मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ: राहुल बोले- PM मैच फिक्सिंग कर रहे; मोदी बोले- बेईमानों ने जो लूटा, गरीबों को लौटाऊंगा; 4 राज्यों में बारिश-तूफान से तबाही

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; INDIA Alliance Rally | PM Narendra Modi Congress IT Case

14 मिनट पहलेलेखक: शुभेंदु प्रताप भूमंडल, न्यूज ब्रीफ एडिटर

  • कॉपी लिंक

नमस्कार,

कल की बड़ी खबर I.N.D.I.A. की दूसरी बड़ी रैली की रही, जिसमें विपक्षी दलों के नेताओं ने NDA और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। एक खबर PM मोदी की UP में पहली चुनावी रैली से जुड़ी रही।

लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर…

  1. अरविंद केजरीवाल की ED रिमांड खत्म होगी। उन्हें दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया जाएगा। पिछली सुनवाई में केजरीवाल ने अपनी पैरवी खुद की थी।
  2. ज्ञानवापी तहखाने में पूजा के खिलाफ मुस्लिम पक्ष की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। याचिका में इलाहाबाद हाईकोर्ट के 26 फरवरी के फैसले को चुनौती दी गई है, जिसमें पूजा की अनुमति दी गई थी।

अब कल की बड़ी खबरें…

1. PM मोदी बोले- बड़े-बड़े भ्रष्टाचारी जेल में, सुप्रीम कोर्ट से उन्हें जमानत नहीं मिल रही

मेरठ में रैली के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य NDA नेताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। भाजपा ने रैली को 'भारत रत्न चौधरी चरण सिंह गौरव समारोह' नाम दिया।

मेरठ में रैली के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य NDA नेताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। भाजपा ने रैली को ‘भारत रत्न चौधरी चरण सिंह गौरव समारोह’ नाम दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूपी के मेरठ में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा, ‘आज बड़े-बड़े भ्रष्टाचारी सलाखों के पीछे हैं, उन्हें सुप्रीम कोर्ट से भी जमानत नहीं मिल रही। इन बेईमानों ने जो धन लूटा है, वो गरीबों को लौटाऊंगा।’ उन्होंने कहा, ‘जब मोदी पूरी ताकत से भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है, तो इन लोगों ने मिलकर INDI गठबंधन बना लिया है। इनको लगता है मोदी डर जाएगा।’

मोदी ने मेरठ से प्रचार की शुरुआत की: PM मोदी ने मेरठ में UP की अपनी पहली चुनावी रैली को संबोधित किया। 2014, 2019 के बाद ये तीसरा मौका है, जब PM ने वेस्ट UP से चुनाव प्रचार की शुरुआत की है। मेरठ की रैली में CM योगी और हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी के साथ मंच पर सहयोगी दलों के 4 नेता मौजूद रहे। इनमें RLD प्रमुख जयंत चौधरी, अपना दल की राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुप्रिया पटेल, सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओपी राजभर, निषाद पार्टी के संजय निषाद शामिल हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

2. दिल्ली में I.N.D.I.A की रैली, राहुल बोले- चुनाव से पहले मोदी मैच फिक्सिंग कर रहे

I.N.D.I.A की रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, NCP प्रमुख शरद पवार, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, AAP नेता और पंजाब के CM भगवंत मान, J&K NC प्रमुख फारूक अब्दुल्ला' और सपा चीफ अखिलेश यादव शामिल हुए।

I.N.D.I.A की रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, NCP प्रमुख शरद पवार, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, AAP नेता और पंजाब के CM भगवंत मान, J&K NC प्रमुख फारूक अब्दुल्ला’ और सपा चीफ अखिलेश यादव शामिल हुए।

