दिल्ली-हिमाचल समेत 10 राज्यों में ओले गिरने का अलर्ट: MP-छत्तीसगढ़ में तेज बारिश हो सकती है; दिल्ली में पारा 6°C तक गिरने की आशंका

  • Hindi News
  • National
  • IMD Weather Rainfall Alert Update; Madhya Pradesh Rajasthan | CG Maharashtra Kerala Bhopal Betul

नई दिल्ली3 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

देश में गर्मी के मौसम के बीच बारिश और आंधी-तूफान का सिलसिला जारी है। 12 अप्रैल की शाम और देर रात मध्य प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश हुई। कई इलाकों में ओले भी गिरे। मौसम की यह स्थिति 13 अप्रैल को भी बने रहने की आशंका है।

वेटर एजेंसी स्काईमेट के मुताबिक, 13 अप्रैल को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र के कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। 30-50 किमी की स्पीड से हवा भी चल सकती है। वहीं, बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, अंडमान और निकोबार में गरज के साथ बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, नई दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र में ओले गिरने का अलर्ट है। 13 से 14 अप्रैल के बीच उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में तेज हवाएं और बारिश की संभावना है।

वहीं, 15 अप्रैल तक राजस्थान में गरज, धूल भरी आंधी और बिजली गिरने के साथ बारिश हो सकती है। तेलंगाना, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में भी 15 अप्रैल तक गरज के साथ बारिश होने की संभावना है।

दिल्ली में तापमान 39.4°C पर पहुंचा, अब गिरेगा पारा
दिल्ली में शुक्रवार का तापमान 39.4°C रिकॉर्ड किया गया। 11 अप्रैल को तापमान 39.1° सेल्सियस था। रीजनल वेदर फोरकास्टिंग सेंटर के कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस बनने के कारण आने वाले दो दिनों में दिल्ली के तापमान नें 5-6 डिग्री सेल्सियस की कमी आएगी। आसमान में बादल छाएंगे और बारिश भी होगी। 14 अप्रैल तक इस डिस्टरबेंस का असर रहेगा।

IMD ने भविष्यवाणी की है कि 14 अप्रैल तक आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में बिजली गिरने के साथ-साथ तेज तूफान आ सकता है। तटीय इलाके यनम और रायलसीमा में तेज हवा चलेगी। कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। कुछ में मौसम गर्म बना रहेगा।

भोपाल में अप्रैल में बारिश का रिकॉर्ड टूटा
राजधानी में शुक्रवार को जैसे ही अंधेरा घिरा, लोगों को भी बारिश ने घेर लिया। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन रात 9:30 बजे के बाद करीब आधा घंटे तक तेज बारिश हुई। इस दौरान जमकर बिजली कड़की और 70 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं भी चली। इस दौरान अप्रैल की बारिश के सभी रिकॉर्ड टूट गए। 150 साल में पहली बार ऐसा हुआ जब​ अप्रैल में दो इंच से अधिक बारिश हुई। इस बार तो 12 दिन में यह आंकड़ा पार हो गया।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. जीडी मिश्रा के मुताबिक, भोपाल में विमानतल पर मौसम विभाग की ऑब्जर्वेटरी की स्थापना के 150 साल हो चुके हैं। 1994 में अप्रैल में सर्वाधिक 40.7 मिमी बारिश हुई थी। मौसम केंद्र के सीनियर साइंटिस्ट डॉ. वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि अलग-अलग मौसमी सिस्टम के कारण भोपाल में बादल बन गए थे। शुक्रवार रात आधा घंटे तक तेज बारिश हुई। इस दौरान 70 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं भी चली। रायसेन समेत कई जिलों में ओले भी गिरे। दिन में तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री कम रहा। पारा 34 डिग्री दर्ज किया गया।