CBI डायरेक्टर ने 58 ब्रांच में से 51 विजिट की: चार्ज लेने के 108 दिनों में दौरा किया; ऐसा करने वाले एजेंसी के पहले डायरेक्टर बने

नई दिल्ली17 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
सूद ने 25 मई 2023 को जांच एजेंसी की कमान संभाली थी। इससे पहले, वो कर्नाटक के DGP का पदभार संभाल रहे थे। - Dainik Bhaskar

सूद ने 25 मई 2023 को जांच एजेंसी की कमान संभाली थी। इससे पहले, वो कर्नाटक के DGP का पदभार संभाल रहे थे।

CBI के नए डायरेक्टर प्रवीण सूद ने कार्यभार संभालने के 4 महीने (108 दिन) के अंदर देश भर में एजेंसी की 51 ब्रांच का दौरा किया है। इतने कम वक्त में इतनी ज्यादा ब्रांच विजिट करने वाले सूद पहले अधिकारी हैं। न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, 15 अक्टूबर तक वो बची हुईं 7 ब्रांच का भी दौरा कर लेंगे।

सूद ने 25 मई 2023 को जांच एजेंसी की कमान संभाली थी। इससे पहले, वो कर्नाटक के DGP का पदभार संभाल रहे थे। सूद हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा के रहने वाले हैं। वो 1986 में IPS बने थे, तब उनकी उम्र 22 साल की थी।

यह 25 मई 2023 की तस्वीर है। इसी दिन CBI डायरेक्टर प्रवीण सूद ने एजेंसी के निवर्तमान डायरेक्टर सुबोध जयसवाल से पदभार लिया था।

यह 25 मई 2023 की तस्वीर है। इसी दिन CBI डायरेक्टर प्रवीण सूद ने एजेंसी के निवर्तमान डायरेक्टर सुबोध जयसवाल से पदभार लिया था।

पदभार संभालने के तुरंत बाद दौरा शुरू किया था
रिपोर्ट के मुताबिक, सूद ने पदभार संभालने के तुरंत बाद अपने दौरे शुरू कर दिए थे। ऐसा उन्होंने जांच एजेंसी के काम को जमीनी स्तर पर समझने और स्टाफ की मानसिक स्थिति के बारे में जानने के लिए किया। जब भी वो किसी ब्रांच में जाते है तो वहां के स्टाफ से जरूर बात करते है। इससे उन्हें उनकी चिंताएं और विचार जानने का मौका मिलता है।

विजिट से नीतियां बनाने और प्रशासनिक सुधार लाने में मदद मिली
सूद ने बताया कि इन विजिट से उन्हें एजेंसी में अपने कार्यकाल के दौरान नीतियां बनाने और एजेंसी के अंदर प्रशासनिक सुधार लाने में मदद मिली है। इसके बाद उन्होंने एजेंसी को मजबूत करने के लिए कई लोगों के तबादले भी किए हैं।

केंद्र ने 14 मई को सूद का नियुक्ति पत्र जारी किया था
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के अगले दिन यानी 14 मई 2023 को राज्य के DGP प्रवीण सूद को CBI का नया डायरेक्टर नियुक्त किया गया था। केंद्र सरकार ने उनकी नियुक्ति का आदेश जारी किया था। सूद दो साल तक इस पद पर रहेंगे। वे मई 2024 में रिटायर हो रहे थे, लेकिन इस नियुक्ति के साथ ही उनका कार्यकाल मई 2025 तक बढ़ाया गया है।

न्यूज एजेंसी के सूत्रों के मुताबिक, 13 मई की शाम को PM मोदी, चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया डीवीई चंद्रचूड़ और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष अधीर रंजन चौधरी के बीच एक मीटिंग हुई थी। इसमें CBI डायरेक्टर के पद के लिए तीन IPS अधिकारियों का चयन किया गया था। PM मोदी और CJI डीवीई चंद्रचूड़ ने प्रवीण सूद के नाम पर मुहर लगाई थी।

प्रवीण के पिता सरकारी क्लर्क और माता सरकारी टीचर थीं

प्रवीण सूद 2020 में कर्नाटक के DGP बनाए गए थे। इस तस्वीर में वो अपनी पत्नी और बेटी आशिता के साथ नजर आ रहे हैं।

प्रवीण सूद 2020 में कर्नाटक के DGP बनाए गए थे। इस तस्वीर में वो अपनी पत्नी और बेटी आशिता के साथ नजर आ रहे हैं।

प्रवीण सूद के पिता ओम प्रकाश सूद दिल्ली सरकार में क्लर्क थे, जबकि मां कमलेश सूद दिल्ली के सरकारी स्कूल की टीचर थीं। सूद की स्कूलिंग दिल्ली के सरकारी स्कूल से हुई। इसके बाद उन्होंने IIT दिल्ली से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में ‌B Tech किया।

1986 में IPS बनने के बाद उन्हें कर्नाटक कैडर मिला। सर्विस के दौरान ही उन्होंने IIM बेंगलुरु से पब्लिक पुलिस मैनेजमेंट में MBA पूरा किया। पुलिस सर्विस के शुरुआती दौर में वे बेल्लारी और रायचुर में SP रहे। इसके अलावा बेंगलुरु और मैसूरु में वे DCP भी रहे।

सूद को 1996 में CM की ओर से गोल्ड मेडल मिल चुका है। इसके अलावा 2002 में पुलिस पदक और 2011 में विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति की तरफ से पुलिस पदक दिया गया था। जून 2020 में प्रवीण सूद कर्नाटक के DGP बनाए गए थे।

CBI डायरेक्टर का सिलेक्शन प्रोसेस
CBI डायरेक्टर के सिलेक्शन के लिए प्रधानमंत्री, सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस और लोकसभा में विपक्ष के नेता की मीटिंग में नाम फाइनल होता है। इसके बाद गृह मंत्रालय से निर्देश मिलने के बाद डिपार्टमेंट ऑफ पर्सनल एंड ट्रेनिंग (DOPT) आदेश जारी करता है।

CBI से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…

PM ने CBI से कहा-कोई भ्रष्टाचारी बचना नहीं चाहिए, जिन पर एक्शन ले रहे, वे बेहद ताकतवर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी साल 3 अप्रैल को CBI की स्थापना के 60 साल पूरे होने के डायमंड जुबली प्रोग्राम में शामिल हुए थे। प्रधानमंत्री ने अपने 25 मिनट के संबोधन में CBI के 6 दशक के सफर और आगे आने वाली चुनौतियों को लेकर बात की थी। उन्होंने CBI से कहा था, ‘आपको कहीं पर भी रुकने की जरूरत नहीं है। मैं जानता हूं आप जिनके खिलाफ एक्शन ले रहे हैं वे बेहद ताकतवर लोग हैं, बरसों तक वे सरकार और सिस्टम का हिस्सा रहे हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…

खबरें और भी हैं…