राहुल गांधी ने दिल्ली के रामलीला मैदान में I.N.D.I.A. ब्लॉक की ‘लोकतंत्र बचाओ महारैली’ को संबोधित किया। उन्होंने कहा- नरेंद्र मोदी चुनाव से पहले मैच फिक्सिंग की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने हमारी टीम के दो खिलाड़ियों को अरेस्ट करवा दिया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने BJP-RSS की तुलना जहर से की है। 3 घंटे की रैली में गठबंधन के 21 नेताओं ने स्पीच दी।

गठबंधन ने 5 मांगें रखीं: प्रियंका गांधी ने I.N.D.I. गठबंधन की तरफ से 5 मांगें रखीं।

1. निर्वाचन आयोग को इलेक्शन में सभी के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने चाहिए।
2. निर्वाचन आयोग को विपक्षी दलों के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई को रोकना चाहिए।
3. हेमंत सोरेन और अरविंद केजरीवाल की तत्काल रिहाई की जाए।
4. विपक्षी पार्टियों को वित्तीय रूप से कमजोर करने की कोशिशें बंद हों।
5. भाजपा को इलेक्टोरल बॉन्ड्स के जरिए मिले फंड की SIT जांच हो।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

3. कांग्रेस को ₹1745 करोड़ का नया टैक्स नोटिस, IT ने कुल ₹3567 करोड़ की देनदारी निकाली

इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने कांग्रेस को 1745 करोड़ रुपए का नया टैक्स डिमांड नोटिस दिया है। इसमें 2014 से 2017 तक की देनदारी शामिल है। नए नोटिस के बाद कांग्रेस पर टैक्स डिमांड बढ़कर 3567 करोड़ रुपए हो गया है। इससे पहले 29 मार्च को 1823 करोड़ रुपए का डिमांड नोटिस मिला था।

आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई संभव: आयकर विभाग बीते साल के टैक्स डिमांड के लिए पार्टी अकाउंट से 135 करोड़ रुपए वसूल कर चुका है। इसके खिलाफ कांग्रेस की याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हो सकती है। कांग्रेस लोकसभा चुनाव से पहले नकदी संकट से जूझ रही है, इस दौरान लगातार टैक्स नोटिस पार्टी के लिए बड़ा झटका साबित हुआ है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. IPL 2024: गुजरात ने हैदराबाद को 7 विकेट से मात दी; दिल्ली ने चेन्नई को 20 रन से हराया

1. डेविड मिलर ने सिक्स लगाकर गुजरात टाइटंस को जीत दिलाई। 2. ऋषभ पंत ने दिल्ली के लिए मैच विनिंग फिफ्टी लगाई।

1. डेविड मिलर ने सिक्स लगाकर गुजरात टाइटंस को जीत दिलाई। 2. ऋषभ पंत ने दिल्ली के लिए मैच विनिंग फिफ्टी लगाई।

IPL-2024 में बीते दिन दो मुकाबले खेले गए। सीजन के 12वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस (GT) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को 7 विकेट से हराया। वहीं 13वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 20 रन से हरा दिया।

GT vs SRH: सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 162 रन बनाए। गुजरात ने 163 रन का टारगेट 19.1 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया। साई सुदर्शन ने 36 बॉल पर 45 रन की पारी खेली, जबकि डेविड मिलर ने 27 बॉल पर नाबाद 44 रन बनाए। SRH की ओर से अभिषेक शर्मा और अब्दुल समद ने 29-29 रन बनाए। हेनरिक क्लासन ने 24 रन का योगदान दिया। मोहित शर्मा ने तीन विकेट झटके। इस सीजन ने GT की यह दूसरी जीत है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

DC vs CSK: दिल्ली ने 20 ओवर में 191 रन बनाए। 192 रन के टारगेट के सामने चेन्नई 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 171 रन ही बना सकी। चेन्नई से अजिंक्य रहाणे ने 30 बॉल पर 45 रन बनाए, जबकि एमएस धोनी ने 16 बॉल पर नाबाद 37 रन की पारी खेली। DC के लिए कप्तान ऋषभ पंत ने 32 बॉल पर 51 रन की पारी खेली। उन्होंने 4 चौके और 3 छक्के जमाए। डेविड वॉर्नर (52 रन) ने IPL करियर की 62वीं फिफ्टी जमाई। दिल्ली कैपिटल्स ने IPL के मौजूदा सीजन में पहली जीत हासिल की है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

