मई को बंगाल की खाड़ी में मोका तूफान आया था। पहले यह इंडियन कोस्टल एरिया की तरफ बढ़ रहा था। बाद में यह म्यांमार के तट से टकराया। लगभग 200 किलोमीटर की रफ्तार से चल रही हवाओं और तेज बारिश की वजह से कई घरों की छतें उड़ गईं और मोबाइल टावर गिर गए। इस तूफान का असर बांग्लादेश पर भी हुआ था। पढ़ें पूरी खबर…

ये खबर भी पढ़ें…

अल नीनो एक्टिव, सर्दी का पैटर्न बदला:अगले तीन महीने में दिन का तापमान 4-5 डिग्री ज्यादा रह सकता है

मौसम विभाग ने शुक्रवार 1 दिसंबर को सर्दी के सीजन का पूर्वानुमान जारी किया। कहा कि अगले तीन महीनों में देश के अधिकांश हिस्सों में दिन-रात दोनों का तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज होने जा रहा है। कुछ स्थानों पर तो यह 4-5 डिग्री तक ज्यादा रह सकता है। हालांकि, उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के इलाकों में तापमान सामान्य से नीचे भी दर्ज हो सकता है, लेकिन ऐसे दिनों की संख्या कम ही रहेगी। पढ़ें पूरी खबर…

खबरें और भी हैं…