4. मोदी बोले- कांग्रेस ने कच्चाथीवू द्वीप श्रीलंका को दिया, 75 साल से देश की अखंडता कमजोर कर रहे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने भारत के रामेश्वरम के पास मौजूद कच्चाथीवू द्वीप श्रीलंका को सौंप दिया था। हर भारतीय इससे नाराज है। कांग्रेस पिछले 75 साल से भारत की एकता और अखंडता को कमजोर करने का काम करती आ रही है।

किस आधार पर PM ने ये बात कही: PM ने कच्चाथीवू पर एक RTI रिपोर्ट का हवाला दिया। इसके मुताबिक, 1974 में इंदिरा गांधी सरकार ने यह द्वीप श्रीलंका को गिफ्ट किया था। इसके लिए 1974 में भारत की तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और श्रीलंका की राष्ट्रपति श्रीमावो भंडारनायके ने एक समझौता किया था।

285 एकड़ में फैला है कच्चाथीवू: 285 एकड़ में फैला कच्चाथीवू द्वीप बंगाल की खाड़ी और अरब सागर को जोड़ता है। ये द्वीप 14वीं शताब्दी में एक ज्वालामुखी विस्फोट के बाद बना था, जो रामेश्वरम से करीब 19 किलोमीटर और श्रीलंका के जाफना जिले से करीब 16 किलोमीटर की दूरी पर है। हर साल फरवरी में रामेश्वरम से हजारों लोग कच्चाथीवू द्वीप पर बने सेंट एंथनी चर्च में प्रार्थना करने के लिए जाते हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

5. चार राज्यों में बारिश- तूफान; पश्चिम बंगाल में 5 की मौत, असम एयरपोर्ट की छत गिरी

असम, पश्चिम बंगाल, मणिपुर और मिजोरम में अचानक आए तूफान और बारिश की वजह से भारी तबाही हुई है। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में 5 लोगों की मौत हो गई, 100 लोग घायल हैं। गुवाहाटी एयरपोर्ट की छत का एक हिस्सा गिर गया। यहां उड़ाने कुछ समय के लिए रोकनी पड़ी। मिजोरम के चम्फाई जिले में एक चर्च की इमारत ढह गई। मणिपुर के थौबल में कई घरों को नुकसान पहुंचा है।

ममता ने मुआवजे का ऐलान किया: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता ने पीड़ितों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है। ममता ने जलपाईगुड़ी और सिलीगुड़ी में प्रभावित इलाकों का दौरा किया। खराब मौसम की वजह से गुवाहाटी एयरपोर्ट पर लैंड करने वाली 6 फ्लाइट्स को अगरतला और कोलकाता डायवर्ट करना पड़ा।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

7. अमेरिकी पुल हादसा- 5 दिन से जहाज में फंसे भारतीय, मलबे के नीचे दबा है शिप

मैरीलैंड में हुए ब्रिज हादसे में 6 लोगों की मौत हुई थी।

मैरीलैंड में हुए ब्रिज हादसे में 6 लोगों की मौत हुई थी।

अमेरिकी शहर मैरीलैंड में बाल्टीमोर पोर्ट से रवाना हुआ एक जहाज 25 मार्च को ‘फ्रांसिस स्कॉट की’ ब्रिज से टकरा गया। इसमें 21 भारतीय क्रू सदस्यों समेत 2 पायलट मौजूद थे। हादसे के 5 दिन बाद भी ये 21 क्रू दाली जहाज में ही फंसे हुए हैं। जहाज के एक हिस्से पर पुल का मलबा पड़ा है। इसे हटाने में कितना समय लगेगा इसकी कोई जानकारी नहीं है। भारतीय क्रू जहाज पर रोजमर्रा की ड्यूटी निभा रहा है। उनका लक्ष्य इसे आने वाली यात्रा के लिए सही स्थिति में बनाए रखना है।

बाइडेन ने क्रू की तारीफ की थी: खतरे को देखते हुए क्रू ने पहले ही मैरीलैंड ट्रैफिक अथॉरिटी को अलर्ट भेज दिया था। इसके बाद पुल पर ट्रैफिक को रोक दिया गया, जिससे कई लोगों की जान बच गई। हादसे के बाद मैरीलैंड के गवर्नर और यहां तक कि अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन ने भी भारतीय क्रू की सराहना की थी।

जहाज का कुल वजन 95 हजार टन: 985 फीट लंबे इस जहाज पर 4700 कंटेनर मौजूद हैं। जहाज का कुल वजन 95 हजार टन है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, जहाज पर पर्याप्त मात्रा में खाना, पानी और ऊर्जा मौजूद है।
पूरी खबर यहां पढ़ें…

आज का कार्टून By इस्माइल लहरी…

कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…

  1. पॉलिटिक्स: ममता बोलीं- बंगाल का मतलब केवल तृणमूल कांग्रेस: भाजपा 400 पार का नारा दे रही, पहले 200 सीटें जीतकर दिखाएं (पढ़ें पूरी खबर)
  2. पॉलिटिक्स: गडकरी बोले- 370 सीटों का टारगेट दक्षिण पूरा करेगा: विपक्ष मजबूत या कमजोर, ये किसकी जिम्मेदारी, दो सीटों वाली BJP को किसी ने सहानुभूति नहीं दी (पढ़ें पूरी खबर)
  3. पॉलिटिक्स: UP में नया गठबंधन PDM, ओवैसी-पल्लवी ने मिलाया हाथ: औवेसी ने कहा-सिर्फ चुनाव तक नहीं रुकना, भास्कर के सवाल पर पल्लवी ने सुनाई दिनकर की कविता (पढ़ें पूरी खबर)
  4. क्राइम: विश्व भारती यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर पर यौन शोषण का आरोप: लड़कियों को मैसेज भेजे, लिखा- रात गुजारो तो एग्जाम पास करवा दूंगा (पढ़ें पूरी खबर)
  5. बिजनेस: जोमैटो को ₹23.26 करोड़ का GST नोटिस मिला: कर्नाटक के टैक्स डिपार्टमेंट ने की डिमांड, कंपनी का मार्केट कैप ₹1.58 लाख करोड़ (पढ़ें पूरी खबर)
  6. इंटरनेशनल: कंबोडिया में साइबर फ्रॉड बनाए गए 250 भारतीय देश लौटे: इनसे भारत में कराई थी 500 करोड़ की ठगी; ED अफसर बनकर फोन करते थे (पढ़ें पूरी खबर)
  7. इंटरनेशनल: पाकिस्तान में रेड कार्पेट वेलकम बैन: सिर्फ विदेशी महमानों के लिए बिछाया जाएगा; PM शाहबाज समेत कैबिनेट मंत्री सैलरी नहीं लेंगे (पढ़ें पूरी खबर)

अब खबर हटके…

अंतरिक्ष में छोड़ी गईं महिला की अस्थियां

इंग्लैंड के सेंट एल्बंस की रहने वाली एलिजाबेथ गार्सिया की अस्थियां अंतरिक्ष में छोड़ी गईं। घूमने-फिरने की शौकीन एलिजाबेथ का दिल की बीमारी के चलते 70 साल की उम्र में निधन हुआ था। निधन से पहले ही एलिजाबेथ ने ऑरा फ्लाइट्स नाम की कंपनी से बात की और अंतरिक्ष में अस्थियां छोड़ने की इच्छा जताई थी। उनकी राख को स्ट्रैटोस्फेरिक गुब्बारे से 1 लाख फीट की ऊंचाई पर भेजा गया। इसके साथ उनकी तस्वीर भी थी।

भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…

आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…